गुठली नहीं और रंग काला, आकार में भी केला जैसा; कभी नहीं देखी होगी आम की ये वैरायटी

गुठली नहीं और रंग काला, आकार में भी केला जैसा; कभी नहीं देखी होगी आम की ये वैरायटी

भारत को आमों का देश कहा जाता है. यहां लंगड़ा, दशहरी, चौसा, अल्फांसो और मालदा जैसी सैकड़ों किस्में मिलती हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि दुनिया में आम की कुछ ऐसी अनोखी किस्में भी मौजूद हैं, जो अपनी दुर्लभता, अनोखे रंग, आकार, स्वाद और खास गुणों के कारण पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बनी हुई हैं.

आम की अनोखी वैरायटीआम की अनोखी वैरायटी
संदीप कुमार
  • Noida,
  • May 22, 2026,
  • Updated May 22, 2026, 5:11 PM IST

क्या आपने कभी ऐसा आम देखा है जिसकी कीमत हजारों रुपये प्रति किलो हो? या फिर ऐसा आम, जिसमें गुठली ही न हो? शायद नहीं! आम का नाम सुनते ही हमारे दिमाग में लंगड़ा, दशहरी, चौसा, अल्फांसो या मालदा जैसी लोकप्रिय किस्में आती हैं, लेकिन आमों की दुनिया इससे कहीं ज्यादा रहस्यमयी और रोमांचक है. भारत सहित दुनिया में कुछ ऐसी अनोखी आम की वैरायटी भी मौजूद हैं, जो अपनी दुर्लभता, अनोखे रंग, आकार, स्वाद और खास गुणों के कारण पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बनी हुई हैं. कोई आम इतना दुर्लभ है कि उसकी कीमत हजारों रुपये तक पहुंच जाती है, तो कोई आम ऐसा है जिसमें गुठली ही नहीं होती. कहीं केले जैसा दिखने वाला आम मिलता है, तो कहीं काले रंग का आम लोगों को हैरान कर देता है. ऐसे में आइए आज जानते हैं आम की कुछ ऐसी ही खास और अनोखी वैरायटी के बारे में.

बंगाल का शाही आम ‘कोहितूर’

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद का प्रसिद्ध कोहितूर आम दुनिया के सबसे दुर्लभ और महंगे आमों में गिना जाता है. इसका नाम फारसी शब्दों से लिया गया है, जिसका अर्थ होता है 'रोशनी का पहाड़. यह आम बेहद नाजुक होता है और इसे गिरने से बचाने के लिए पेड़ के नीचे रूई के बिस्तर जैसे इंतजाम किए जाते हैं. माना जाता है कि तोड़े जाने के बाद इसका स्वाद जल्दी बदल जाता है, इसलिए इसे काटने के लिए चाकू की जगह धागे का इस्तेमाल किया जाता है. अपनी दुर्लभता और बेहतरीन स्वाद के कारण कोहितूर आम की कीमत 1500 से 3000 रुपये प्रति किलो तक होती है. वहीं, इस आम का ऐतिहासिक विरासत भी हैं. नवाब सिराज-उद-दौला के काल में विकसित यह आम नवाबों और राजघरानों की खास पसंद हुआ करता था, इसलिए इसे 'आमों का कोहिनूर' भी माना जाता है.

बिना गुठली वाला आम ‘सिंधु’

जब आम का नाम आता है, तो गुठली का जिक्र भी होता है. लेकिन भारत में एक ऐसा आम भी है जिसमें गुठली नहीं होती. इस खास किस्म का नाम सिंधु आम है. इसे महाराष्ट्र के कोंकण कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने विकसित किया है. सिंधु आम में सामान्य गुठली की जगह कागज जैसी पतली परत होती है. यही वजह है कि इसमें खाने योग्य गूदा काफी ज्यादा मिलता है और बर्बादी बेहद कम होती है. स्वाद के लिहाज से यह आम बेहद खास माना जाता है. सिंधु आम की कीमत आमतौर पर लगभग 100 से 250 प्रति किलो के बीच होती है.

दुनिया का सबसे मीठा आम ‘कैराबाओ’

फिलीपींस का कैराबाओ आम दुनिया के सबसे मीठे आमों में शामिल है. इसकी मिठास इतनी अधिक है कि वर्ष 1995 में इसका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दुनिया के सबसे मीठे आम के रूप में दर्ज किया गया था. इसका नाम फिलीपींस की जल भैंस 'वॉटर बफेलो' यानी कैराबाओ के नाम पर रखा गया है. पकने के बाद इसका रंग सुनहरा पीला हो जाता है और इसका स्वाद बेहद मीठा और सुगंधित होता है. बात करें इसकी कीमत कि तो अंतरराष्ट्रीय और प्रीमियम बाजार में यह काफी महंगा बिकता है, कई बार इसकी कीमत 1,600 रुपये प्रति पीस तक होती है.

केले जैसा दिखने वाला ‘बनाना मैंगो’

यदि आपको कोई ऐसा आम दिखे जो आकार में केले जैसा लगे, तो हैरान मत होइएगा, क्योंकि यह बनाना मैंगो हो सकता है. जैसा कि नाम से स्पष्ट है, इसका आकार केले जैसा लंबा और मुड़ा हुआ होता है. यह आम लगभग एक फुट तक लंबा हो सकता है. पकने के बाद इसका रंग चमकदार पीला हो जाता है और इसकी बनावट भी लोगों को आकर्षित करती है. अपने अनोखे रूप के कारण यह दुनिया भर में चर्चा का विषय बना रहता है. इस आम की कीमत आमतौर पर 150 से 300 रुपये प्रति पीस तक होती है.

काले रंग का अनोखा ‘ब्लैक मैंगो’

पीले, हरे और लाल रंग के आम तो आपने खूब देखे होंगे, लेकिन ब्लैक मैंगो अपनी अलग पहचान रखता है. बाहर से इसका रंग लगभग काला दिखाई देता है, जिससे यह अन्य सभी आमों से बिल्कुल अलग नजर आता है. यह मुख्य रूप से इंडोनेशिया में पाया जाता है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि बाहर से काला दिखने वाला यह आम अंदर से चमकीले नारंगी रंग का होता है. इसका स्वाद बेहद मीठा और सुगंधित बताया जाता है, जिससे यह दुनिया के सबसे आकर्षक आमों में गिना जाता है. इस आम की कीमत 6,000 रुपये प्रति किलो तक होती है.

MORE NEWS

Read more!