
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया जब नहर किनारे एक साथ 6 गायों के शव मिलने की खबर सामने आई. मामला थाना स्योहारा क्षेत्र के लांबाखेड़ा गांव के नहर रोड का है, जहां सोमवार सुबह ग्रामीणों ने नहर के पास गायों को मृत अवस्था में पड़ा देखा. सुबह टहलने निकले किसानों की नजर जैसे ही नहर किनारे पड़ी गायों पर गई, तो इलाके में अफरा-तफरी मच गई. देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सभी 6 गायें पास-पास पड़ी थी, जिसके बाद घटना की सूचना तुरंत पुलिस और प्रशासन को दी गई.
ग्रामीणों ने मृत गायों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, वायरल वीडियो में एक व्यक्ति यह भी कहा सुना जा सकता है, जिसमें उसने कहा कि यह गाय गौशाला में मरी हैं, जिनके शव यहां लाकर फेक दिए गए हैं, जिसके बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया है. वीडियो में नहर किनारे पड़ी गायों के शव साफ दिखाई दे रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि एक साथ इतनी गायों की मौत सामान्य नहीं हो सकती और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. जिले के एसपी अभिषेक झा ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को घेर कर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं.
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो क्षेत्र में असंतोष और अफवाहों के फैलने का सिलसिला बढ़ सकता है. फिलहाल पुलिस ने गायों के शवों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कराने की बात कही है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके. प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी. गांव लांबाखेड़ा में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है. ग्रामीण अपने पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.