फसल बीमा के नाम पर वसूली का आरोप, विरोध में किसानों ने कर्मचारियों को पहनाई चूड़ी

फसल बीमा के नाम पर वसूली का आरोप, विरोध में किसानों ने कर्मचारियों को पहनाई चूड़ी

महोबा में फसल नुकसान के सर्वे के नाम पर किसानों से पैसे मांगने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने दो प्राइवेट सर्वेयरों को पकड़ लिया. गुस्साई महिला किसानों ने दोनों का अनोखे अंदाज में विरोध किया और बाद में उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया.

Advertisement
फसल बीमा के नाम पर वसूली का आरोप, विरोध में किसानों ने कर्मचारियों को पहनाई चूड़ीफसल बीमा के नाम पर वसूली का आरोप

उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में भारी बारिश से बर्बाद हुई फसलों के सर्वे के नाम पर अवैध वसूली से भड़के किसानों ने गजब का विरोध जताया. पीएम फसल बीमा योजना के तहत नुकसान दर्ज कराने आए प्राइवेट कंपनी के दो सर्वेयरों को महिलाओं ने चूड़ी, पेटीकोट, ब्लाउज पहनाया, लाली-बिंदी लगाई और जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया. किसानों का आरोप है कि 200 से अधिक किसानों से 2 लाख रुपये की वसूली की गई. वहीं, किसानों ने विधायक प्रतिनिधि की मौजूदगी में दोनों आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया.​

सर्वे के नाम पर पैसे मांगने का आरोप

मामला चरखारी विधानसभा अंतर्गत नटर्रा गांव का है, जहां पिछले 20 दिनों में हुई मूसलाधार बारिश ने किसानों की उड़द, तिली और मूंगफली की 90 फीसदी फसलों को तबाह कर दिया है. पीड़ित किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से राहत मिलने की आस लगाए बैठे थे, लेकिन बीमा कंपनी इफको टोक्यो से जुड़ी एक प्राइवेट एजेंसी के दो सर्वेयरों ने किसानों की इस मजबूरी का फायदा उठाना शुरू कर दिया.​

आरोप है कि पिछले एक सप्ताह से मध्य प्रदेश के छतरपुर निवासी दो सर्वेयर गांव में जाकर बीमा राशि ज्यादा दिलवाने और सर्वे में अधिक नुकसान दर्ज करने का लालच देकर अवैध वसूली कर रहे थे. एक हजार से लेकर पांच हजार रुपये तक की मांग की जा रही थी और पैसा न देने पर बीमा न मिलने की धमकी दी जा रही थी. भोले-भाले किसानों से करीब 2 लाख रुपये नगद और ऑनलाइन माध्यम से ऐंठ लिए गए.

ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ा

किसान ​इंद्रपाल कुशवाहा ने बताया कि जब जागरूक ग्रामीणों और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रविन्द्र राजपूत को इसकी जानकारी हुई, तो उन्होंने दोनों सर्वेयरों को रंगे हाथों पकड़ लिया. पूछताछ में आरोपियों ने किसानों से डरा-धमकाकर पैसे वसूलने की बात कबूल कर ली. इसकी सूचना जब चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत को दी गई, तो उनके निर्देश पर विधायक प्रतिनिधि सूरज पांडे समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे.

आरोपियों को पहनाया गया चूड़ी और साड़ी

विधायक प्रतिनिधि सूरज पांडेय के कड़े रुख और स्थानीय आक्रोश के बीच गांव की महिला किसानों ने दोनों सर्वेयरों का अनोखा इलाज किया महिलाओं ने उन्हें चूड़ी, पेटीकोट, ब्लाउज पहनाया, लाली-बिंदी लगाई और गले में जूतों की माला डालकर पूरे गांव में जुलूस निकाला. महिलाओं का कहना था कि मुसीबत में फंसे गरीब किसानों को ठगकर इन्होंने औरतों से भी बदतर काम किया है.

जांच और कार्रवाई का आश्वासन

प्रधान रविन्द्र राजपूत ने कहा कि हंगामे की खबर पाकर कृषि अधिकारी राम सजीवन भी मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने नामजद तहरीर देकर आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई और ठगे गए पैसों की वापसी की मांग की है. कृषि अधिकारी ने मामले की जानकारी जिलाधिकारी के संज्ञान में लाकर निष्पक्ष जांच और सख्त दंडात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है. फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं.

POST A COMMENT