अंडा पाउडरभारत के कृषि और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है. दरअसल, ओडिशा के बालांगीर से पहली बार सूखे साबुत अंडे के पाउडर की व्यावसायिक खेप ऑस्ट्रिया भेजी गई है. कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) की मदद से हुए इस निर्यात ने भारतीय पोल्ट्री उत्पादों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई संभावनाओं के रास्ते खोल दिए हैं. यह खेप APEDA से रजिस्टर्ड कंपनी OVO Farm Private Limited द्वारा भेजी गई है, जो भारत के बेहतर क्वालिटी वाले कृषि उत्पादों की बढ़ती मांग को दिखाता है.
ओडिशा के बालांगीर में कंपनी ने वर्ष 2025 में एक आधुनिक अंडा यूनिट तैयार की थी. यह यूनिट अंतरराष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार, सूखे अंडे के उत्पाद तैयार करती है. यहां तैयार होने वाले उत्पाद यूरोपीय संघ की स्वच्छता आवश्यकताओं और अन्य वैश्विक क्वालिटी मानकों को पूरा करते हैं. यह यूनिट एफएसएससी 22000 वर्जन 6 के तहत प्रमाणित है. इसके अलावा इसे हलाल और कोषेर प्रमाणपत्र भी प्राप्त हैं. इससे भारतीय उत्पादों की वैश्विक बाजार में स्वीकार्यता बढ़ाने में मदद मिलती है.
सूखा साबुत अंडा पाउडर तरल अंडों को आधुनिक स्प्रे-ड्राइंग तकनीक से तैयार किया जाता है. इसमें अंडे के पोषक तत्व लंबे समय तक सुरक्षित रहते हैं. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है और इसका परिवहन भी आसान होता है. इसका इस्तेमाल खाद्य प्रसंस्करण उद्योग, बेकरी उत्पादों, मिठाई बनाने वाली कंपनियों और कुछ फार्मास्युटिकल उपयोगों में किया जाता है. क्वलिटी बनाए रखने के लिए इसे कई स्तरों पर जांच से गुजरना पड़ता है.
ऑस्ट्रिया भेजी गई सूखे अंडे के पाउडर की 22.6 मीट्रिक टन की खेप को APEDA के अध्यक्ष अभिषेक देव, आईएएस ने वर्चुअल माध्यम से रवाना किया. इस मौके पर ओडिशा सरकार के मत्स्य और पशु संसाधन विकास विभाग के अधिकारी और बालांगीर जिला प्रशासन के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे. कार्यक्रम में निर्यातक कंपनी के प्रतिनिधि, APEDA के अधिकारी और अन्य हितधारकों ने भी हिस्सा लिया.
APEDA लंबे समय से भारतीय कृषि और खाद्य उत्पादों के निर्यात को बढ़ाने के लिए काम कर रहा है. संस्था ने निर्यातकों को आधुनिक प्रसंस्करण सुविधाएं विकसित करने, खाद्य सुरक्षा मानकों को अपनाने और क्वालिटी जांच व्यवस्था मजबूत करने में सहायता दी है. इस निर्यात से ओडिशा में पोल्ट्री प्रसंस्करण क्षेत्र को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. साथ ही राज्य के किसानों और पोल्ट्री उद्योग से जुड़े लोगों के लिए नए रोजगार और व्यापार के अवसर पैदा हो सकते हैं. यूरोप में अंडा पाउडर की मांग लगातार बढ़ रही है. ऑस्ट्रिया समेत कई यूरोपीय देश खाद्य उद्योग और अन्य क्षेत्रों के लिए इसका आयात करते हैं. ऐसे में भारत का यह पहला निर्यात देश को उच्च क्वालिटी वाले प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के भरोसेमंद आपूर्तिकर्ता के रूप में मजबूत करेगा.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today