हड़कंप! खून से किसानों के लिए गुमनाम चिट्ठी, ''5 लाख दो नहीं तो जला देंगे खेत", जानें पूरा मामला

हड़कंप! खून से किसानों के लिए गुमनाम चिट्ठी, ''5 लाख दो नहीं तो जला देंगे खेत", जानें पूरा मामला

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में जिला पंचायत सदस्य समेत पांच किसानों को गुमनाम धमकी भरी चिट्ठियां मिली है. इन चिट्ठियों में किसानों से फिरौती मांगी गई है. फिरौती न देने की स्थिति में खेतों को आग के हवाले करने की धमकी दी गई है.

किसानों के लिए गुमनाम चिट्ठीकिसानों के लिए गुमनाम चिट्ठी
राहुल कुमार
  • Saharanpur,
  • Feb 06, 2026,
  • Updated Feb 06, 2026, 11:15 AM IST

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के थाना गंगोह क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जिला पंचायत सदस्य समेत पांच किसानों को गुमनाम धमकी भरी चिट्ठियां मिलीं. इन चिट्ठियों में किसानों से पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी गई है. फिरौती न देने की स्थिति में पूरे परिवार को जिंदा जलाने और खेतों को आग के हवाले करने की धमकी दी गई है. एक साथ कई किसानों के नाम इस तरह की चिट्ठियां मिलने से इलाके में दहशत का माहौल है.

धमकी भरी चिट्ठियों से भयभीत किसान 

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, गंगोह थाना क्षेत्र के गांव बुड्डाखेड़ा निवासी जिला पंचायत सदस्य रामदास सैनी पुत्र आत्माराम ने बताया कि 3 फरवरी की सुबह वह अपने खेत पर पहुंचे थे. खेत में बने कोठे के गेट पर उन्हें लाल स्याही से लिखी गुमनाम धमकी भरी चिट्ठी मिली. इसी तरह गांव के अन्य किसानों के खेतों पर भी ऐसी ही चिट्ठियां पाई गईं, जिससे सभी किसान भयभीत हो गए.

फिरौती में मांगा गया है पांच लाख रुपये

धमकी भरी चिट्ठियों में साफ तौर पर 13 फरवरी तक पांच लाख रुपये देने का अल्टीमेटम दिया गया है. चिट्ठी में यह भी लिखा गया है कि अगर पुलिस को सूचना दी गई या पैसे नहीं दिए गए, तो पूरे परिवार को जिंदा जला दिया जाएगा और खेतों में आग लगा दी जाएगी. इस तरह की गंभीर धमकियों से सहमे किसानों ने पुलिस से जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है.

मामले की जांच कर की जाएगी कार्रवाई

मामले को गंभीरता से लेते हुए गंगोह कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार ने पीड़ित किसानों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया है. एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि थाना गंगोह के ग्राम बुड्ढा खेड़ा में एक व्यक्ति को गुमनाम धमकी भरी चिट्ठी मिली है, जिसमें पैसों की मांग की गई है. तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और पूरे मामले की जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. बता दें कि गुमनाम चिट्ठियां ज्यादातर किसानों के खेतों में लहे ट्यूबवेल पर मिली है, जिसमें किसानों को धमकी दी गई है और पैसों की भी डिमांड की गई है. 

MORE NEWS

Read more!