
छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में कृषि विभाग कार्यालय के अंदर मारपीट का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि पीएम किसान सम्मान निधि नहीं मिलने से परेशान एक वकील अपने काम से कार्यालय गया था. उसके साथ एक पत्रकार भी मौजूद था. आरोप है कि वहां मौजूद एक कर्मचारी ने दोनों के साथ लात-घूंसों से जमकर मारपीट की. इतना ही नहीं, मारपीट के बाद दोनों को करीब दो घंटे तक अपने साथियों के साथ कमरे में बंधक बनाकर भी रखा.
बताया जा रहा है कि पूरी घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. इसके बावजूद अधिकारी इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं और खुद को बचाने की कोशिश कर रहे हैं. इस मामले में न तो पुलिस कैमरे के सामने आ रही है और न ही पीड़ितों को खुलकर सामने आने दिया जा रहा है. पत्रकार और वकील के साथ सरकारी दफ्तर में हुई इस घटना को लेकर इलाके में चर्चा तेज है.
इस संबंध में जानकार सूत्र बताते हैं कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के वकील जनक बरेठ अपनी माता के पीएम किसान सम्मान निधि की राशि से जुड़ी समस्या को लेकर आवेदन देने कृषि कार्यालय पहुंचे थे. उनके साथ एक स्थानीय पत्रकार पोश कुमार भी मौजूद थे. दोनों ने पहले जिला कृषि अधिकारी से मुलाकात की, जिसके बाद उन्हें संबंधित कर्मचारी आरईओ (ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी) प्रवीण पटेल के पास भेजा गया. इस दौरान टेबल पर पीड़ित वकील और पत्रकार ने अधिकारी को अपनी समस्या बताते हुए कागजात भी पेश किए पर बातचीत के दौरान अचानक आरईओ अधिकारी ने पहले पत्रकार को धक्का दिया और एक के बाद एक घुसे उसके मुंह पर बरसा दिए. बचाव करने के दौरान वकील को भी लात और घूसों से पीटते हुए इस अधिकारी ने कार्यालय में मौजूद अन्य कर्मचारी के साथ दोनों को बंधक बना लिया.
सरकारी दफ्तर में जानकारी लेने पहुंचे एक वकील और उसके साथ गए पत्रकार के साथ जिस तरह मारपीट की गई, उससे मामला गंभीर हो गया है. बताया जा रहा है कि दोनों को बुरी तरह पीटा गया और पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड भी हुई है. इसके बावजूद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से बच रहे हैं. इस चुप्पी को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं. सूत्रों के अनुसार, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में किसान सम्मान निधि नहीं मिलने की सैकड़ों शिकायतें हैं. कहा जा रहा है कि जब लोग जानकारी मांगने पहुंचते हैं, तो वहां मौजूद कुछ अधिकारी और कर्मचारी नाराज होकर इस तरह का व्यवहार कर रहे हैं.
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के कृषि विभाग कार्यालय में हुई मारपीट की पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. जब इसके फुटेज सामने आए, तो आरोप है कि अधिकारी इसे छुपाने की कोशिश करने लगे. लेकिन कुछ लोगों ने यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद मामला गरमा गया है और अब इस घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई है.