एडवांस रोटावेटर
खेती-किसानी को आधुनिक और आसान बनाने के लिए मशहूर कंपनी न्यू हॉलैंडने भारत में अपने दो नए रोटावेटर— HD (हैवी ड्यूटी) और XHD (एक्स्ट्रा हैवी ड्यूटी) सीरीज बाजार में उतारे हैं. यह लॉन्चिंग दिल्ली के पास ग्रेटर नोएडा में CNH इंडिया के प्रेसिडेंट और मैनेजिंग डायरेक्टर मिस्टर नरिंदर मित्तल और कंपनी की लीडरशिप टीम की मौजूदगी में की गई। कंपनी का कहना है कि ये नए रोटावेटर देश के अलग-अलग राज्यों के मौसम और हर तरह की मिट्टी के हिसाब से तैयार किए गए हैं. खास बात यह है कि इन रोटावेटरों को न्यू हॉलैंड के पुणे प्लांट में बनाया गया है, जो पूरी दुनिया के मानकों पर खरा उतरता है. इसका सीधा मतलब यह है कि भारतीय किसानों को अब बहुत ही मजबूत, टिकाऊ और अंतरराष्ट्रीय स्तर की मशीन मिलने वाली है, जिससे वे अपने खेतों को कम समय में और बेहतर तरीके से तैयार कर सकेंगे.
कंपनी का कहना है तकनीक और काम के मामले में ये रोटावेटर काफी एडवांस हैं. कंपनी ने इन्हें इस तरह डिजाइन किया है कि इनका रोटर मिट्टी में गहराई तक जाकर जुताई करता है, जिससे मिट्टी भुरभुरी और उपजाऊ बनती है. अच्छी जुताई होने से बीज और मिट्टी का संपर्क बढ़िया होता है, जिससे फसल की पैदावार अच्छी होती है. इसके अलावा, इसमें एक भारी और मजबूत 'मल्टी-स्पीड गियरबॉक्स' दिया गया है. इसका फायदा यह है कि किसान अपनी जमीन और मिट्टी के हिसाब से रोटावेटर की स्पीड को बदल सकते हैं. इससे समय की तो बचत होती ही है, साथ ही ट्रैक्टर पर ज्यादा लोड नहीं पड़ता और डीजल की भी भारी बचत होती है. यानी किसान कम खर्चे में अपने खेत को बुवाई के लिए एकदम परफेक्ट बना सकते हैं.
अक्सर देखा जाता है कि पानी और कीचड़ में लगातार काम करने से खेती के उपकरण जल्दी खराब हो जाते हैं या उनमें जंग लग जाता है. इस समस्या से निपटने के लिए न्यू हॉलैंड ने इन रोटावेटरों में खास 'मेटल ट्विन-फेस्ड' (MTF) सील लगाई है, जो रोटावेटर के हब (मेन हिस्से) के अंदर पानी और कीचड़ को बिल्कुल भी नहीं जाने देती. इसके साथ ही, मशीन की बॉडी पर 'DTM पेंट टेक्नोलॉजी' का इस्तेमाल किया गया है. यह खास पेंट रोटावेटर को जंग लगने से बचाता है और धूप-पानी में भी इसका लोहा सालों-साल सुरक्षित रहता है. इस मजबूत बनावट के कारण किसानों को बार-बार मरम्मत के खर्चे से मुक्ति मिलेगी और यह मशीन बिना किसी रुकावट के लंबे समय तक उनका साथ निभाएगी.
न्यू हॉलैंड के डायरेक्टर मार्केटिंग (AG) तरुण खन्ना ने इस मौके पर कहा कि आज के समय में भारतीय किसानों के लिए मशीनीकरण बहुत जरूरी हो गया है, क्योंकि इससे खेती की लागत घटती है और मुनाफा बढ़ता है. दिल्ली में नेशनल लेवल पर इस मशीन को दिखाने के बाद, कंपनी अब इसे देश के अलग-अलग राज्यों के डीलरों के पास भेजने जा रही है. डीलर लेवल पर होने वाले इन प्रोग्राम्स के जरिए किसान खुद इस मशीन को नजदीक से देख सकेंगे और इसकी खूबियों को समझ सकेंगे. पिछले 125 सालों से पूरी दुनिया में किसानों का भरोसा जीतने वाली न्यू हॉलैंड कंपनी इस नए रोटावेटर रेंज के साथ भारत के हर किसान तक आधुनिक और किफायती खेती के साधन पहुंचाने के अपने वादे को और मजबूत कर रही है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today