
देश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है. कहीं सुबह के समय घने कोहरे से परेशानी बढ़ने वाली है तो कहीं बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू होने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी से आ रही पूर्वी (पुरवा) हवाओं के प्रभाव से दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी. आईएमडी ने तमिलनाडु में 23 नवंबर से पांच दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं, उत्तर भारत के कई राज्यों में सुबह के समय धुंध और कोहरे का असर देखने को मिल सकता है. आइए जानते हैं कि 23 नवंबर को देश के अलग-अलग राज्यों में मौसम कैसा रहने वाला है…
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण भारत में 23 नवंबर से बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 23 से 27 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. 23 नवंबर को इन क्षेत्रों में गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है.
आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों, यनम और रायलसीमा में 23 से 26 नवंबर के दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चल सकती हैं. केरल और माहे में 24 से 26 नवंबर के बीच भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है.
वहीं, कर्नाटक में 23 नवंबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 23 से 28 नवंबर तक कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. तटीय कर्नाटक में 24 से 28 नवंबर के दौरान बारिश हो सकती है. दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 24 और 25 नवंबर को गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है. तेलंगाना में 24 से 26 नवंबर के बीच कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है.
इधर, उत्तर भारत में 23 नवंबर को मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिलेंगे. पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर हल्की बारिश की संभावना है. वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है. हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में भी सुबह के समय धुंध का असर रह सकता है.
आईएमडी के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 23 नवंबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है. हालांकि, सुबह कुछ स्थानों पर हल्की धुंध या उथला कोहरा देखने को मिल सकता है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. दिन में उत्तर-पश्चिम दिशा से 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
इसके अलावा, पूर्वी भारत के राज्यों में 23 नवंबर को मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. बिहार में कुछ इलाकों में सुबह घना कोहरा छाने की संभावना है. मौसम विभाग की ओर से झारखंड और ओडिशा में भी कुछ स्थानों पर घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है. पश्चिम बंगाल के गंगीय और उप-हिमालयी क्षेत्रों में 23 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है.
आईएमडी का कहना है कि पूर्वोत्तर भारत में 23 नवंबर को बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के साथ नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. त्रिपुरा में 23 नवंबर तक घने कोहरे की स्थिति भी बन सकती है. अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में भी कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है.
मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य और पश्चिम भारत के राज्यों में 23 नवंबर को किसी बड़े मौसमी बदलाव का अनुमान नहीं है. मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान में मौसम सामान्य रहने की संभावना है. इन राज्यों के लिए मौसम विभाग ने इस हफ्ते के दौरान किसी महत्वपूर्ण मौसमी गतिविधि की चेतावनी नहीं दी है.