Kisan Karwan: 64वें पड़ाव में रामपुर पहुंचा किसान कारवां, किसानों को खेती-पशुपालन और योजनाओं की मिली जानकारी

Kisan Karwan: 64वें पड़ाव में रामपुर पहुंचा किसान कारवां, किसानों को खेती-पशुपालन और योजनाओं की मिली जानकारी

रामपुर में किसान कारवां के 64वें पड़ाव पर किसानों को खेती, पशुपालन और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई. कार्यक्रम में आधुनिक तकनीक, उर्वरक उपयोग और मशीनों के जरिए आय बढ़ाने के उपाय साझा किए गए.

Kisan Karwan RampurKisan Karwan Rampur
अंक‍ित कुमार स‍िंह
  • रामपुर,
  • Apr 20, 2026,
  • Updated Apr 20, 2026, 3:47 PM IST

मुरादाबाद और बरेली के बीच कोसी नदी के बाएं किनारे पर बसा, अपनी ऐतिहासिक समृद्धि और नवाबी ठाठ के लिए प्रसिद्ध जनपद रामपुर में ‘किसान तक’ का किसान कारवां पहुंचा. उत्तर प्रदेश के 75 जिलों के कवरेज में यह 64वां जनपद रहा. बढ़ती गर्मी के बीच जनपद के रासडंडियां गांव में आयोजित कार्यक्रम  के दौरान महिला, पुरुष और युवाओं की अच्छी भागीदारी देखने को मिली. कृषि की विभिन्न फसलों के साथ-साथ पशुपालन के क्षेत्र में भी यह जनपद अग्रणी है और चीनी उद्योग का एक बड़ा केंद्र माना जाता है. कारवां कार्यक्रम के दौरान कृषि और पशुपालन के क्षेत्र में हो रहे बदलावों और सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में केवीके, कृषि विभाग और पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने किसानों को विस्तृत जानकारी दी.

उत्तर प्रदेश सरकार और इंडिया टूडे ग्रुप की संयुक्त पहल से शुरू किए गए ‘किसान तक’ किसान कारवां कार्यक्रम में पशुपालन एवं कृषि से जुड़े अधिकारियों की उपस्थिति रही. इसके साथ ही खेती और कृषि मशीनों से जुड़ी मशहूर कंपनियों- इफको, इफको एमसी और स्थिल के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान किसानों के मनोरंजन के लिए जादूगर ने अपने प्रदर्शन के माध्यम से खेती और पशुपालन से जुड़ी जानकारियां रोचक अंदाज में पेश की. इसके अलावा, 12 किसानों को लकी ड्रॉ के माध्यम से नकद पुरस्कार भी वितरित किए गए.

देसी गाय पालने पर सरकार दे रही 50 फीसदी सब्सिडी

पहले चरण में वेटनरी ऑफिसर धमोरा, रामपुर डॉ. जोश कुमार ने किसानों को देसी नस्ल सुधार और देसी गौ पालन करने को लेकर जोर दिया. इसके साथ ही उन्होंने किसानों को मिनी नंदनी कृषक योजना के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि इस योजना के तहत 10 देसी गाय पालन पर 23 लाख 60 हजार रुपए लागत तय किया गया है, जिसमें 50% अनुदान सरकार के द्वारा दिया जाएगा. इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री गौ संवर्धन योजना के बारे में किसानों को जानकारी दी. इस योजना के तहत किसान दो गायों का पालन कर सकते हैं.

इफको एमसी ने उत्‍पादों की जानकारी दी

दूसरे चरण में इफको एमसी बरेली के क्षेत्रीय प्रबंधक हरीश गंगवार ने किसानों को माइकोज़ेन, शिराशागी, हुयूमेत्शू उत्पादों के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि ये तमाम उत्पाद गन्ना, धान, गेहूं सहित अन्य फसलों में उपयोग किए जा सकते हैं. वहीं, इन उत्पादों को खरीदने के दौरान किसान इफको से जुड़े हुए प्रतिनिधियों से जानकारी जरूर हासिल कर लें. आगे उन्होंने बताया कि इफको एमसी द्वारा कई उत्पादों पर किसानों को बीमा भी दिया जा रहा है, जो 1 लाख तक है.

