ड्रिप सिंचाई ने बदली किसान की तस्वीर: कम पानी में बढ़ा उत्पादन, टमाटर-गोभी की खेती से बढ़ी आय

ड्रिप सिंचाई ने बदली किसान की तस्वीर: कम पानी में बढ़ा उत्पादन, टमाटर-गोभी की खेती से बढ़ी आय

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के किसान आनंद राम पैकरा ने सूक्ष्म सिंचाई योजना के तहत 55 प्रतिशत अनुदान पर ड्रिप सिंचाई प्रणाली अपनाकर कम पानी में टमाटर और गोभी का बेहतर उत्पादन हासिल किया.आधुनिक तकनीक से उनकी खेती की लागत घटी और आय में बढ़ोतरी हुई.

धर्मेंद्र सिंह
  • Raipur ,
  • Aug 06, 2026,
  • Updated Aug 06, 2026, 7:48 AM IST

छत्तीसगढ़ सरकार किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है.कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को नई तकनीकों का लाभ पहुंचाकर खेती को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाया जा रहा है. इसी दिशा में संचालित सूक्ष्म सिंचाई योजना किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है. योजना के तहत ड्रिप और स्प्रिंकलर जैसी आधुनिक सिंचाई प्रणालियों पर अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे कम पानी में अधिक उत्पादन संभव हो रहा है.

डेढ़ एकड़ में लगाई ड्रिप सिंचाई प्रणाली

सरगुजा जिले के विकासखंड लुण्ड्रा की ग्राम पंचायत झेराडीह के प्रगतिशील किसान आनंद राम पैकरा ने सूक्ष्म सिंचाई योजना का लाभ लेकर अपनी खेती को आधुनिक तकनीक से जोड़ा है. उनके पास कुल 0.909 हेक्टेयर कृषि भूमि है, जिसमें 0.509 हेक्टेयर में धान तथा 0.400 हेक्टेयर में टमाटर और गोभी जैसी सब्जियों की खेती की जाती है.

उद्यानिकी विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन और सहयोग से उन्होंने लगभग डेढ़ एकड़ क्षेत्र में ड्रिप सिंचाई प्रणाली स्थापित की.इसके लिए उन्हें शासन से 55 प्रतिशत अनुदान प्राप्त हुआ, जिससे आधुनिक तकनीक अपनाने की लागत काफी कम हो गई.

कम पानी, कम लागत और बेहतर उत्पादन

आनंद राम पैकरा बताते हैं कि पहले पारंपरिक सिंचाई पद्धति में अधिक पानी, समय और श्रम लगता था तथा खेत में समान रूप से सिंचाई करना कठिन होता था. ड्रिप सिंचाई प्रणाली अपनाने के बाद पानी सीधे पौधों की जड़ों तक आवश्यक मात्रा में पहुंचने लगा है. इससे पानी की बचत होने के साथ पौधों का विकास बेहतर हुआ है और फसल की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार आया है.

उर्वरकों का बेहतर उपयोग, सब्जियों की गुणवत्ता में सुधार

उन्होंने बताया कि ड्रिप प्रणाली के माध्यम से उर्वरकों का उपयोग भी अधिक प्रभावी ढंग से किया जा रहा है.पौधों को आवश्यकता के अनुसार पोषक तत्व मिलने से टमाटर और गोभी की फसल अधिक स्वस्थ, गुणवत्तापूर्ण और अधिक उत्पादन देने वाली तैयार हो रही है. उत्पादन बढ़ने के साथ खेती की लागत में कमी आई है, जिससे सब्जी उत्पादन पहले की तुलना में अधिक लाभकारी बन गया है.

 किसानों की आय बढ़ाने पर सरकार का जोर

राज्य सरकार सूक्ष्म सिंचाई जैसी आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देकर जल संरक्षण, उत्पादन वृद्धि और किसानों की आय में बढ़ोतरी के लक्ष्य को साकार कर रही है. सरगुजा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में किसान शासन की योजनाओं का लाभ लेकर पारंपरिक खेती से आगे बढ़ते हुए वैज्ञानिक एवं तकनीक आधारित कृषि को अपना रहे हैं. इससे खेती अधिक टिकाऊ, लाभकारी और आत्मनिर्भर बन रही है.

 

MORE NEWS

Read more!