
पंजाब के फरीदकोट जिले के पक्खी कलां गांव में चोरी की एक अनोखी और चिंताजनक घटना सामने आई है. यहां चोरों ने एक ही रात में गांव के किसानों के खेतों से करीब 25 ट्यूबवेल मोटरें उखाड़कर चोरी कर ली. लगातार हो रही मोटर चोरी की घटनाओं से परेशान किसानों ने अब चोरों से ही अनोखे अंदाज में एक अपील की है. किसानों का कहना है कि ट्यूबवेल मोटरें काफी महंगी होती हैं और इन्हें खरीदने में हजारों रुपये खर्च होते हैं. वहीं, चोर इन्हें चोरी कर कबाड़ की दुकानों पर बहुत कम कीमत में बेच देते हैं. ऐसे में किसानों ने एक पोस्टर लगाकर अपील की है कि अगर चोरों को पैसों की जरूरत है तो वे मोटरें चोरी करने के बजाय अपना QR कोड या स्कैनर गांव में कहीं लगा दें, गांव के लोग आपस में पैसे इकट्ठा करके उनके खाते में भेज देंगे, लेकिन खेतों की मोटरें न चुराएं.
ग्रामीणों के मुताबिक पहले भी एक-दो मोटरों की चोरी की घटनाएं होती रहती थीं, लेकिन हाल ही में एक साथ 25 मोटरें चोरी हो जाना बड़ा झटका है. इससे कई खेतों में सिंचाई का काम ठप हो गया है. इस समय धान की बुवाई का सीजन चल रहा है और मोटरों के बिना किसानों को फसलों की सिंचाई करने में भारी परेशानी हो रही है.
किसानों का आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद न तो पुलिस चोरों तक पहुंच पा रही है और न ही प्रशासन इस समस्या को गंभीरता से ले रहा है. मोटरों की चोरी से किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ खेती-किसानी का काम भी प्रभावित हो रहा है. इसी नाराजगी और बेबसी के बीच किसानों ने पोस्टर के जरिए चोरों से भावुक अपील की है कि वे उनकी मोटरें चोरी न करें. किसानों का कहना है कि महंगी मोटरों को बार-बार लगवाना उनके बस की बात नहीं है और यदि चोरी का सिलसिला नहीं रुका तो खेती करना और मुश्किल हो जाएगा.
गांव के किसान सिमरनजीत सिंह बराड़ ने बताया कि पहले किसान और मजदूर रात के समय मोटर वाले कमरों में रहकर रखवाली करते थे, लेकिन अब हथियारबंद गिरोहों के डर के कारण कोई भी खेतों में रुकने की हिम्मत नहीं करता. उन्होंने कहा कि 10 से 12 सदस्यों के संगठित गिरोह सक्रिय हैं, जिनके पास हथियार भी होते हैं. ऐसे में जान जोखिम में डालने से बेहतर उन्होंने अपनी बेबसी को पोस्टर के माध्यम से जाहिर करना उचित समझा.
वहीं, क्षेत्र के डीएसपी ने बताया कि पुलिस जल्द ही इस मामले का खुलासा करेगी. उन्होंने कहा कि कोटकपूरा पुलिस ने हाल ही में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो रात के समय खेतों से मोटर चोरी करने की घटनाओं में शामिल थे. फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनका इस वारदात से कोई संबंध है या नहीं. डीएसपी ने कहा कि आरोपियों की निशानदेही पर मोटर चोरी करने वाले गिरोह के अन्य सदस्यों तक भी जल्द पहुंचा जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. (प्रेम कुमार पासी की रिपोर्ट)