
बिहार की बड़ी आबादी खेती पर निर्भर है. किसानों को आधुनिक तकनीक सिखाने के लिए राज्य सरकार ने हर जिले में कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण की शुरुआत की है. इसकी ट्रेनिंग लेकर कई किसान अपनी खेती को ज्यादा फायदेमंद बना रहे हैं.
मधुबनी जिले के रामपुर गांव के रहने वाले रामभरोस महतो ने इसी योजना के तहत प्रशिक्षण लिया. इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद वे खेती से जुड़े, लेकिन शुरुआती दिनों में उन्हें कमाई नहीं होती थी. फिर भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और नए तरीके सीखने का फैसला किया.
कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण से प्रशिक्षण लेने के बाद उन्होंने अपने खेतों में आधुनिक तकनीक अपनानी शुरू की. आज वे खीरा, टमाटर, बैंगन, मिर्च और गोभी जैसी सब्जियां उगा रहे हैं. रामभरोस बताते हैं कि आधुनिक तकनीक से खेती शुरू करने के बाद उनका मुनाफा लगभग दोगुना हो गया है. अब खेती उनके लिए सिर्फ आजीविका का साधन नहीं, बल्कि बेहतर आमदनी और आत्मनिर्भरता का जरिया बन गई है.
समस्तीपुर जिले के यशवंत कुमार भी आधुनिक तकनीक अपनाकर खेती सुधार रहे हैं. पहले वे पारंपरिक तरीके से धान और गेहूं की खेती करते थे. कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण के जरिए उन्हें बनारस के सब्जी अनुसंधान केंद्र में सब्जी की खेती की ट्रेनिंग मिली.
इसके बाद उन्होंने सब्जियों की खेती शुरू की और आज चार से पांच एकड़ जमीन में सब्जियां उगा रहे हैं. उद्यान विभाग से सूक्ष्म सिंचाई पद्धति की जानकारी मिलने पर उन्होंने इसे भी अपने खेत में अपनाया, जिससे उन्हें काफी फायदा हो रहा है. यशवंत इसके लिए बिहार सरकार और कृषि विभाग का धन्यवाद करते हैं.
बिहार सरकार का उद्देश्य किसानों तक आधुनिक तकनीक पहुंचाना है, ताकि खेती की लागत घटे और आमदनी बढ़े. कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण के तहत किसान पाठशाला और खेतों में प्रदर्शन के जरिए किसानों को नई तकनीक की जानकारी दी जाती है. किसान सीधे खेत में सीखते हैं और उसे अपनी खेती में अपनाते हैं.
इसके अलावा किसानों को राज्य के दूसरे जिलों और बिहार के बाहर भी प्रशिक्षण के लिए भेजा जाता है. कस्टम हायरिंग सेंटर के जरिए उन्हें आधुनिक कृषि यंत्र भी उपलब्ध कराए जाते हैं.