महिंद्रा ट्रैक्टर की बिक्री में जबरदस्त उछालखरीफ सीजन की शुरुआत और खेती-किसानी की बढ़ती तैयारियों के बीच देश में ट्रैक्टरों की मांग में तेजी देखने को मिल रही है. इसका असर ट्रैक्टर बिक्री के आंकड़ों में भी साफ नजर आया है. महिंद्रा एंड महिंद्रा के फार्म इक्विपमेंट बिजनेस (FEB) ने जून 2026 में घरेलू बाजार में 58,177 ट्रैक्टर बेचे हैं. यह पिछले साल जून 2025 के मुकाबले 12 प्रतिशत अधिक है. पिछले वर्ष इसी महीने कंपनी ने 51,769 ट्रैक्टरों की बिक्री की थी.
कंपनी के जारी आंकड़ों के अनुसार, जून 2026 में घरेलू और निर्यात बाजार को मिलाकर कुल 59,935 ट्रैक्टरों की बिक्री हुई. पिछले साल जून में यह संख्या 53,392 थी. इस तरह कुल बिक्री में भी 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. वहीं, कंपनी ने जून महीने में 1,758 ट्रैक्टर विदेशों में भी निर्यात किए, जो पिछले साल की तुलना में 8 प्रतिशत अधिक हैं.
जानकारों का मानना है कि खरीफ सीजन की शुरुआत, कई राज्यों में मॉनसून की सक्रियता और किसानों को मिल रही सरकारी सहायता के कारण ट्रैक्टरों की मांग बढ़ी है. खेती के लिए आधुनिक मशीनों का उपयोग लगातार बढ़ रहा है, जिससे किसान नए ट्रैक्टर खरीदने में रुचि दिखा रहे हैं.
महिंद्रा एंड महिंद्रा के फार्म इक्विपमेंट बिजनेस के अध्यक्ष वीजय नाकरा ने कहा कि हालांकि इस बार अल नीनो की स्थिति पर नजर रखी जा रही है, लेकिन सरकार की ओर से खाद पर दी जा रही सब्सिडी और किसानों के लिए चलाई जा रही सहायता योजनाएं खरीफ फसलों पर इसके असर को काफी हद तक कम कर सकती हैं. उन्होंने बताया कि कंपनी का निर्यात कारोबार भी लगातार मजबूत हो रहा है.
अप्रैल से जून 2026 के दौरान कंपनी ने घरेलू बाजार में 1,52,426 ट्रैक्टरों की बिक्री की, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 1,29,199 थी. यानी घरेलू बिक्री में 18 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. इसी अवधि में कंपनी की कुल ट्रैक्टर बिक्री बढ़कर 1,58,041 इकाई हो गई, जो पिछले साल के मुकाबले 18 प्रतिशत ज्यादा है. वहीं, निर्यात भी 15 प्रतिशत बढ़कर 5,615 ट्रैक्टर तक पहुंच गया.
विशेषज्ञों का कहना है कि खेती में आधुनिक मशीनों के बढ़ते इस्तेमाल, अच्छी बारिश की उम्मीद और सरकारी योजनाओं के कारण किसानों का ट्रैक्टर खरीदने का रुझान लगातार बढ़ रहा है. इससे आने वाले महीनों में भी ट्रैक्टर बाजार में अच्छी मांग बने रहने की संभावना है.
ये भी पढ़ें:
बिहार के मत्स्य क्षेत्र में बड़ी छलांग, ICAR–कॉफेड समझौते से बढ़ेगा उत्पादन और किसानों की आय
जमीन अधिग्रहण: संभाजीनगर में किसानों ने कलेक्टर के सामने रखी ये मांगें, इंडस्ट्रियल एरिया का होना है विस्तार
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today