यूपी के इटावा में सड़क हादसे के बाद हाईवे पर मुर्गों की लूट मच गई. दरअसल, एक डीसीएम यानी ट्रक में करीब 27 क्विंटल मुर्गियां ले जाई जा रही थी. तभी डीसीएम अनियंत्रित होकर पलट गई. डीसीएम पलटते ही उसमें भरी मुर्गियां जमीन पर गिर गईं. जैसे ही राहगीरों ने यह देखा तो उन्होंने लूटपाट शुरू कर दी.
आपको बता दें कि पूरा मामला इटावा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम सराय भूपत के सामने नेशनल हाईवे-2 का है. जहां बुधवार की दोपहर मुर्गे-मुर्गियों से भरी डीसीएम टायर फटने से पलट गई. लेकिन राहगीरों ने डीसीएम ड्राइवर की मदद करने की बजाय उसकी गाड़ी से मुर्गियां लूटना शुरू कर दिया. एक घंटे तक बीच सड़क पर ये सब होता रहा.
जो भी वहां से गुजर रहा था, चाहे वह बाइक पर हो, कार में हो या पैदल, सभी मुर्गे-मुर्गियों को लूट रहे थे. कई लोग इसे बोरे में भर कर ले गये. वहीं, ट्रक ड्राइवर चाहकर भी किसी को नहीं रोक सका. लोग उनकी बातों को नजरअंदाज कर रहे थे. वह इस लूट को अपने सामने देखता रहा.
जानकारी के मुताबिक, मोहम्मद शरीफ खान डीसीएम ट्रक में करीब 27 क्विंटल जिंदा मुर्गियां लेकर कानपुर से आगरा जा रहे थे. तभी अचानक डीसीएम ट्रक का टायर फट गया और वह पलट गया. डीसीएम पलटते ही उसमें भरे मुर्गे-मुर्गियां बाहर निकल आए. जिसमें कुछ की मृत्यु हो गई और कुछ जीवित थे.
इसी बीच राहगीर मुर्गियां लूटने लगे. कोई बोरी में भरकर ले जा रहा था तो कोई दूध की टंकी में भरकर ले जा रहा था. इस काम में महिलाएं भी पीछे नहीं रहीं. प्रत्यक्षदर्शी राकेश कुमार ने बताया कि लोग अपनी गाड़ियों में मुर्गियां भरकर ले गए. जो भी वहां से गुजर रहा था वही मुर्गियां छीन ले रहा था.
डीसीएम चालक मोहम्मद शरीफ ने बताया कि मैं कानपुर से आगरा माल लेकर जा रहा था. रास्ते में कार का टायर फट गया और कार पलट गई. इसके बाद ग्रामीण और वहां से गुजर रहे लोग मुर्गों को ले गए. करीब एक घंटे बाद पुलिस आई. पुलिस ने हाइड्रा को बुलाया और मेरे ट्रक को किनारे करवा दिया. इस दौरान लाखों रुपये का नुकसान हुआ.