IIWBR ने खोली गेहूं और जौ बीजों की ऑनलाइन बुकिंग, किसान इस तारीख से कर सकेंगे आवेदन

IIWBR ने खोली गेहूं और जौ बीजों की ऑनलाइन बुकिंग, किसान इस तारीख से कर सकेंगे आवेदन

भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान संस्थान (IIWBR) ने साल 2026 के लिए उन्नत गेहूं और जौ बीजों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी है. किसान 15 सितंबर 2026 से आधिकारिक पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. चयनित किसानों को एसएमएस के माध्यम से बीज उपलब्धता की सूचना दी जाएगी.

गेहूं उत्पादनगेहूं उत्पादन
क‍िसान तक
  • New Delhi,
  • Sep 16, 2026,
  • Updated Sep 16, 2026, 11:44 AM IST

रबी सीजन की तैयारियों के बीच किसानों के लिए अच्छी खबर है. भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान संस्थान (IIWBR) ने साल 2026 के लिए गेहूं और जौ की उन्नत किस्मों के बीजों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी है. संस्थान की ओर से जारी जानकारी के अनुसार किसान 15 सितंबर 2026 से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर अपनी पसंद की प्रमाणित और अनुसंधान आधारित किस्मों के बीज बुक कर सकते हैं.

बीजों की बुकिंग केवल संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट https://iiwbrseed.in के माध्यम से की जाएगी. किसानों को सलाह दी गई है कि वे किसी अन्य वेबसाइट या माध्यम का उपयोग न करें और केवल अधिकृत पोर्टल पर ही आवेदन करें.

इन उन्नत किस्मों के बीज होंगे उपलब्ध

IIWBR की ओर से गेहूं और जौ की कई लोकप्रिय और उन्नत किस्में उपलब्ध कराई जा रही हैं.

  • गेहूं की किस्में
  • DBW 187
  • DBW 222
  • DBW 327
  • DBW 377
  • DBW 303
  • जौ (बिना छिलके वाली) की किस्में
  • DWRB 223
  • DWRB 244

ये किस्में बेहतर उत्पादन क्षमता, रोग प्रतिरोधकता और अलग-अलग कृषि-जलवायु परिस्थितियों के अनुकूल प्रदर्शन के लिए जानी जाती हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि प्रमाणित बीजों के उपयोग से किसानों को पैदावार बढ़ाने में मदद मिलती है.

रजिस्ट्रेशन के लिए क्या होगा जरूरी?

ऑनलाइन आवेदन के दौरान किसानों को कुछ आवश्यक जानकारी देनी होगी. इनमें शामिल हैं-

  1. किसान का नाम
  2. पूरा पता
  3. राज्य
  4. जिला
  5. मोबाइल नंबर
  6. आधार संख्या

संस्थान ने स्पष्ट किया है कि सही जानकारी भरना जरूरी होगा, क्योंकि बीज आवंटन और सूचना का पूरा सिस्टम मोबाइल नंबर और रजिस्ट्रेशन डिटेल्स पर आधारित रहेगा.

किसान कितना बीज बुक कर सकेंगे?

IIWBR के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रत्येक किसान अपने क्षेत्र के लिए अनुशंसित किस्मों में से अधिकतम 10 किलोग्राम बीज चुन सकता है. बीजों का चयन उपलब्धता के आधार पर किया जाएगा.

चयन और वितरण की प्रक्रिया

ऑनलाइन आवेदन प्राप्त होने के बाद किसानों का चयन निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जाएगा. जिन किसानों का चयन होगा, उन्हें उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एसएमएस के जरिए सूचना भेजी जाएगी. मैसेज में बीज प्राप्त करने की प्रक्रिया, स्थान और अन्य जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी.

उन्नत बीजों के इस्तेमाल से बढ़ सकती है पैदावार

कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि क्वालिटी से भरपूर और अनुसंधान संस्थानों द्वारा विकसित बीजों के उपयोग से फसल उत्पादन, दानों की क्वालिटी और रोगों के मुकाबले फसल की क्षमता में सुधार होता है. रबी सीजन की शुरुआत से पहले किसानों के लिए ऐसे बीजों की समय पर उपलब्धता काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है.

किसानों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते रजिस्ट्रेशन कर अपनी पसंद की किस्मों की बुकिंग सुनिश्चित करें, ताकि बुवाई के समय प्रमाणित और उन्नत बीज उपलब्ध हो सकें.

MORE NEWS

Read more!