Vegetable Inflation: महंगी सब्जियों से हर हफ्ते 50 फीसदी खर्च बढ़ा, सबसे ज्यादा पैसा प्याज-टमाटर पर खर्च हो रहा 

Vegetable Inflation: महंगी सब्जियों से हर हफ्ते 50 फीसदी खर्च बढ़ा, सबसे ज्यादा पैसा प्याज-टमाटर पर खर्च हो रहा 

पिछले कुछ दिनों में मंडियों में सब्जियों और फलों की आवक में कमी के चलते प्याज, आलू और टमाटर समेत ज्यादातर ताजा सब्जियों की कीमतों में उछाल देखा गया है. लोग हर सप्ताह सब्जियों पर 50 फीसदी या उससे अधिक खर्च कर रहे हैं.

सब्जियों में सबसे ज्यादा पैसा टमाटर और प्याज की खरीद पर खर्च हो रहा है.सब्जियों में सबसे ज्यादा पैसा टमाटर और प्याज की खरीद पर खर्च हो रहा है.
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Jul 16, 2024,
  • Updated Jul 16, 2024, 5:25 PM IST

बढ़ती खाद्य महंगाई दर लोगों की जेब पर विपरीत असर डाल रही है. सर्वे रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि 60 फीसदी लोग हर सप्ताह सब्जियों पर आधे से अधिक खर्च कर रहे हैं. पिछले महीनों की तुलना में लोग हर सप्ताह सब्जियों पर 50 फीसदी या उससे अधिक खर्च कर रहे हैं. सब्जियों में सबसे ज्यादा पैसा टमाटर और प्याज की खरीद पर खर्च हो रहा है. 

खाद्य महंगाई दर पर किए गए लोकल सर्किल्स के सर्वे में पता चला है कि 10 में से छह लोग पिछले महीनों की तुलना में हर सप्ताह सब्जियों पर 50 फीसदी या उससे अधिक खर्च कर रहे हैं. सर्वे में शामिल लगभग 71 फीसदी उपभोक्ताओं ने टमाटर के लिए 50 रुपये प्रति किलोग्राम या उससे अधिक का भुगतान करने की बात कही. जबकि, 18 फीसदी लोगों ने कहा कि टमाटर के लिए 100 रुपये प्रति किलोग्राम से अधिक खर्च किए हैं. सर्वे में देश के 393 जिलों में स्थित परिवारों से 41,000 लोगों को शामिल किया गया है. 

पिछले कुछ दिनों में मंडियों में सब्जियों और फलों की आवक में कमी के चलते प्याज, आलू और टमाटर समेत ज्यादातर ताजा सब्जियों की कीमतों में उछाल देखा गया है. ज्यादातर राज्यों में बाजार की कमी के चलते इस सप्ताह प्याज और टमाटर की कीमतों में उछाल देखा गया है. टमाटर की कीमतें एक महीने पहले 45-50 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर अब 80-100 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गई हैं. कीमतों को नियंत्रत करने के लिए कुछ राज्य सरकारों ने कारोबारियों को स्टॉक रखने पर रोक लगा दी है. वहीं, केंद्र सरकार जल्द ही बफर स्टॉक से प्याज जारी करने पर विचार कर रही है. 

टमाटर, आलू और बैंगन के दाम ने रुलाया

केवल टमाटर, प्याज और आलू ही महंगे नहीं हुए हैं, बल्कि कुछ शहरों में बैंगन भी 110-140 रुपये प्रति किलोग्राम पर बिक रहा है, जो जून की शुरुआत की कीमतों से लगभग 150 फीसदी महंगा हो गया है. करेला, शिमला मिर्च और लौकी जैसी सब्जियों की कीमतों में भी औसतन 50 फीसदी की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है. क्रिसिल के फूड प्लेट कॉस्ट ट्रैकर ने अनुमान लगाया है कि घर में पकाए गए शाकाहारी भोजन की कीमत सालाना आधार पर 10 फीसदी महंगी हो गई है. जबकि, मांसाहारी भोजन की थाली का दाम 7 महीने के हाइएस्ट लेवल पर पहुंच गई है. 

सब्जियों की ऊंची कीमतों ने खाद्य महंगाई बढ़ाई

सांख्यिकी मंत्रालय के अनुसार जून 2024 में खाद्य महंगाई दर 9.36 फीसदी दर्ज की गई है, जो मई में 8.62 फीसदी और उससे पहले अप्रैल में  अप्रैल 8.75 फीसदी थी. खाद्य महंगाई दर में इस बढ़ोत्तरी की वजह सब्जियों की कीमतों में भारी उछाल रहा है. जून 2024 में सब्जियों की महंगाई दर बढ़कर 29.32 फीसदी पर जा पहुंची है, जो मई में 27.33 फीसदी थी. जून में दालों की महंगाई दर 16.07 फीसदी और फलों की महंगाई दर 7.1 फीसदी रही है.

ये भी पढ़ें - 

MORE NEWS

Read more!