दलहन–तिलहन किसानों के लिए खुशखबरीकिसानों को उनकी फसल का उचित और लाभकारी दाम दिलाने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. दरअसल, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आंध्र प्रदेश में रबी 2026 सीजन के लिए दलहन और तिलहन फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी MSP पर बड़े पैमाने पर खरीद को मंजूरी दी है. इस फैसले का सीधा फायदा किसानों को मिलेगा, क्योंकि अब उनकी उपज सरकार द्वारा तय किए गए MSP पर खरीदी जाएगी, जिससे उन्हें नुकसान नहीं होगा और उनकी आमदनी सुरक्षित रहेगी. ये कदम किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभ का सौदा बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आंध्र प्रदेश सरकार के प्रस्ताव को स्वीकृति दी है, जिसके तहत रबी 2026 सीजन के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर 94,500 मीट्रिक टन चना, 3,000 मीट्रिक टन तुअर, 15,250 मीट्रिक टन मूंग, 3,54,000 मीट्रिक टन उड़द और 39,000 मीट्रिक टन मूंगफली की खरीद की जाएगी.
यह खरीद मूल्य समर्थन योजना (पीएसएस) के तहत की जाएगी. इन स्वीकृत खरीदों का कुल एमएसपी मूल्य 3,700 करोड़ रुपये से अधिक होगा. वहीं, केंद्र सरकार के इस निर्णय से आंध्र प्रदेश के किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य प्राप्त करने में मदद मिलेगी और उन्हें अपनी फसल को कम दाम पर बेचने की मजबूरी से राहत मिलेगी.
मूल्य समर्थन योजना के अंतर्गत केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की यह पहल दलहन और तिलहन उत्पादक किसानों की आय में स्थिरता लाने और कृषि क्षेत्र को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
कृषि विभाग के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, इस बार आंध्र प्रदेश में रबी फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र 17.05 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा है, जो सामान्य औसत क्षेत्रफल 20.69 लाख हेक्टेयर का 82 प्रतिशत है. लेकिन पिछले साल की तुलना में बुवाई क्षेत्र कुछ आगे निकल गया है. मौजूदा रबी सीजन की बुवाई बढ़ने की वजह ये हैं कि किसानों द्वारा धान के बजाए दलहनों की खेती को प्राथमिकता दी गई है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today