
खेती में नुकसान, आर्थिक तंगी और कर्ज की किस्तें चुकाने का दबाव... पहले से ही मुश्किलों से जूझ रहे एक किसान के लिए फाइनेंस कंपनियों के वसूली प्रतिनिधियों का कथित व्यवहार आखिरकार जानलेवा साबित हुआ. अमरावती जिले के अंजनगांव सुर्जी तहसील के सातेगांव में 40 वर्षीय किसान अमोल मुरलीधर काले की आत्महत्या के मामले में रहिमापुर पुलिस ने दो फाइनेंस कंपनियों के चार वसूली प्रतिनिधियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है.
आरोप है कि कर्ज की वसूली के लिए बार-बार फोन करने के साथ ही किसान को अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल कर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था. जिले में फाइनेंस कंपनियों के वसूली प्रतिनिधियों के खिलाफ इस तरह का यह पहला मामला बताया जा रहा है.
इस मामले में 'आज तक' से फोन पर बातचीत करते हुए रहिमापुर पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी और जांच अधिकारी प्रशांत देशमुख ने बताया कि दोनों फाइनेंस कंपनियों का कर्ज अमोल काले पर बकाया था. कर्ज की किस्तों की वसूली के लिए संबंधित कंपनियों के प्रतिनिधि उन्हें बार-बार फोन कर रहे थे.
आरोप है कि वसूली के दौरान पैसे जमा करने का दबाव बनाने के साथ ही उन्हें जलील करने और शर्मिंदा करने वाले शब्दों का भी इस्तेमाल किया जाता था. इसी शिकायत के आधार पर संबंधित वसूली प्रतिनिधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल पुलिस इस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अमोल काले ने कुछ साल पहले महिंद्रा होम फाइनेंस से होम लोन लिया था, जबकि स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल लिमिटेड से भी उन्होंने एक अन्य कर्ज लिया था. शुरुआती दौर में वह नियमित रूप से किस्तें चुका रहे थे. लेकिन इस साल खेती की स्थिति बेहद खराब होने और फसल से अपेक्षित आमदनी नहीं होने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ गई. परिणामस्वरूप वह समय पर कर्ज की किस्तें नहीं भर पा रहे थे.
किस्तें बकाया होने के बाद दोनों कंपनियों के वसूली प्रतिनिधियों द्वारा कथित तौर पर लगातार फोन किए जाने लगे. शिकायत के मुताबिक, उनसे पैसों की मांग करने के साथ ही अपमानजनक व्यवहार किया जाता था. दिवाली से पहले शुरू हुआ यह दबाव धीरे-धीरे उनके लिए मानसिक परेशानी का बड़ा कारण बन गया.
लगातार कथित मानसिक प्रताड़ना और आर्थिक संकट से परेशान होकर अमोल काले ने 2 नवंबर को अपने घर में जहरीला पदार्थ पी लिया. उनकी हालत गंभीर होने पर परिजनों ने उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन 13 नवंबर को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई.
अमोल काले की पत्नी ने पति की आत्महत्या के लिए फाइनेंस कंपनियों के वसूली प्रतिनिधियों की कथित मानसिक प्रताड़ना को जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद रहिमापुर पुलिस ने 22 नवंबर की रात करीब 10.22 बजे चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया.
आरोपियों में स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल लिमिटेड की अंजनगांव सुर्जी शाखा के प्रतिनिधि सुनील पेलणे और कुणाल इंगले और महिंद्रा होम फाइनेंस की परतवाड़ा शाखा के प्रतिनिधि सुहास डायगव्हाणे और राजेंद्र चालके शामिल हैं.
थाना प्रभारी प्रशांत देशमुख के मुताबिक, शिकायत में वसूली के दौरान किसान को अपमानित करने और मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप लगाए गए हैं. इसी आधार पर चारों प्रतिनिधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कर्ज वसूली के दौरान आरोपियों की भूमिका क्या थी और किसान के साथ किस तरह का व्यवहार किया गया था.
खेती में नुकसान से पहले ही आर्थिक संकट झेल रहे किसानों के सामने कर्ज चुकाने की चुनौती रहती है. ऐसे में कर्ज वसूली के नाम पर कथित अपमान और मानसिक दबाव का यह मामला फाइनेंस कंपनियों के वसूली तरीकों पर गंभीर सवाल खड़े करता है.