J&K Weather: जम्मू-कश्मीर में भीषण गर्मी का कहर! सूखे जैसे हालात से किसानों-बागवानों की बढ़ी चिंता

J&K Weather: जम्मू-कश्मीर में भीषण गर्मी का कहर! सूखे जैसे हालात से किसानों-बागवानों की बढ़ी चिंता

कश्मीर घाटी में भीषण गर्मी और लंबे सूखे ने किसानों, बागवानों और आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है. कई इलाकों में तापमान 34-35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. मौसम विभाग ने 2 से 4 जुलाई के बीच हल्की से मध्यम बारिश, कुछ स्थानों पर भारी बारिश और फ्लैश फ्लड की आशंका जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

Jammu Kashmir HeatwaveJammu Kashmir Heatwave
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Jul 01, 2026,
  • Updated Jul 01, 2026, 4:05 PM IST

कश्मीर घाटी इन दिनों भीषण गर्मी और लंबे सूखे दौर की चपेट में है. लगातार बढ़ते तापमान और बारिश की कमी ने आम लोगों के साथ-साथ किसानों और बागवानों की चिंता भी बढ़ा दी है. कई इलाकों में दिन का तापमान सामान्य से काफी ऊपर पहुंच गया है, जबकि नदियों, नालों और जलस्रोतों का जलस्तर भी घटने लगा है. समय पर बारिश नहीं होने से धान, सब्जियों और बागवानी फसलों पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है. किसानों का कहना है कि अगर अगले कुछ दिनों तक अच्‍छी बारिश नहीं हुई तो फसलों की बढ़वार प्रभावित हो सकती है और उत्पादन पर भी असर पड़ सकता है. लगातार सूखे मौसम ने सिंचाई और जल उपलब्धता को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है.

मौसम विभाग ने दी सतर्क रहने की सलाह

जम्मू-कश्मीर मौसम केंद्र के निदेशक मुख्तार अहमद ने बताया कि 27 जून के बाद से गर्मी बढ़ने का अनुमान था और पिछले दो-तीन दिनों में घाटी में तापमान तेजी से बढ़ा है. उन्होंने कहा कि कई मैदानी इलाकों में तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में यह 26 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.

2 से 4 जुलाई के बीच बारिश की संभावना

मुख्तार अहमद ने बताया कि देर रात और सुबह के समय जम्मू क्षेत्र में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि घाटी के कुछ जिलों में भी हल्की बारिश के आसार हैं. उन्होंने कहा कि 2, 3 और 4 जुलाई के दौरान दोपहर और शाम के समय रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है. जम्मू क्षेत्र के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और कम समय में तेज बौछारें पड़ सकती हैं.

फ्लैश फ्लड का भी खतरा

मुख्तार अहमद ने कहा कि कुछ जिलों में कम समय में होने वाली तेज बारिश के कारण फ्लैश फ्लड की स्थिति बन सकती है. उन्होंने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने और सावधानी बरतने की अपील की. मौसम विभाग ने बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को खास तौर पर सतर्क रहने की सलाह दी है. लोगों से पर्याप्त पानी पीने, दोपहर की तेज धूप से बचने और पानी का सोच-समझकर इस्‍तेमाल करने की अपील भी की गई है.

लोग बोले- गर्मी में घर से बाहर निकलना मुश्किल

स्थानीय निवासी फुरकान अली मीर ने कहा कि घाटी में हर दिन गर्मी बढ़ती जा रही है और दोपहर के समय घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. उन्होंने कहा कि सबसे अधिक परेशानी बच्चों को हो रही है और अगर यही स्थिति बनी रही तो पानी की कमी जैसी गंभीर समस्याएं भी सामने आ सकती हैं.

वहीं, एक पर्यटक हरप्रीत सिंह ने कहा कि वह ठंडे मौसम की उम्मीद लेकर कश्मीर आए थे, लेकिन यहां भी तेज गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि दोपहर के समय बाहर घूमना मुश्किल हो गया है और मौसम उम्मीद के बिल्कुल विपरीत है. (एएनआई)

MORE NEWS

Read more!