
किसानों को आर्थिक तौर पर मजबूत करने के लिए सरकार कई प्रयास करती रहती है. इसी कड़ी में बिहार सरकार भी किसानों की आर्थिक तरक्की को लेकर कई योजनाएं चला रही है, जिससे किसानों को कम लागत पर अधिक उपज मिल सके. दरअसल, बिहार कृषि विभाग की ओर से इस वित्तीय वर्ष में बगीचों और बागवानी फसलों की सुरक्षा के लिए कीट प्रबंधन योजना के तहत किसानों को सब्सिडी दर पर कीटनाशी छिड़काव की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है. इसमें सरकार लीची के बाग में कीटनाशक के छिड़काव करवाने पर 75 फीसदी का सब्सिडी दे रही है. पूरी खबर जानने के लिए नीचे दी गई डिटेल को पढ़ें.
बिहार कृषि विभाग की ओर से किए गए ट्वीट के मुताबिक, बिहार सरकार किसानों को कीट प्रबंधन योजना के तहत लीची के बाग में कीटनाशक के छिड़काव करवाने पर 75 फीसदी का सब्सिडी दे रही है. इसमें पहले छिड़काव पर किसानों को 162 रुपये प्रति पेड़ की लागत आएगी. जिसमें किसानों को को मात्र 40 रुपये खर्च करने होंगे. वहीं, दूसरे छिड़काव में 114 रुपये लागत आएगी, जिसके लिए किसानों को सिर्फ 28 रुपये देना होगा. बता दें कि इस योजना के तहत किसान अपनी बाग में 84 पेड़ों पर छिड़काव कर सकते हैं. दरअसल, समय पर कीट नियंत्रण से फसलों की क्वालिटी सुधरेगी और उत्पादन में भी वृद्धि होगी.
पौधा संरक्षण विभाग की ओर से बताया गया है कि किसानों को लीची में कीटनाशक के छिड़काव करवाने के लिए निर्धारित समय अवधि पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा. इसके लिए किसानों को बिहार कृषि विभाग के ऑनलाइन पोर्टल https://horticulture.bihar.gov.in/ पर आवेदन करना होगा. इसके बाद सत्यापन करने के बाद आवेदन को संबंधित सेवा प्रदाता को फॉरवर्ड कर दिया जाएगा, जिससे सेवा प्रदाता किसानों के खेतों पर पहुंचकर संबंधित फसलों में कीटनाशक का छिड़काव निर्धारित समय अवधि पर कर सकें.
यदि आप भी बिहार के किसान हैं और लीची के पेड़ पर कीटनाशक का छिड़काव करना चाहते हैं तो इसके लिए सरकार सब्सिडी मुहैया करा रही है. इसके लिए किसान ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं. इस सब्सिडी का लाभ उठाने के लिए किसान सरकार की आधिकारिक वेबसाइट के लिंक पर विजिट कर सकते हैं. इसके अलावा किसान अधिक जानकारी के लिए अपने जिले के कृषि या बागवानी विभाग के कार्यालय में भी संपर्क कर सकते हैं.