2 एकड़ जमीन पर प्राकृतिक खेती से महिला किसान की शानदार कमाई! रोजाना ₹3,120 तक की आय

2 एकड़ जमीन पर प्राकृतिक खेती से महिला किसान की शानदार कमाई! रोजाना ₹3,120 तक की आय

उज्जैन की महिला किसान पूजा कुंवर नरेंद्र सिंह ने 2 एकड़ जमीन पर प्राकृतिक खेती और मचान पद्धति अपनाकर सफलता की नई मिसाल पेश की है.गिलकी, करेला और लोबिया की खेती से रोजाना ₹2,750 से ₹3,120 तक की अनुमानित आय हासिल कर रही हैं.

धर्मेंद्र सिंह
  • Ujjain ,
  • Nov 21, 2026,
  • Updated Nov 21, 2026, 11:21 AM IST

खेती-किसानी में सफलता हासिल करने के लिए जरूरी नहीं कि बड़े खेत या भारी निवेश की जरूरत हो. सही तकनीक, मेहनत और खेती की बेहतर समझ से कम जमीन में भी अच्छी आमदनी हासिल की जा सकती है. मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले की महिला किसान पूजा कुंवर नरेंद्र सिंह ने इसे सच कर दिखाया है. महिदपुर विकासखंड के ग्राम लसूडिया देवसी की रहने वाली पूजा कुंवर प्राकृतिक खेती अपनाकर न केवल अपनी खेती की लागत कम कर रही हैं, बल्कि प्रतिदिन हजारों रुपये की कमाई कर आर्थिक आत्मनिर्भरता की नई मिसाल भी पेश कर रही हैं.

पूजा कुंवर ने अपने महज 2 एकड़ कृषि रकबे में प्राकृतिक आदानों और आधुनिक मचान पद्धति का उपयोग करते हुए गिलकी, करेला, लोबिया, टमाटर और बैंगन जैसी सब्जियों की खेती शुरू की है. वर्तमान में गिलकी, करेला और लोबिया के उत्पादन से उन्हें प्रतिदिन लगभग 2,750 से 3,120 रुपये की अनुमानित आय प्राप्त हो रही है.उनकी यह उपलब्धि बताती है कि परंपरागत खेती के साथ आधुनिक तकनीकों और प्राकृतिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर किसान अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं.

घर और खेत पर ही तैयार कर रहीं प्राकृतिक खाद और कीटनाशक

पूजा कुंवर की खेती की सबसे खास बात यह है कि वे रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों पर निर्भरता कम करने के लिए प्राकृतिक आदानों का इस्तेमाल कर रही हैं. इसके लिए वे अपने घर और खेत पर ही जीवामृत, घनजीवामृत, नीमास्त्र और दशपर्णी अर्क तैयार करती हैं.

इन प्राकृतिक आदानों के उपयोग से उन्हें खेती की बाहरी लागत कम करने में मदद मिल रही है. साथ ही मिट्टी की उर्वरता और स्वास्थ्य बनाए रखने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं.इस तरह वे कम लागत में सब्जियों का उत्पादन कर बेहतर आर्थिक लाभ हासिल कर रही हैं.

मचान पद्धति से सब्जी उत्पादन को दिया नया आयाम

पूजा कुंवर ने सब्जियों की खेती में आधुनिक मचान पद्धति को भी अपनाया है. इस तकनीक के माध्यम से गिलकी और करेला जैसी बेल वाली सब्जियों को सहारा देकर उगाया जाता है.इससे पौधों का बेहतर विकास और खेत का व्यवस्थित उपयोग करने में मदद मिलती है.

दो एकड़ जमीन में अलग-अलग सब्जियों की खेती करके उन्होंने उत्पादन और आय के नए अवसर तैयार किए हैं.वर्तमान में गिलकी, करेला और लोबिया की फसल से उन्हें नियमित आमदनी मिल रही है.

आत्मा योजना के प्रशिक्षण ने बदली खेती की तस्वीर

पूजा कुंवर की इस सफलता के पीछे मध्यप्रदेश शासन की आत्मा (ATMA) योजना का प्रशिक्षण और तकनीकी मार्गदर्शन भी अहम भूमिका निभा रहा है. योजना के माध्यम से मिले प्रशिक्षण ने उन्हें प्राकृतिक खेती की तकनीकों को समझने और अपनाने के लिए प्रेरित किया.

पूजा कुंवर बताती हैं कि प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिलने के बाद उन्होंने प्राकृतिक खेती की शुरुआत की.अब वे खुद अपने खेत में प्राकृतिक आदान तैयार कर उनका उपयोग कर रही हैं.इससे खेती की लागत घटाने के साथ उन्हें सब्जी उत्पादन से नियमित आय प्राप्त हो रही है.

दूसरी महिला किसानों के लिए बनीं प्रेरणा

पूजा कुंवर की सफलता ग्रामीण क्षेत्रों की उन महिलाओं के लिए प्रेरणादायक है, जो खेती के माध्यम से परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करना चाहती हैं. उन्होंने अन्य किसानों से भी प्राकृतिक खेती अपनाने, खेती की लागत कम करने और मिट्टी के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने की अपील की है.

महज 2 एकड़ जमीन में प्राकृतिक आदानों और आधुनिक मचान पद्धति के सहारे प्रतिदिन 2,750 से 3,120 रुपये तक की अनुमानित आय हासिल करना उनकी मेहनत और नए प्रयोगों का परिणाम है. पूजा कुंवर की यह कहानी साबित करती है कि सही प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन और नवाचार के जरिए महिला किसान भी खेती को आर्थिक आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बना सकती हैं.

 

MORE NEWS

Read more!