फॉर्मर आईडी जल्दी बनवाएं किसान

तीसरे चरण में कृषि विभाग डीडीएजी रामपुर के राम किशन सिंह ने किसानों को किसान सम्मान निधि की राशि के बारे में जानकारी दी. इसके साथ ही उन्होंने फार्मर आईडी के बारे में भी किसानों को बताया और कहा कि अब जो भी योजनाएं चलाई जा रही हैं, उनमें किसान की फार्मर आईडी बहुत जरूरी है. इसलिए संभव हो सके तो जल्द से जल्द किसान अपनी फार्मर आईडी जरूर बनवाएं. इसके साथ ही उन्होंने उर्वरकों को लेकर भी बताया कि समय के साथ अब संतुलित उर्वरक का प्रयोग करने की जरूरत है. साथ ही सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में किसानों को अवगत कराया.

स्थिल के कृषि यंत्र से बढ़ेगी किसानों की आमदनी

चौथे चरण में स्थिल कंपनी के प्रतिनिधि शुभम मिश्रा ने बताया कि कृषि के क्षेत्र में कृषि यंत्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है. आधुनिक कृषि यंत्रों में स्थिल कंपनी के पास कई ऐसे छोटे और बड़े यंत्र उपलब्ध हैं, जो किसानों के श्रम और समय दोनों की बचत करते हैं. कंपनी कृषि यंत्रों के क्षेत्र में अपनी गुणवत्ता और भरोसे के लिए जानी जाती है. इसके उत्पाद जैसे चेनसॉ, ब्रश कटर और स्प्रेयर किसानों के काम को आसान, तेज और अधिक प्रभावी बनाते हैं. साथ ही सरकार द्वारा अनुदान भी दिया जा रहा है.

धान की नर्सरी की तैयारी से पहले किसान करें यह काम

पांचवें चरण में केवीके रामपुर के वैज्ञानिक डॉ. अनुज बंसल ने धान की खेती के दौरान बीजों का चयन किसान कैसे करें, इसको लेकर किसानों को विस्तार से जानकारी दी. साथ ही उन्होंने किसानों को तना छेदक कीट के उपचार को लेकर जानकारी दी. इसके साथ ही धान की नर्सरी लगाने से पहले किसान खेत की तैयारी कैसे करें, इसको लेकर भी जानकारी दी.

नैनो डीएपी और यूरिया का उपयोग करें किसान

छठवें चरण में इफ्फको रामपुर के प्रतिनिधि जे.के. रावत ने किसानों को उर्वरकों के संतुलित प्रयोग के बारे में जानकारी दी. साथ ही उन्होंने बताया कि यह किसानों के बीच अपनी जगह कैसे बना पाया है और इसके इतिहास का भी जिक्र किया. साथ ही उन्होंने नैनो डीएपी, नैनो यूरिया सहित नैनो जिंक से जुड़े उत्पादों के बारे में किसानों को बताया और समझाया कि आने वाले दिनों में अब किसानों को इन्हीं उत्पादों के साथ खेती में आमदनी बढ़ानी है. 

जीवाश्म कार्बन बढ़ाने के लिए गोबर खाद उपयोग करें

सातवें चरण में केवीके रामपुर के कृषि वैज्ञानिक डॉ. नरेंद्र सिंह ने किसानों को उर्वरकों के संतुलित उपयोग के बारे में बताया. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कई उर्वरक विदेश से आते हैं, इसलिए अब समय आ गया है कि किसान गोबर और जैविक उर्वरकों का उपयोग करना शुरू करें. इसके साथ ही उन्होंने मिट्टी में जीवाश्म कार्बन बढ़ाने पर जोर दिया और यह भी बताया कि जीवाश्म कार्बन कैसे बढ़ाया जा सकता है. इसके अलावा उन्होंने किसानों को ढैंचा की खेती करने का सुझाव दिया.

कला के जरिए खेती का संदेश

आठवें चरण में जादूगर ने अपनी कला के माध्यम से खेती से जुड़ी जानकारी प्रस्तुत की. उन्होंने किसानों को गोबर खाद के उपयोग और पशुपालन को बढ़ावा देने का सुझाव दिया. साथ ही हर शुभ अवसर पर वृक्ष लगाने की अपील की और आय 
दोगुनी करने के उपाय बताए.

लकी ड्रॉ के जरिए किसानों को दी गई नकद राशि

अंतिम, नौवें चरण में लकी ड्रॉ का आयोजन किया गया, जिसमें 10 विजेताओं को 500 रुपये और 5 लोगों को एक-एक हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया. ‘किसान तक’ का यह कारवां किसानों को आधुनिक तकनीक, बाजार से जुड़ाव और आय बढ़ाने के उपायों से जोड़ने का एक प्रभावी मंच प्रदान कर रहा है.

MORE NEWS

Read more!