MP-UP में मूसलाधार बारिश का अलर्ट! दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में झमाझम बरसेंगे बादल

MP-UP में मूसलाधार बारिश का अलर्ट! दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में झमाझम बरसेंगे बादल

IMD के मुताबिक, पूर्वी मध्य प्रदेश में 20-21 अगस्त को बहुत भारी बारिश की संभावना है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार, हिमाचल और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना है.

Weather News aaj ka mausamWeather News aaj ka mausam
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Aug 21, 2026,
  • Updated Aug 21, 2026, 7:00 AM IST

वर्तमान में पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश और इसके आसपास बना निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय है. इसके असर से पूर्वी मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी बहुत भारी बारिश के आसार हैं. मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी मध्य प्रदेश के टीकमगढ़, सतना, रीवा, छतरपुर, दमोह, जबलपुर, कटनी, उमरिया, पन्ना, सीधी, शहडोल, डिंडोरी और अनूपपुर में अगले 24 घंटे के दौरान कुछ इलाकों में अचानक बाढ़ की आशंका है. वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, कौशांबी, चित्रकूट और बांदा में भी जलभराव और सतही बहाव की स्थिति बन सकती है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भी फ्लैश फ्लड का जोखिम बताया गया है.

दिल्‍ली में रुक-रुककर हो सकती है बारिश

IMD के मुताबि‍क, राजधानी दिल्ली में 21 अगस्त को दिनभर आमतौर पर बादल छाए रहेंगे. सुबह से दोपहर तक कई जगह हल्की बारिश के एक-दो दौर हो सकते हैं, जबकि रात में भी बारिश की संभावना है. अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. 20 अगस्त को दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री और न्यूनतम 23 से 26 डिग्री के बीच रहा.

उत्‍तर भारत में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के क्षेत्रों में 23 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश में 22 अगस्त और उत्तराखंड में 26 अगस्त तक बारिश हो सकती है. 21 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट है. हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली और पंजाब में भी अलग-अलग स्थानों पर बारिश की संभावना बनी हुई है.

मध्य भारत में जोरदार बारिश के आसार

वहीं, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अगले कई दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 20 से 21 अगस्त को व्यापक बारिश और 20 से 25 अगस्त के बीच अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है. पूर्वी मध्य प्रदेश में 21 अगस्त को बहुत भारी बारिश के बाद 22 से 26 अगस्त के दौरान भारी बारिश जारी रह सकती है. छत्तीसगढ़ में 26 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना है.

पूर्वी भारत में 26 अगस्‍त तक बारिश

ओडिशा में 21 से 26 अगस्त तक बारिश का दौर रहेगा और 23 अगस्त को कुछ जगह बहुत भारी बारिश हो सकती है. बिहार में 22 से 25 अगस्त के बीच भारी बारिश की संभावना है. झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल में भी 22 से 26 अगस्त के दौरान व्यापक बारिश हो सकती है. 

पूर्वोत्तर राज्यों में अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 20 से 25 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना है, जबकि नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 20 से 23 अगस्त के बीच भारी बारिश हो सकती है.

कोंकण और गोवा में 20 से 26 अगस्त तक व्यापक बारिश का अनुमान है. गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और सौराष्ट्र-कच्छ में भी अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है. दक्षिण भारत में तटीय कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु समेत कई राज्यों में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है.

खेती-किसानी के लिए सलाह

पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार और अन्य प्रभावित राज्यों के किसानों को खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने के लिए नालियों और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने की सलाह दी गई है. जलभराव वाले खेतों में खाद और कीटनाशक का छिड़काव फिलहाल टालें. 

सब्जियों, केले, पपीता और लंबी फसलों को तेज हवा से बचाने के लिए सहारा दें. कटाई की गई उपज को सुरक्षित स्थान पर रखें या तिरपाल से ढकें. भारी बारिश के दौरान खेतों में अनावश्यक आवाजाही से बचें और मौसम साफ होने पर ही कृषि कार्य करें.

MORE NEWS

Read more!