किसान रैली को लेकर बड़ा एक्शन, RKMM प्रमुख ‘काका जी’ समेत 5 के खिलाफ FIR दर्ज

किसान रैली को लेकर बड़ा एक्शन, RKMM प्रमुख ‘काका जी’ समेत 5 के खिलाफ FIR दर्ज

मध्य प्रदेश के सिवनी में किसानों की रैली को लेकर पुलिस ने RKMM प्रमुख शिवकुमार शर्मा उर्फ ‘काका जी’ समेत 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है. आरोप है कि रैली के दौरान सरकारी अधिकारियों और महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की गई और प्रशासन की तय शर्तों का उल्लंघन किया गया.

RKMM प्रमुख ‘काका जी’ (सांकेतिक तस्वीर)RKMM प्रमुख ‘काका जी’ (सांकेतिक तस्वीर)
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Sep 12, 2026,
  • Updated Sep 12, 2026, 12:46 PM IST

मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में किसानों की रैली को लेकर राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ (RKMM) के अध्यक्ष शिवकुमार शर्मा उर्फ ‘काका जी’ समेत चार लोगों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है. आरोप है कि 10 सितंबर को हुई किसानों की रैली के दौरान कुछ किसान नेताओं ने सरकारी अधिकारियों और महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. इसके अलावा रैली के दौरान पुलिस और प्रशासन की ओर से लगाई गई शर्तों का भी उल्लंघन किया गया. पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है.

नायब तहसीलदार की शिकायत पर केस

पुलिस ने बताया कि नायब तहसीलदार राधिका पाठक की शिकायत पर डुंडासिवनी थाने में मामला दर्ज किया गया है. इसमें RKMM प्रमुख शिवकुमार शर्मा उर्फ ‘काका जी’, धनसिंह ठाकुर, प्रीतम सिंह ठाकुर, शुभम दयाल पटेल और राजेश सोलंकी के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की अलग-अलग धाराओं के तहत दर्ज किया गया है. इनमें महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी, लोक सेवक के आदेश की अवहेलना और किसी व्यक्ति को गलत तरीके से रोकने से जुड़ी धाराएं शामिल हैं.

रैली में 104 ट्रैक्टर और सैकड़ों लोग पहुंचे

पुलिस के अनुसार, रैली के आयोजकों को कार्यक्रम की अनुमति देते समय कुछ शर्तों का पालन करने के लिए कहा गया था. आरोप है कि इन शर्तों का पालन नहीं किया गया. आमझिरिया-मंडला बाईपास पर करीब 300 से 400 लोग और 104 ट्रैक्टर एकत्र हो गए. इसकी वजह से सड़क पर जाम की स्थिति बन गई. इससे आम लोगों के साथ-साथ एंबुलेंस को भी परेशानी का सामना करना पड़ा. पुलिस का कहना है कि रैली के मुख्य वक्ता शिवकुमार शर्मा ने सरकारी अधिकारियों और महिलाओं को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक और अपमानजनक बातें कहीं.

सरकारी कर्मचारियों ने जताई नाराजगी

रैली में महिला अधिकारियों के खिलाफ की गई कथित टिप्पणियों को लेकर सरकारी कर्मचारियों में भी नाराजगी है. शुक्रवार को अलग-अलग विभागों के कर्मचारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और अतिरिक्त कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा. कर्मचारियों ने आरोपी किसान नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. साथ ही उन्होंने मांग की कि संबंधित लोग सार्वजनिक रूप से माफी मांगें.

किसान आंदोलन में भी सक्रिय रहे हैं काका जी

शिवकुमार शर्मा उर्फ ‘काका जी’ किसान आंदोलन से जुड़े प्रमुख नेताओं में शामिल रहे हैं. उन्होंने 2020-21 के दिल्ली किसान आंदोलन के दौरान केंद्र सरकार के साथ किसानों की ओर से हुई बातचीत में भी हिस्सा लिया था. डुंडासिवनी थाना प्रभारी चैनसिंह उइके ने बताया कि मामले में आरोपियों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. (PTI)

MORE NEWS

Read more!