
मध्यप्रदेश के लिए गर्व का क्षण है कि विश्व प्रसिद्ध बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व को देश के प्रतिष्ठित "इंडिया टुडे टूरिज्म सर्वे एंड अवार्ड्स-2026" में "Editor's Choice Award – Best Wildlife Destination" श्रेणी में सम्मानित किया गया है.यह पुरस्कार वन्यजीव संरक्षण, उत्कृष्ट पर्यटन प्रबंधन, पर्यटकों को विश्वस्तरीय अनुभव प्रदान करने और जैव विविधता संरक्षण के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन और वन्यजीव संरक्षण के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता के चलते मध्यप्रदेश लगातार देश के प्रमुख वन्यजीव पर्यटन स्थलों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है.बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व को मिला यह सम्मान इसी दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.
गोवा में आयोजित भव्य समारोह में केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत तथा गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया.बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व की ओर से फील्ड डायरेक्टर डॉ. अनुपम सहाय और अपर मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एल. कृष्णमूर्ति ने यह सम्मान प्राप्त किया.
यह सम्मान न केवल बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व की उपलब्धियों को रेखांकित करता है, बल्कि मध्यप्रदेश की वन्यजीव संरक्षण नीति और पर्यटन विकास के सफल मॉडल को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाता है.
बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व देश-विदेश के पर्यटकों के बीच अपनी समृद्ध जैव विविधता, बाघों की अच्छी संख्या, प्राकृतिक सौंदर्य और प्रभावी संरक्षण प्रबंधन के लिए विशेष रूप से प्रसिद्ध है. हर वर्ष हजारों पर्यटक यहां बाघों और अन्य वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक आवास में देखने पहुंचते हैं.
रिजर्व में वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, स्थानीय समुदायों की सहभागिता बढ़ाने और पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. यही कारण है कि बाँधवगढ़ आज देश के सबसे लोकप्रिय वन्यजीव पर्यटन स्थलों में शामिल है.
यह सम्मान बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों, वनकर्मियों, स्थानीय समुदायों और संरक्षण सहयोगियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है.सभी के समर्पण और निरंतर प्रयासों ने इस रिजर्व को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है.
बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व को मिला यह पुरस्कार न केवल रिजर्व बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय है. इससे राज्य की पहचान देश के अग्रणी वन्यजीव पर्यटन गंतव्यों में और अधिक मजबूत होगी तथा पर्यटन क्षेत्र को नई गति मिलेगी.वन्यजीव संरक्षण और पर्यटन विकास के क्षेत्र में मध्यप्रदेश की यह उपलब्धि आने वाले समय में राज्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.