
उत्तर प्रदेश में निराश्रित गोवंश के भरण-पोषण की व्यवस्था मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने चारा उत्पादन बढ़ाने की योजना बनाई है. गोशालाओं में हरे चारे की नियमित उपलब्धता बनाए रखने के लिए सात हजार किसानों के साथ करीब 14 हजार हेक्टेयर भूमि पर चारा उगाने का कॉन्ट्रैक्ट किया गया है. इससे गोआश्रय स्थलों को स्थानीय स्तर पर चारा उपलब्ध कराने की व्यवस्था बनेगी.
चारा नीति 2025-26 के तहत नेपियर घास की खेती को प्रोत्साहन दिया जा रहा है. किसानों और गोशालाओं से जुड़ी ग्राम पंचायतों को इसके लिए प्रति हेक्टेयर 20 हजार से 22 हजार रुपये तक अनुदान दिया जा रहा है. उन्नत किस्म की नेपियर घास की जड़ें और रूट स्लिप भी मुफ्त उपलब्ध कराई जा रही हैं. इससे खेती की शुरुआती लागत घटेगी. फसल अवशेषों के उपयोग और सामुदायिक चरागाहों के विकास को भी बढ़ावा दिया जा रहा है.
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले दो वर्षों में चारा विकास कार्यक्रमों से करीब एक लाख किसान और पशुपालक लाभान्वित हुए हैं. वर्ष 2025-26 में 60 लाख नेपियर रूट स्लिप मुफ्त बांटी गईं, जबकि 2026-27 में यह संख्या बढ़कर 78 लाख हो गई. वर्ष 2026-27 में 260 हेक्टेयर भूमि के लिए रूट स्लिप उपलब्ध कराई गई थी. अब अगले चरण में इसका दायरा बढ़ाकर 720 हेक्टेयर करने की योजना है. लक्ष्य पूरा होने पर नेपियर घास की खेती का क्षेत्रफल लगभग तीन गुना हो जाएगा.
चारा उत्पादन के साथ उसके वैज्ञानिक प्रबंधन की जानकारी देने के लिए प्रशिक्षण व्यवस्था बनाई गई है. भारतीय चारागाह एवं चारा अनुसंधान संस्थान, झांसी में हर जिले से दो अधिकारियों को मास्टर ट्रेनर के रूप में तैयार किया गया है. इस तरह प्रदेश में 150 मास्टर ट्रेनर बनाए गए हैं. ये विकासखंड स्तर पर पशुपालकों को प्रशिक्षण देंगे. हर विकासखंड में 100 पशुपालकों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य है. प्रशिक्षण में उन्नत किस्मों, उत्पादन तकनीक, चारा संरक्षण और वैज्ञानिक प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी.
प्रदेश में खरीफ, रबी और जायद तीनों मौसमों को मिलाकर करीब 3.74 लाख हेक्टेयर भूमि पर हरे चारे का उत्पादन हो रहा है. अतिरिक्त चारा विकास कार्यक्रम के तहत उन्नत बीज, जड़ें और रूट स्लिप बांटी जा रही हैं. सामुदायिक भूमि पर उत्पादन को भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है. इससे गोशालाओं को स्थानीय स्तर पर चारा उपलब्ध कराने और खरीद पर होने वाले खर्च को कम करने में मदद मिल सकती है.
राज्य सरकार के मुताबिक, प्रदेश में 7,700 से अधिक गोआश्रय स्थलों में 16 लाख से ज्यादा निराश्रित गोवंश संरक्षित हैं. इनके लिए पर्याप्त चारे की व्यवस्था सरकार की प्राथमिकता है. किसानों को आपूर्ति व्यवस्था से जोड़कर गोशालाओं के लिए नियमित स्रोत तैयार करने की कोशिश है.
पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि योगी सरकार निराश्रित गोवंश के संरक्षण और बेहतर भरण-पोषण के लिए लगातार प्रयास कर रही है. गोशालाओं में चारे की उपलब्धता बढ़ाने के लिए किसानों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि स्थानीय स्तर पर उत्पादन और आपूर्ति हो सके.
पशुपालन विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम ने बताया कि गोआश्रय स्थलों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए चारा उत्पादन और प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. नेपियर योजना, किसान अनुबंध और प्रशिक्षण से गोसंरक्षण मजबूत होगा और किसानों के लिए आय के अवसर बनेंगे. योजना का लाभ लेने के इच्छुक प्रगतिशील किसानों और पशुपालकों के पास कम से कम 0.2 हेक्टेयर सिंचित भूमि होना अनिवार्य है. अनुदान और मुफ्त रूट स्लिप के जरिए सरकार चारा उत्पादन का दायरा बढ़ाना चाहती है.