Photos: रामपुर पहुंचा किसान कारवा 2.0 क्षेत्रीय महासभा का पड़ाव, किसानों को कमाई बढ़ाने के मिले टिप्‍स

फोटो गैलरी

Photos: रामपुर पहुंचा किसान कारवा 2.0 क्षेत्रीय महासभा का पड़ाव, किसानों को कमाई बढ़ाने के मिले टिप्‍स

किसान कारवां 2.0: रामपुर किसान महासभा
  • 1/8

यूपी सरकार और इंडिया टुडे ग्रुप (किसान तक) की साझा पहल ‘किसान कारवां 2.0’ की आठवीं क्षेत्रीय किसान महासभा का पड़ाव रामपुर पहुंचा. 25 नवंबर को सांस्कृतिक सद्भावना केंद्र में आयोजित इस महासभा में भाभर तराई जोन के किसानों को आधुनिक खेती, फूड प्रोसेसिंग, पशुपालन और कृषि उद्यमिता से कमाई बढ़ाने के तरीके बताए गए. रामपुर में आयोजित किसान महासभा का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने दीप प्रज्वलित कर किया. इस मौके पर कृषि विज्ञान केंद्र रामपुर के प्रमुख डॉ. मयंक राय, जिला कृषि अधिकारी राम अनुज सिंह समेत कृषि विभाग के अधिकारी, वैज्ञानिक, प्रगतिशील किसान और कृषि उद्यमी मौजूद रहे.
 

  • 2/8

कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार किसानों की समस्याओं के स्थायी समाधान और उनकी आमदनी बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है. उन्होंने गन्ना, गेहूं, धान, दलहन, तिलहन और मोटे अनाज के उत्पादन में प्रदेश की प्रगति का जिक्र किया. साथ ही कृषि स्टार्टअप और फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में युवाओं को मिल रही मदद की जानकारी दी.

वैज्ञानिकों ने बताया कमाई बढ़ाने का तरीका

महासभा में ‘छोटे खेत, बड़े अवसर’ विषय पर विशेष पैनल चर्चा हुई. इसका संचालन वरिष्ठ कृषि पत्रकार जय प्रकाश सिंह ने किया. चर्चा में कृषि विज्ञान केंद्र रामपुर के प्रमुख डॉ. मयंक राय, डिप्टी डायरेक्टर राम किसन सिंह और प्रगतिशील किसान सरदार सर्वजीत सिंह व दीपक मेंहदी रत्ता ने हिस्सा लिया. विशेषज्ञों ने फसल विविधीकरण और छोटे खेतों में अधिक कमाई की संभावनाओं पर जानकारी दी.
 

  • 3/8

डॉ. मयंक राय ने कहा कि किसानों के सामने उत्पादन के साथ अपने उत्पाद को सही बाजार तक पहुंचाने की भी चुनौती है. किसान उत्पादक संगठन यानी एफपीओ के जरिए किसान एकजुट होकर अपनी उपज की बिक्री कर सकते हैं. इससे बाजार तक पहुंच आसान होगी और उत्पादों का बेहतर मूल्य हासिल करने में मदद मिलेगी.

ढैंचा की खेती से बढ़ाएं मिट्टी की उर्वरता

रामपुर के डिप्टी डायरेक्टर राम किसन सिंह ने किसानों को हरी खाद के महत्व के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से हर साल किसानों को हरी खाद के लिए ढैंचा का बीज उपलब्ध कराया जाता है. ढैंचा मिट्टी में कार्बनिक तत्वों की मात्रा बढ़ाने और उसकी उर्वरता सुधारने में मदद करता है.
 

  • 4/8

‘फूड प्रोसेसिंग: खेती में तरक्की की नई चाबी’ सत्र में किसानों को कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग और वैल्यू एडिशन के बारे में बताया गया. इसका संचालन किसान तक के स्पेशल कॉरस्पॉन्डेंट धर्मेंद्र सिंह ने किया. पैनल में केवीके रामपुर की फूड प्रोसेसिंग विशेषज्ञ डॉ. सुनीता पंत, वैज्ञानिक डॉ. नरेंद्र सिंह, प्रगतिशील किसान आरेंद्र सिंह बड़गोती और मशरूम उत्पादक रचना चौहान शामिल हुईं.

