लखपति दीदी से करोड़पति बनने का रास्ता साफ! 5 साल में SHG बहनों को मिलेगा ₹10 लाख करोड़ का लोन

लखपति दीदी से करोड़पति बनने का रास्ता साफ! 5 साल में SHG बहनों को मिलेगा ₹10 लाख करोड़ का लोन

लखपति दीदियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा ऐलान किया है. अगले 5 वर्षों में SHG को ₹10 लाख करोड़ का बैंक ऋण दिया जाएगा, जिसमें ₹1 लाख करोड़ व्यक्तिगत उद्यम शुरू करने वाली महिलाओं के लिए होगा. शिवराज सिंह चौहान ने 17 सितंबर को शाम 7 बजे 'एक दीया आशीर्वाद का' जलाने की अपील भी की.

धर्मेंद्र सिंह
  • New Delhi ,
  • Sep 12, 2026,
  • Updated Sep 12, 2026, 4:42 PM IST

ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा ऐलान किया है. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देशभर की स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं, लखपति दीदियों और प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के लाभार्थियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीधा संवाद किया.

इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अब ग्रामीण महिलाओं को केवल लखपति दीदी बनाने तक सीमित नहीं रहना है, बल्कि उन्हें मिलियनेयर और करोड़पति दीदी बनाने की दिशा में आगे बढ़ाना है. इसके लिए अगले पांच वर्षों में स्वयं सहायता समूहों को 10 लाख करोड़ रुपये का संस्थागत बैंक ऋण उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है. इसमें व्यक्तिगत स्तर पर कारोबार शुरू करने वाली दीदियों के लिए 1 लाख करोड़ रुपये का ऋण भी शामिल है.

3 करोड़ से ज्यादा लखपति दीदियां तैयार

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के तहत देश में अब तक 3 करोड़ से अधिक लखपति दीदियां तैयार हो चुकी हैं. सरकार का अगला लक्ष्य 6 करोड़ लखपति दीदियां बनाना है.उन्होंने कहा कि अब ग्रामीण महिलाएं केवल परिवार की जिम्मेदारियां संभालने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कारोबार कर रही हैं और परिवार की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं.महिलाएं अपने उत्पादों की पैकेजिंग, ब्रांडिंग और एक्सपोर्ट की दिशा में भी आगे बढ़ रही हैं.

अगले 5 साल में ₹10 लाख करोड़ का ऋण

SHG बैंक लिंकेज को मजबूत करने के लिए सरकार ने बड़ा लक्ष्य तय किया है. अगले पांच वर्षों में स्वयं सहायता समूहों को ₹10 लाख करोड़ का संस्थागत ऋण उपलब्ध कराया जाएगा.इसमें से ₹1 लाख करोड़ का ऋण व्यक्तिगत स्तर पर उद्यम शुरू करने वाली महिलाओं को उपलब्ध कराने का लक्ष्य है. इससे महिलाएं छोटे कारोबार को बड़े उद्यम में बदल सकेंगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी.

बैंक से लोन लेने में आने वाली दिक्कतें होंगी दूर

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि SHG की महिलाओं को बैंक से ऋण लेने में आने वाली परेशानियों को दूर किया जाएगा.बैंक द्वारा ऋण स्वीकृत करने में देरी, अनावश्यक दस्तावेज मांगने और गारंटी या कोलैटरल जैसी समस्याओं को लेकर बैंकों को निर्देश दिए गए हैं.

इसके अलावा महिलाओं की बैंक संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए जल्द ही विशेष हेल्पलाइन शुरू की जाएगी.इस हेल्पलाइन के जरिए दीदियों की समस्याओं का समन्वय के साथ जल्द समाधान किया जाएगा.

31 अक्टूबर तक जन समर्थ पोर्टल से जुड़ेंगे बैंक

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि सभी बैंकों को 31 अक्टूबर तक जन समर्थ पोर्टल पर पूरी तरह ऑनबोर्ड होना होगा. इसका उद्देश्य ऋण आवेदन और उसकी स्वीकृति की प्रक्रिया की रियल-टाइम मॉनिटरिंग करना है, ताकि महिलाओं को लोन लेने में अनावश्यक देरी का सामना न करना पड़े.

6 लाख से ज्यादा बहनों ने लिया संवाद में हिस्सा

वर्चुअल संवाद कार्यक्रम में देशभर से 6 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूह की बहनें, लखपति दीदियां, ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारी और PMAY-G के लाभार्थी जुड़े.

असम के कामरूप की तूलिका दीदी ने बताया कि मशरूम और बेकरी उत्पादों के कारोबार से वह सालाना 12 से 14 लाख रुपये की आय अर्जित कर रही हैं. उन्होंने अपने समूह से 200 से अधिक महिलाओं को भी जोड़ा है।

वहीं बिहार के जहानाबाद की अनु देवी, मध्य प्रदेश के सीहोर की बबीता दीदी और त्रिपुरा के अनिमेष सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान मिलने से उनके परिवारों का जीवन सुरक्षित और सम्मानजनक हुआ है.

पक्के मकान के साथ मिल रही कई सुविधाएं

कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ उन्हें उज्ज्वला गैस कनेक्शन, नल से जल, शौचालय और आयुष्मान कार्ड जैसी सुविधाओं का लाभ भी मिला है.

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब परिवारों का कच्चे मकान से पक्के घर तक का सफर पूरा हो रहा है और विभिन्न सरकारी योजनाओं ने ग्रामीण परिवारों के जीवन में बड़ा बदलाव किया है.

17 सितंबर को जलेगा 'एक दीया आशीर्वाद का'

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशवासियों से एक विशेष अपील भी की.उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को शाम 7 बजे देशभर के लोग अपने घरों में 'एक दीया आशीर्वाद का' जलाएं.उन्होंने इसे प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन के साथ देश की प्रगति और विकास के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक बताया.

तेलंगाना के गांव में दीदियों के साथ दीप जलाएंगे शिवराज

शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि वह स्वयं 17 सितंबर को तेलंगाना के एक ग्रामीण क्षेत्र में पहुंचेंगे.वहां वह स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, प्रधानमंत्री आवास योजना और किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों के साथ शाम 7 बजे दीप प्रज्ज्वलित करेंगे.

उन्होंने कहा कि ग्रामीण भारत की नारी शक्ति देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है और आने वाले समय में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं आर्थिक आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम करेंगी.

 

MORE NEWS

Read more!