आज वैलेंटाइन डे है, इस अवसर पर महाराष्ट्र के जालना जिले का फूल बाजार रंग-बिरंगे फूलों से महक उठा है. बाजार में सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ देखने को मिल रही है और खासतौर पर गुलाब की मांग सबसे ज्यादा है.
वैलेंटाइन डे के चलते जालना का फूल बाजार पूरी तरह से सज गया है. बाजार में लाल और गुलाबी रंग के आकर्षक गुलाब बिक्री के लिए बड़ी मात्रा में पहुंचे हैं.
प्रेम दिवस के कारण युवा वर्ग के साथ-साथ दुकानदारों और व्यापारीयों द्वारा भी बड़ी संख्या में गुलाब की खरीदारी की जा रही है. फिलहाल बाजार में गुलाब की बिक्री 80 से 120 रुपये प्रति किलो के दर से हो रही है.
पिछले कुछ दिनों की तुलना में दामों में स्थिरता है, जिससे उत्पादक किसानों को संतोषजनक भाव मिल रहा है. किसानों का कहना है कि इस बार उत्पादन अच्छा हुआ है और मांग बढ़ने से उन्हें उचित मुनाफा मिल रहा है.
व्यापारियों के अनुसार, वैलेंटाइन डे के साथ-साथ कल महाशिवरात्रि और उसके बाद छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती जैसे धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों के कारण फूलों की मांग में और बढ़ोतरी होने की संभावना है.
इसके अलावा शादी-ब्याह के सीजन की शुरुआत भी होने वाली है, जिससे गुलाब के साथ-साथ बिजली, गलांडा, गेंदे और रातरानी जैसे फूलों को भी अच्छा भाव मिलने की उम्मीद है.
फूल उत्पादक किसानों ने मांग की है कि जालना को फूलों का प्रमुख हब बनाया जाए, ताकि यहां के किसानों को स्थायी बाजार और बेहतर सुविधाएं मिल सकें. यदि परिवहन और निर्यात की बेहतर व्यवस्था हो, तो स्थानीय किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है. (गौरव विजय साली की रिपोर्ट)