गेहूं की कटाई के लिए लें इन क्रिसी यंत्रों का सहारागेहूं रबी फसलों में उगाई जाने वाली प्रमुख फसलों में से एक है. किसान बड़े पैमाने पर गेहूं की खेती करते हैं. गेहूं की खेती किसानों के लिए हमेशा से फायदे का सौदा रही है. खाद्य सुरक्षा की दृष्टि से भी गेहूं एक बहुत ही महत्वपूर्ण अनाज है. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के मुताबिक कृषि वर्ष 2022-23 के लिए प्रमुख फसलों के उत्पादन का दूसरा अग्रिम अनुमान जारी कर दिया गया है. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि चालू कृषि वर्ष में खाद्यान्न का उत्पादन 3235.54 लाख टन रहने का अनुमान है. जिससे किसानों में खुशी का माहौल है.
देश में गेहूं का उत्पादन (रिकॉर्ड) 1121.82 लाख टन होने का अनुमान है, जो पिछले साल के उत्पादन से 44.40 लाख टन अधिक है. ऐसे में किसान अब समय से गेहूं की कटाई को लेकर चिंतित हैं. ऐसे में आज हम किसानों के लिए एक ऐसा यंत्र लेकर आए हैं, जिसकी मदद से किसान आसानी से कम समय में गेहूं की कटाई कर सकते हैं.
आज से कुछ समय पहले तक किसान परंपरागत रूप से, फसलों की बुवाई और कटाई करते थे. जिस वजह से किसानों का समय और पैसा दोनों अधिक लगता था. फसलों की कटाई के लिए किसान हासिया का इस्तेमाल करते थे. लेकिन अब समय के साथ हर चीज़ में बदलाव देखा गया है. किसान अब फसलों की बुवाई से लेकर कटाई तक में कृषि यंत्रों का इस्तेमाल करते हैं. जिससे समय के साथ श्रम और धन की भी बचत होती है. तो आइए जानते हैं गेहूं की फसलों की कटाई में इस्तेमाल होने वाले कृषि यंत्रों के बारे में.
ये भी पढ़ें: खेती के कामों को आसान बनाएंगे ये 3 कृषि यंत्र, जानें इनकी खासियत
ट्रैक्टर से चलने वाली रीपर बाइंडर मशीन गेहूं की कटाई और थ्रेशिंग के लिए बहुत फायदेमंद है. इस मशीन से गेहूं की कटाई के साथ उसका बंडल भी बनाया जाता है. इतना ही नहीं गेहूं को ट्रांसमिशन सिस्टम द्वारा उन्हें एक तरफ गिरा दिया जाता है ताकि बाद में गेहूं को ले जाने में कोई समस्या ना हो. इस मशीन से कटाई और बांधने का काम बड़ी ही आसानी से हो जाता है और किसानों का समय भी बचता है. जिस वजह से किसानों के बीच इस मशीन की लोकप्रियता तेजी से बढ़ती जा अरही है. अगर आप भी गेहूं की कटाई को लेकर चिंतित हैं तो इस कृषि यंत्र का इस्तेमाल कर सकते हैं.
स्वचालित वर्टिकल कन्वेयर रीपर मशीन छोटे और मध्यम वर्गीय किसानों के लिए गेहूं की कटाई के लिए उपयोगी मशीन है. इसमें फ्रंट में कटर बार और रियर में ट्रांसमिशन सिस्टम होता है. यह रीपर मशीन 5 हार्स पावर के डीजल इंजन से लैस है, जो इसके पहियों और कटर बार को ताकत देने का काम करता है. गेहूं की कटाई के लिए किसान को इस मशीन के कटर बार को सामने रखकर उसके हैंडल से पकड़कर मशीन को पीछे से चलाना पड़ता है. कटर बार गेहूं के पौधे को काट देता है और ट्रांसमिशन सिस्टम की मदद से पौधे को एक लाइन में फैला दिया जाता है. इसके बाद मजदूरों द्वारा इन्हें एकत्र किया जाता है.
कंबाइन हार्वेस्टर मशीन का प्रयोग बड़े किसानों के लिए अत्यधिक उपयोगी है. इस मशीन की मदद से गेहूं की कटाई के साथ-साथ छिलका उतारने का काम भी होता है और हमें साफ अनाज मिलता है. बाजार में दो तरह की कंबाइन हार्वेस्टर मशीनें उपलब्ध हैं. पहला ऑटोमेटिक और दूसरा ट्रैक्टर चालित. ये दोनों कंबाइन हार्वेस्टर मशीनें किसानों के लिए बहुत उपयोगी हैं. इन कंबाइन हारवेस्टर मशीनों में आगे की तरफ 2 से 6 मीटर लंबा कटर बार लगा होता है. कटर बार के सामने लगे ब्लेड से फसल को काटते हैं. कंबाइन हार्वेस्टर मशीन स्टोन ट्रैप यूनिट से लैस है, जो फसल के साथ आने वाले कंकड़, मिट्टी आदि को फसल से अलग करती है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today