उत्तर प्रदेश में कुछ दिनों की सुस्ती के बाद से मॉनसून फिर सक्रिय होने जा रहा है. मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि 18 जुलाई से एक बार फिर मॉनसून एक्टिव होगा. जिसके कारण झमाझम बारिश का दौर शुरू हो जाएगा. मौसम विभाग के अनुसार 17 से 22 जुलाई के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. हालांकि 16 जुलाई यानी गुरुवार को कहीं भी भारी बारिश का अलर्ट नहीं है. जबकि मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए यूपी के कुछ-कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश का अनुमान लगाया है. वहीं, हवा में नमी अधिक रहने से कई स्थानों पर उमस भरी गर्मी बनी रह सकती है.
लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में ओडिशा तट के पास कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है. इसके प्रभाव से 18 जुलाई से लखनऊ में मॉनसून फिर सक्रिय होने से बारिश की संभावना है. उन्होंने बताया कि बुधवार को प्रयागराज 39.4 डिग्री सेल्सियस के साथ पूरे प्रदेश में सबसे गर्म शहर रहा. इसके साथ ही अंबेडकर नगर में 75 मिमी, हमीरपुर में 54 मिमी, मथुरा में 44 मिमी, अयोध्या में 42 मिमी और गोरखपुर में 38 मिमी बारिश दर्ज की गई.
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि प्रदेश में मॉनसून की रफ्तार कम होने से उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है. वहीं, लखनऊ में गुरुवार को बादल छाए रहेंगे और शाम तक राजधानी में बारिश हो सकती है. राजधानी लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
ये भी पढ़ें-
जुलाई में अचानक क्यों थम गई बारिश? समझिए मॉनसून ब्रेक, अल नीनो और फसलों पर असर
बारिश के Green, Yellow, Orange और Red Alert के क्या हैं मायने? जान लें वरना होगा भारी नुकसान!