
सावन के बाद भादो माह में भी बारिश का सिलसिला अभी जारी रहने वाला है. इसी क्रम में 31 अगस्त यानी सोमवार को पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक,बारिश के साथ मेघगर्जन और आकाशीय बिजली का खतरा भी रहेगा. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) लखनऊ द्वारा 31 अगस्त 2026 को जारी बुलेटिन के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले सात दिनों तक बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहेगा. वहीं, 2 सितंबर तक संभाग में कहीं-कहीं बौछारें पड़ने की बहुत संभावना जताई गई है, जबकि 3 सितंबर से 5 सितंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. विभाग ने 31 अगस्त से 5 सितंबर तक पश्चिमी यूपी के विभिन्न इलाकों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है.
राजधानी लखनऊ में 31 अगस्त को आसमान में बादल छाए रहने और कुछ दौर में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान है. वहीं, लखनऊ के लिए कोई अलग से मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है. अधिकतम तापमान 32°C और न्यूनतम 26°C के आसपास रह सकता है.
उत्तर प्रदेश में मॉनसून की गतिविधियां एक बार फिर तेज रहने वाली हैं. इसी क्रम में सोमवार को प्रदेश के चित्रकूट, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है. वहीं बांदा, कौशांबी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, रामपुर, बरेली, पीलीभीत जैसे 13 अन्य जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट है. जबकि 58 जिलों में गरज चमक के साथ वज्रपात की आशंका जताई गई है.
लखनऊ स्थित अमौसी मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तरी पश्चिमी बंगाल की खाड़ी व उत्तरी ओडिशा के तट पर बना निम्न दबाव क्षेत्र अगले 48 घंटों के दौरान मजबूत होकर पश्चिम-उत्तर दिशा में आगे बढ़ेगा, जो उत्तरी ओडिशा व गांगेय पश्चिम बंगाल के ऊपर से गुजर सकता है. इसके साथ निचले क्षोभमंडल में पूर्वी उत्तर प्रदेश पर बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से मानसूनी द्रोणी फिर से सक्रिय हो रही है.
इससे पूर्वी उत्तर प्रदेश में मध्यम वर्षा के साथ कहीं-कहीं भारी वर्षा होगी. बता दें कि रविवार को बांदा में सर्वाधिक 217.6 मिमी बारिश दर्ज हुई. वहीं पीलीभीत में 75 मिमी, गोंडा में 70.6 मिमी और लखीमपुर खीरी में 63.2 मिमी बारिश हुई है.
ये भी पढ़ें-
Cloud Seeding: कर्नाटक में कमजोर मॉनसून से निपटने की तैयारी, कृत्रिम बारिश के लिए दो कमेटी गठित
मौसम का बदला मिजाज! इन राज्यों में जमकर बरसेंगे बादल, दिल्ली-NCR में गर्मी-उमस