कांग्रेस ने किसानों के मुद्दों पर कई जिलों में किया चक्‍का जाम, जीतू पटवारी ने जेल भरो आंदोलन की दी चेतावनी

कांग्रेस ने किसानों के मुद्दों पर कई जिलों में किया चक्‍का जाम, जीतू पटवारी ने जेल भरो आंदोलन की दी चेतावनी

मध्य प्रदेश में किसानों के मुद्दों पर कांग्रेस ने कई जिलों में विरोध तेज करते हुए चक्‍का जाम किया. इसी क्रम में शाजापुर में चक्का जाम का नेतृत्व जीतू पटवारी ने किया. उन्होंने सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए आंदोलन तेज करने और जरूरत पड़ने पर जेल भरो आंदोलन की चेतावनी दी.

Congress Highway Jam ShajapurCongress Highway Jam Shajapur
क‍िसान तक
  • Noida,
  • May 07, 2026,
  • Updated May 07, 2026, 4:54 PM IST

मध्य प्रदेश में किसानों के मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने विरोध तेज कर दिया है. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मध्‍य प्रदेश के कई जिलों में आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे जाम किया. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शाजापुर में ‘किसान चक्का जाम’ आंदोलन का नेतृत्व करते हुए सड़क सत्याग्रह किया. इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. पटवारी ने कहा कि किसान अपने हक की लड़ाई लड़ रहा है और कांग्रेस इस लड़ाई में पूरी ताकत से उसके साथ खड़ी है. उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल शुरुआत है और आगे इसे और व्यापक रूप दिया जाएगा.

सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप

प्रदर्शन के दौरान पटवारी ने राज्य सरकार पर किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था किसानों पर टिकी है, लेकिन उन्हें उनकी उपज का उचित दाम और न्याय नहीं मिल रहा है. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसानों के बेटों पर मुकदमे दर्ज किए जाते हैं तो कांग्रेस ‘जेल भरो आंदोलन’ शुरू करेगी. उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ी तो सरकार को जगाने के लिए और कड़े कदम उठाए जाएंगे.

मुख्यमंत्री और पूर्व सीएम पर सीधा निशाना

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर भी सीधा हमला बोला. उन्होंने कहा कि जब तक किसानों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक सरकार को चैन से नहीं बैठने दिया जाएगा. पटवारी ने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य आम जनता को परेशान करना नहीं है, बल्कि किसानों की आवाज को मजबूती से उठाना है.

इंदौर में हाईवे जाम से लंबी कतारें

उधर, आंदोलन के तहत इंदौर में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया. पिगदंबर इलाके में आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. व्यस्त हाईवे पर अचानक हुए इस चक्का जाम के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. यह प्रदर्शन कांग्रेस के राज्यव्यापी ‘चक्का जाम आंदोलन’ का हिस्सा बताया गया.

एमएसपी और योजनाओं पर उठाए सवाल

प्रदर्शन के दौरान आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का पूरा लाभ नहीं मिल रहा है. साथ ही सोयाबीन ‘भावांतर योजना’ में गड़बड़ी और मंडियों में कॉरपोरेट प्रभाव बढ़ने का भी आरोप लगाया गया. उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

आंदोलन को आगे बढ़ाने की चेतावनी

कांग्रेस नेताओं ने संकेत दिए हैं कि किसानों के मुद्दों पर यह आंदोलन आगे भी चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा. पटवारी ने कहा कि अगर सरकार ने जल्द समाधान नहीं किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस किसानों के साथ खड़ी है और उनके अधिकार दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रहेगा. (एजेंसी इनपुट के साथ)

MORE NEWS

Read more!