Stubble Burning: पंजाब में पराली जलाने की घटनाएं बढ़ीं, 300 पार पहुंचा AQI, 'जहरीली' हुई हवा

Stubble Burning: पंजाब में पराली जलाने की घटनाएं बढ़ीं, 300 पार पहुंचा AQI, 'जहरीली' हुई हवा

पंजाब में पराली जलाने घटनाएं थम नहीं रही हैं. शनिवार और रविवार को फिर बड़ी संख्‍या में किसानों ने पराली जलाई, जिसकी वजह से स्‍थानीय स्‍तर पर प्रदूषण काफी बढ़ गया. यहां एक्‍यूआई 300 पार पहुंच चुका है. पराली जलाने के मामले में अमृतसर सबसे आगे है.

Advertisement
पंजाब में पराली जलाने की घटनाएं बढ़ीं, 300 पार पहुंचा AQI, 'जहरीली' हुई हवापराली जलाने से पंजाब में बढ़ा प्रदूषण. (सांकेतिक तस्‍वीर)

देश में पराली का निपटान एक बड़ी समस्‍या बन चुका है. खेती की लागत बढ़ाने से बचने के लिए किसान पराली में आग लगा देते हैं. रव‍िवार को पंजाब में पराली जलाने की 138 घटनाएं सामने आईं हैं, जबकि‍ इसके पहले शनिवार को धान पराली जलाने की 108 घटनाएं दर्ज की गई थीं, जिसके चलते पंजाब में वायु प्रदूषण का स्‍तर बहुत बढ़ गया है. अमृतसर में एयर क्‍वालिटी इंडेक्‍स (AQI) 317 पर पहुंच गया है, 'खराब' हवा की श्रेणी में आता है.

इन शहरों में भी बढ़ा AQI

लंबे समय तक ऐसी हवा में सांस लेने पर आंखो में जलन, खांसी जैसी समस्‍याएं हो सकती हैं. यह बच्‍चों और बूढ़ों के लिए बेहद खतरनाकर है. इसके अलावा मंडी गोबिंदगढ़ में 216, पटियाला में 203, जालंधर में 161, लुधियाना में 153, रूपनगर में 151 और खन्ना में 135 एक्यूआई दर्ज किया गया. हालांकि, बठिंडा में एक्‍यूआई कम (89) दर्ज किया गया. पॉल्‍यूशन कंट्रोल बोर्ड ने प्रदेशभर के नोडल और पर्यवेक्षी अधिकारियों को 397 कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं. 

ये भी पढ़ें - पराली जलाने के चौंकाने वाले आंकड़े, पंजाब और हरियाणा को पीछे छोड़ आगे निकला मध्य प्रदेश

पराली जलाने में अमृतसर सबसे आगे

'दि ट्रिब्‍यून' की रिपोर्ट के मुताबिक, फिरोजपुर जिले में पराली जलाने की सबसे ज्‍यादा 32 घटनाएं दर्ज की गईं , उसके बाद संगरूर में 18 जगहों पर पराली जलाई गई. फतेहगढ़ साहिब में 17 पराली जलाने की घटनाएं सामने आईं. वहीं, पटियाला में 14 और तरनतारन में 13 पराली जलाने के मामले सामने आए.

इस सीजन पराली जलाने के मामले में अमृतसर 476 घटनाओं के साथ पूरे राज्य में टॉप पर है. लिस्‍ट में तरनतारन 375 घटनाओं के साथ दूसरे नंबर पर है तो वहीं, पटियाला 250 घटनाओं के साथ तीसरे नंबर पर है. संगरूर और फिरोजपुर में अब तक पराली जलाने की 182 और 208 घटनाएं दर्ज की गई हैं.

18 दिन में पराली के 86 प्रतिशत मामले

राज्‍यभर में पराली जलाने पर किसानों के खिलाफ 1,342 एफआईआर, 553 रेड एंट्री और 15.25 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. जुर्माने में से 13.47 लाख रुपये वसूल किए जा चुके हैं. इस सीजन यानी 15 सितंबर से अब तक दर्ज की गई 1,995 पराली जलाने की घटनाओं में से 1,734 (86 प्रतिशत) घटनाएं पिछले 18 दिनों में दर्ज की गईं हैं.

बता दें कि लगातार जलाई जा रही पराली से दिल्‍ली में प्रदूषण का स्‍तर खतरनाक स्‍तर पर पहुंच रहा है. रविवार को यहां 250 से लेकर 400 के पार AQI पहुंच गया था. आज सोमवार को भी दिल्‍ली के कई इलाकों में 350 के पार AQI दर्ज किया गया है. इसके पहले 23 अक्‍टूबर को सुप्रीम कोर्ट ने पराली जलाने की घटनाओं पर राज्‍य सरकार के एक्‍शन को नाकाफी बताते हुए ऐतराज़ जताया था. 

POST A COMMENT