
देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम और पश्चिम-मध्य हिस्से में बने कम दबाव के क्षेत्र (लो-प्रेशर एरिया) के प्रभाव से आने वाले दिनों में मध्य भारत, पश्चिम भारत और उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार, यह कम दबाव का क्षेत्र दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश तट के पास बना हुआ है और शनिवार तक यह और मजबूत होकर पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है. इसके प्रभाव से पश्चिम मध्य प्रदेश में 13 और 14 सितंबर को, मध्य महाराष्ट्र में 13 सितंबर को और गुजरात क्षेत्र में 13 और 14 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. सौराष्ट्र और कच्छ में 14 सितंबर को बहुत अधिक बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग का कहना है कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले कई दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. उत्तराखंड में 13 सितंबर तक कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है.
इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी 17 सितंबर तक हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है. हरियाणा, दिल्ली और पूर्वी राजस्थान में 13 और 14 सितंबर को भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिम मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 14 सितंबर तक कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान है. छत्तीसगढ़ में 15 सितंबर तक कई क्षेत्रों में लगातार बारिश की स्थिति बनी रह सकती है. बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और खेती के काम प्रभावित होने की आशंका है.
कोंकण-गोवा में 17 सितंबर तक लगातार बारिश होने का अनुमान है. मध्य महाराष्ट्र में 13 सितंबर को बहुत भारी बारिश हो सकती है. मराठवाड़ा में भी 12 और 13 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
गुजरात क्षेत्र में 13 और 14 सितंबर को और सौराष्ट्र-कच्छ में 14 सितंबर को बहुत भारी बारिश का अलर्ट है. इस दौरान कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं.
12 सितंबर
दिल्ली-एनसीआर में आसमान आमतौर पर बादलों से घिरा रहेगा. सुबह से दोपहर तक कई स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और बिजली चमकने की संभावना है. दोपहर और शाम के समय भी हल्की बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
13 सितंबर
राजधानी में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. इस दौरान दक्षिण-पूर्व दिशा से 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
बारिश की यह नई गतिविधि खरीफ फसलों के लिए कई क्षेत्रों में फायदेमंद साबित हो सकती है, खासकर उन इलाकों में जहां हाल के दिनों में बारिश की कमी दर्ज की गई थी. हालांकि जिन क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी है, वहां धान, सोयाबीन, कपास और सब्जी फसलों को जलभराव और तेज हवाओं से नुकसान का खतरा भी बना रहेगा. किसानों को मौसम विभाग की सलाह के अनुसार खेतों में जल निकासी की व्यवस्था बनाए रखने और मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने की सलाह दी गई है.