आंध्र में तंबाकू खरीद को लेकर सख्त हुए सीएम नायडू, कंपनियों को दिए तुरंत खरीद के निर्देश

आंध्र में तंबाकू खरीद को लेकर सख्त हुए सीएम नायडू, कंपनियों को दिए तुरंत खरीद के निर्देश

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने तंबाकू खरीद में हो रही देरी पर सख्त रुख अपनाया है. उन्होंने कंपनियों को तुरंत खरीद शुरू करने, किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) दिलाने और नीलामी प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसानों को उचित दाम मिल सके.

Advertisement
आंध्र में तंबाकू खरीद को लेकर सख्त हुए सीएम नायडू, कंपनियों को दिए तुरंत खरीद के निर्देशमुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने तंबाकू किसानों की समस्याओं को देखते हुए तंबाकू कंपनियों को तुरंत खरीद शुरू करने और नीलामी प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने साफ कहा कि किसानों का भरोसा बनाए रखने के लिए सभी कंपनियों को सक्रिय रूप से खरीद करनी होगी. मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि किसानों की पूरी उपज राज्य सरकार द्वारा तय न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी MSP पर खरीदी जाए और तंबाकू का दाम 200 रुपये प्रति किलोग्राम से कम नहीं होना चाहिए.

तंबाकू बोर्ड के कामकाज पर नाराजगी

बुधवार को सचिवालय में तंबाकू खरीद की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री नायडू ने अधिकारियों, तंबाकू बोर्ड और व्यापारियों के साथ स्थिति पर चर्चा की. इस दौरान उन्होंने तंबाकू बोर्ड के कामकाज पर नाराजगी जताई. उन्होंने सवाल उठाया कि जब पड़ोसी राज्य कर्नाटक में खरीद सामान्य तरीके से हो रही है, तो आंध्र प्रदेश में व्यापारियों ने खरीद की रफ्तार क्यों धीमी कर दी है. CM नायडू ने कंपनियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों को समय पर उचित दाम नहीं मिला, तो वे भविष्य में दूसरी फसलों की खेती करने के लिए मजबूर हो जाएंगे. उन्होंने कहा कि किसानों का विश्वास बनाए रखना कंपनियों की जिम्मेदारी है और खरीद में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

CM ने की तंबाकू खरीद की समीक्षा

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने 28 तंबाकू कंपनियों द्वारा खरीद के लिए किए गए वादों और अब तक की वास्तविक खरीद की भी समीक्षा की. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन कंपनियों ने खरीद के लिए मांग तो दी, लेकिन उसके अनुरूप खरीद नहीं की, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. नायडू ने खास तौर पर आईटीसी लिमिटेड (ITC Limited), गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया लिमिटेड (Godfrey Phillips India Limited) और वीएसटी इंडस्ट्रीज (VST Industries) की धीमी खरीद पर नाराजगी जताई. अधिकारियों के मुताबिक इन तीनों कंपनियों ने मिलकर 95.5 मिलियन किलोग्राम तंबाकू खरीदने की मांग की थी, लेकिन अब तक केवल 17.6 मिलियन किलोग्राम की ही खरीद की गई है.

आगे भी जारी रहेगी खरीद प्रक्रिया

वहीं, व्यापारिक कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अपनी सफाई में कहा कि इस बार तंबाकू का उत्पादन बाजार की मांग से काफी अधिक हो गया है. उन्होंने बताया कि कंपनियां अपनी वास्तविक जरूरत से ज्यादा खरीद पहले ही कर चुकी हैं. इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय बाजार में निर्यात घटने से भी खरीद प्रभावित हुई है. हालांकि उन्होंने भरोसा दिलाया कि खरीद प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी.

CM ने किसानों को राहत देने के दिए निर्देश

अधिकारियों ने बैठक में बताया कि तंबाकू के लिए खुले बाजार की कमी भी मौजूदा संकट की बड़ी वजह है. इस बार कंपनियों ने 142 मिलियन किलोग्राम तंबाकू की मांग की थी, जबकि किसानों ने करीब 232 मिलियन किलोग्राम उत्पादन किया. उत्पादन अधिक होने के कारण बाजार में आपूर्ति बढ़ गई, जिससे कीमतों में गिरावट आई और खरीद की गति भी धीमी पड़ गई. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और कंपनियों से मिलकर जल्द समाधान निकालने और किसानों को राहत देने के निर्देश दिए. (PTI)

POST A COMMENT