घर से भी शुरू कर सकते हैं फूड प्रोसेसिंग कारोबार

डॉ. सुनीता पंत ने बताया कि अनाज, दूध, गन्ना और मशरूम जैसे कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग करके किसान अपनी कमाई बढ़ा सकते हैं. इसके लिए शुरुआत में बड़े निवेश की जरूरत नहीं है. किसान घर से छोटे स्तर पर कारोबार शुरू कर सकते हैं और धीरे-धीरे उसका विस्तार कर सकते हैं.
 

  • 5/8

मुरादाबाद के प्रगतिशील किसान आरेंद्र सिंह बड़गोती ने अपनी सफलता की कहानी साझा की. उन्होंने बताया कि गन्ने से गुड़ बनाने की छोटी प्रोसेसिंग यूनिट शुरू की थी. अब उनकी यूनिट में रोजाना करीब 2 क्विंटल गुड़ तैयार होता है. यहां लगभग 10 तरह के गुड़ बनाए जाते हैं, जिनकी कीमत 150 से 300 रुपये तक है.

सरकारी नौकरी छोड़ मशरूम उत्पादन में बनाई पहचान

किसान रचना चौहान ने बताया कि वह पहले सरकारी शिक्षिका थीं. उनके पति भी सरकारी सेवा में थे. दोनों ने मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में काम शुरू करने का फैसला किया. शुरुआती चुनौतियों के बाद उनका कारोबार आगे बढ़ा और अब मशरूम उत्पादन से अच्छी आमदनी हो रही है. उन्होंने किसानों को नए व्यवसाय शुरू करने के लिए मेहनत, धैर्य और बाजार की समझ को जरूरी बताया.
 

  • 6/8

किसान महासभा में कृषि परिषद के गठन की पहल पर भी चर्चा हुई. इसका उद्देश्य किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, अधिकारियों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना है. परिषद के माध्यम से बीज, सिंचाई, फसल सुरक्षा, उत्पादन लागत और उपज के उचित मूल्य जैसी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी.
 

  • 7/8

किसान कारवां 2.0 के तहत खेती में नवाचार, फसल विविधीकरण, कृषि उद्यमिता और बेहतर काम करने वाले किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘कृषि वीर’ सम्मान दिया गया. रामपुर महासभा में कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने 10 प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया.

सम्मानित किसानों के नाम

1. सतपाल सैनी – सहारनपुर
2. उपेंद्र सिंह – मुरादाबाद
3. अरेंद्र सिंह – मुरादाबाद
4. सपना चौहान – रामपुर
5. सरदार सर्वजीत सिंह – रामपुर
6. नागेंद्र बड़गोती – मुरादाबाद
7. रामप्रवेश मौर्य – बहराइच
8. रणवीर सिंह – श्रावस्ती
9. ऋतुराज सिंह – बिजनौर
10. हरिओम – पीलीभीत
 

  • 8/8

महासभा में खेती-किसानी से जुड़ी चर्चाओं के बीच मनोरंजन का भी इंतजाम रहा. सीतापुर के जादूगर चंद्र प्रकाश ने अपने जादुई करतबों से किसानों का मनोरंजन किया. कार्यक्रम में किसानों को वैज्ञानिकों से खेती की नई तकनीकें जानने और प्रगतिशील किसानों के अनुभवों से सीखने का मौका मिला.

रामपुर में आयोजित आठवीं क्षेत्रीय किसान महासभा में किसानों को खेती के नए विकल्पों और कृषि उद्यमिता से जुड़ने का संदेश दिया गया. विशेषज्ञों ने बताया कि आधुनिक तकनीक, फसल विविधीकरण, पशुपालन, डेयरी और फूड प्रोसेसिंग के जरिए किसान छोटे खेतों से भी अधिक कमाई के अवसर तैयार कर सकते हैं. किसान कारवां 2.0 का उद्देश्य किसानों को खेती की जानकारी के साथ बाजार और कारोबार की संभावनाओं से जोड़ना है.