दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट, जानिए देशभर में कैसा रहेगा मौसम

दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट, जानिए देशभर में कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, 5 नवंबर को दक्षिण भारत में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. ओडिशा में आंधी और बिजली गिरने की आशंका है. वहीं, दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. दिल्ली में सुबह हल्की धुंध छा सकती है.

aaj ka mausam imdaaj ka mausam imd
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Nov 05, 2026,
  • Updated Nov 05, 2026, 9:06 AM IST

देश के कई राज्यों में आज मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है. आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक और केरल के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है. वहीं, ओडिशा में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है. कुछ इलाकों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. दूसरी ओर, उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. दिल्ली-एनसीआर में आसमान साफ रहेगा, लेकिन सुबह के समय कुछ जगहों पर हल्की धुंध देखने को मिल सकती है.

इन राज्‍यों में आंधी का अलर्ट

मौसम वि‍भाग के अनुसार, दक्षिण भारत में आंध्र प्रदेश और यनम में 5 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है. रायलसीमा में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई है. हवा के झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं. वहीं, तेलंगाना के कुछ हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.

केरल-माहे में बारिश के असार

तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर बारिश के साथ बिजली चमकने और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है. कर्नाटक के तटीय और दक्षिण आंतरिक हिस्सों में भी बारिश होने का अनुमान है. उत्तर आंतरिक कर्नाटक में भी कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है. दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. इसके अलावा केरल और माहे तथा लक्षद्वीप में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है.

ओडिशा में तेज आंधी चलने की आशंका

उधर, पूर्वी भारत में ओडिशा के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है. यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. वहीं, मध्य भारत में छत्तीसगढ़ और विदर्भ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.

उत्‍तर भारत में शुष्‍क रहेगा मौसम

आईएमडी के अनुसार, उत्तर भारत में 5 नवंबर को मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है. दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बारिश की कोई महत्वपूर्ण गतिविधि होने की संभावना नहीं है. दिल्ली-एनसीआर में आसमान साफ रहेगा. हालांकि, सुबह कुछ स्थानों पर हल्की धुंध या कुहासा छा सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. दोपहर में उत्तर-पश्चिम दिशा से 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है.

मौसम विभाग की किसानों के लिए सलाह

बारिश की संभावना वाले राज्यों में किसान खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था रखें. कटी हुई फसल और कृषि उपज को सुरक्षित स्थान पर रखें. केले, पपीते और सब्जियों की फसलों को तेज हवाओं से बचाने के लिए सहारा दें. आंधी और बिजली गिरने की आशंका के दौरान खुले खेतों में काम करने से बचें.

MORE NEWS

Read more!