जूनागढ़ में केसर आम की धूम: अच्छे दाम से खुश किसान, 500–1250 रुपये तक मिल रही कीमत

जूनागढ़ में केसर आम की धूम: अच्छे दाम से खुश किसान, 500–1250 रुपये तक मिल रही कीमत

गुजरात के जूनागढ़ में केसर आम की आवक बढ़ने से बाजार में रौनक है. 10 किलो बॉक्स 500 से 1250 रुपये तक बिक रहा है. अच्छे दाम मिलने से किसान खुश हैं, जबकि उपभोक्ताओं को इस बार ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है.

Advertisement
जूनागढ़ में केसर आम की धूम: अच्छे दाम से खुश किसान, 500–1250 रुपये तक मिल रही कीमतजूनागढ़ में केसर की बिक्री में तेजी

गुजरात के जूनागढ़ जिले में आम (केरी) का सीजन अब जोर पकड़ रहा है और फल बाजारों में इसकी आवक लगातार बढ़ रही है. जूनागढ़ मार्केटिंग यार्ड में इस समय रोजाना करीब 7 हजार से 10 हजार बॉक्स आम पहुंच रहे हैं, जिससे बाजार में अच्छी खासी रौनक देखने को मिल रही है.

केसर आम के किसान मौजूदा दाम से खुश हैं. वे मंडी में खुशी-खुशी अपना आम बेचने आ रहे हैं. केसर उगाने वाले किसान शांति भाई ने बताया कि इस साल अच्छे दाम मिल रहे हैं. किसान वाघाभाई ने कहा कि उनके लिए इस साल का सीजन उम्मीदों भरा साबित हो रहा है. हालांकि शुरुआत में मौसम की मार के कारण लगभग 20 प्रतिशत तक नुकसान हुआ है पर फसल के दाम अच्छे मिल रहे हैं और लंबा सीजन चलने वाला है. किसानों का कहना है कि कुल मिलाकर आम की फसल अच्छी रही है ओर अच्छी आमदनी भी होगी.

कीमतों में बनी रहेगी मजबूती

इस बारे में बताते हुए फल मंडी बाजार के व्यापारी आद्रे मान पंजा और करण अछड़ा ने कहा कि बाजार में इस समय 10 किलो आम के दाम 500 से लेकर 1200 रुपये तक मिल रहे हैं. क्वालिटी और किस्म के अनुसार कीमतों में अंतर देखा जा रहा है. व्यापारियों के मुताबिक मांग अच्छी होने के कारण कीमतों में मजबूती बनी रहने की संभावना है.

व्यापारी ने कहा कि इस साल आम का सीजन सामान्य से 15 से 20 दिन ज्यादा लंबा चलने की उम्मीद है. अभी करीब एक हफ्ते बाद सीजन पूरी तरह से रफ्तार पकड़ेगा, जिसके बाद आवक और बढ़ सकती है.

हालांकि उपभोक्ताओं को इस बार आम के लिए ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है. कम उत्पादन और ज्यादा मांग के चलते दाम ऊंचे बने रहने की संभावना है. कुल मिलाकर, यह सीजन किसानों के लिए फायदेमंद साबित हो रहा है, जबकि आम का स्वाद लेने के लिए ग्राहकों को थोड़ा ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है.

बाग अच्छा, आवक भी अधिक

मार्केट यार्ड के व्यापारी ने कहा कि इस बार आम का बाग अच्छा है. इस बार मौसम ने दो बार कहर बरपाया, दोनों बार ज्यादा बारिश हुई. इसके बावजूद उत्पादन अच्छा रहेगा. खराब मौसम की वजह से आम का 20% नुकसान हुआ है, फिर भी आम का स्वाद और भाव अच्छा है. इस बार केसर के सभी कद्रदानों को आम खाने को मिलेगा, इसकी कमी नहीं होगी.

व्यापारी करण आछड़ा ने कहा कि इस साल की बात करें तो सर्वे के हिसाब से मार्केट में केसर की अच्छी मांग है. केसर आम इस साल थोड़ा ज्यादा ही है और पूरी सप्लाई आने में अभी दो चार दिन लगेंगे. पांच से सात दिनों में और केसर की और आवक आएगी. मंडियों में और माल की आवक होगी. रेट में कुछ उतार-चढ़ाव हो सकता है. 500 रुपये का उतार-चढ़ाव होगा.

20-25 दिन अधिक चलेगा सीजन

केसर आम हर साल के हिसाब से इस साल 20-25 दिन ज्यादा ही चलेगा और आम के रसिकों को ज्यादा आम खाने को मिलेगा. गुरुवार को जूनागढ़ मंडी में 10 से 12 हजार बॉक्स की आवक हुई है. सब मंडी, सब आढ़तियों की मिलाकर 10 से 12 हजार बॉक्स की आवक हुई है 10 किलो बॉक्स का न्यूनतम दाम 500 रुपये और अधिकतम 1250 रुपये है. 

कोडीनार के किसान वाघाभाई ने कहा, “मैं सांगनवा गांव से आया हूं. इस साल आम के अच्छे दाम मिल रहे हैं. आज मैं 91 बॉक्स लेकर आया था, जिनका दाम 1050 से 1200 रुपये प्रति बॉक्स मिला. मैं रोज करीब 100 बॉक्स लेकर आता हूं. मैंने दो बाग इजारे (ठेके) पर भी लिए हैं. इस साल सीज़न देर से शुरू हुआ है, लेकिन यह लंबे समय तक चलने की उम्मीद है.”

उम्मीद से अधिक दाम

तलाला के किसान शांति भाई ने कहा, “मैं भीमडेवाड़ा गांव से आया हूं. मेरी 10 बीघा जमीन में आम की फसल है और आज मैं वही फसल बेचने आया हूं. इस साल दाम अच्छे मिल रहे हैं. आज 113 बॉक्स लेकर आया हूं. मुझे 800 से 900 रुपये प्रति बॉक्स मिलने की उम्मीद थी, लेकिन बिक्री के दौरान मुझे 1100 रुपये प्रति बॉक्स का भाव मिला.”

POST A COMMENT