किसान कारवां 2.0: बरेली में गन्ने से डेयरी तक, वैज्ञानिकों ने बताए किसानों की आमदनी बढ़ाने के तरीके

किसान कारवां 2.0: बरेली में गन्ने से डेयरी तक, वैज्ञानिकों ने बताए किसानों की आमदनी बढ़ाने के तरीके

किसान तक के अभियान 'किसान कारवां 2.0' के तहत 23 नवंबर को बरेली के रोहिलखंड विश्वविद्यालय में सातवीं क्षेत्रीय किसान महासभा हुई. इसमें कृषि वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों ने सेंट्रल वेस्टर्न जोन के किसानों को गन्ने की बेहतर किस्मों, वैज्ञानिक तकनीकों और खेती के साथ पशुपालन जोड़कर आमदनी बढ़ाने के तरीके बताए.

Kisan Karwan 2.0Kisan Karwan 2.0
धर्मेंद्र सिंह
  • बरेली,
  • Nov 23, 2026,
  • Updated Nov 23, 2026, 4:31 PM IST

खेती-किसानी में अब केवल परंपरागत तौर-तरीकों के सहारे आगे बढ़ना आसान नहीं है. बदलते मौसम, बढ़ती उत्पादन लागत और बाजार की चुनौतियों के बीच किसानों के लिए जरूरी है कि वे खेती को आधुनिक तकनीक, नई फसलों और कृषि उद्यमिता से जोड़ें. इसी सोच के साथ किसान तक का अभियान ‘किसान कारवां 2.0’ लगातार किसानों तक पहुंच रहा है. इस अभियान के तहत 23 नवंबर को बरेली स्थित रोहिलखंड विश्वविद्यालय के अटल सभागार में सातवीं क्षेत्रीय किसान महासभा का आयोजन किया गया. इसमें सेंट्रल वेस्टर्न जोन के किसानों को खेती से लेकर डेयरी तक आमदनी बढ़ाने के कई महत्वपूर्ण तरीके बताए गए.

महासभा में कृषि वैज्ञानिकों, विश्वविद्यालयों के विशेषज्ञों, कृषि अधिकारियों, प्रगतिशील किसानों और कृषि उद्यमियों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (IVRI), बरेली के ज्वाइंट डायरेक्टर डॉ. एसके सिंह और सीतापुर कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख डॉ. दया श्रीवास्तव ने दीप प्रज्वलित कर किया.

कार्यक्रम में विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि बरेली, शाहजहांपुर, अमरोहा, संभल, बदायूं और सीतापुर जैसे जिलों में खेती की अपार संभावनाएं हैं. यहां गन्ने की खेती बड़े पैमाने पर होती है. ऐसे में गन्ने की बेहतर किस्मों, वैज्ञानिक उत्पादन तकनीकों और खेती के साथ पशुपालन को जोड़कर किसानों की आमदनी किस तरह बढ़ाई जा सकती है, इस पर विस्तार से चर्चा हुई.

वैज्ञानिक खेती और पशुपालन से बदलेगी किसानों की तस्वीर

महासभा में भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान के ज्वाइंट डायरेक्टर डॉ. एसके सिंह ने पशुपालन और डेयरी क्षेत्र में संस्थान के योगदान की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि संस्थान पशुओं को बीमारियों से बचाने के लिए वैक्सीन के विकास और उत्पादन के साथ पशु संपदा को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम कर रहा है.

उन्होंने कहा कि पशुओं में होने वाली कई गंभीर बीमारियों के नियंत्रण में वैज्ञानिक अनुसंधान की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. इसका सीधा लाभ पशुपालकों को मिल रहा है. उत्तर प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और पशुपालन क्षेत्र को मजबूत बनाने में भी वैज्ञानिक संस्थानों के प्रयास अहम साबित हो रहे हैं.

विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी कि वे पशुपालन को खेती का पूरक व्यवसाय बनाने के बजाय एक स्वतंत्र आय के मजबूत साधन के रूप में भी विकसित करें. इससे खेती पर निर्भरता कम होगी और परिवार की आमदनी के अतिरिक्त स्रोत तैयार होंगे.

गन्ने की खेती में नई किस्मों से बढ़ेगी कमाई, वैज्ञानिकों ने बताए फायदे

महासभा का प्रमुख आकर्षण ‘गन्ने की खेती में नई सोच, बढ़ेगी कमाई’ विषय पर आयोजित पैनल चर्चा रही. इसका संचालन वरिष्ठ कृषि पत्रकार जय प्रकाश सिंह ने किया.

इस चर्चा में शाहजहांपुर स्थित गन्ना शोध संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. अनिल सिंह, सीतापुर कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख डॉ. दया श्रीवास्तव, प्रगतिशील किसान सरताज खान और कौशल मिश्रा ने हिस्सा लिया. विशेषज्ञों ने बरेली, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर और सीतापुर में गन्ने की खेती की संभावनाओं और किसानों के नए प्रयोगों पर अपने विचार रखे.

चर्चा के दौरान बताया गया कि गन्ने की उन्नत और रोग प्रतिरोधी किस्में किसानों के लिए बेहतर उत्पादन का रास्ता खोल रही हैं. क्षेत्र की जलवायु और मिट्टी के अनुकूल किस्मों का चयन करके किसान अपनी पैदावार और मुनाफे में सुधार कर सकते हैं.

विशेषज्ञों ने कहा कि गन्ने की खेती में केवल अच्छी किस्म का चुनाव करना ही पर्याप्त नहीं है. किसानों को बीज की गुणवत्ता, समय पर बुवाई, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, सिंचाई, रोग एवं कीट नियंत्रण और वैज्ञानिक फसल प्रबंधन पर भी ध्यान देना होगा.

उन्होंने यह भी बताया कि किसानों को परंपरागत फसलों के साथ नई और अधिक संभावनाओं वाली फसलों को अपनाना चाहिए. फसल विविधीकरण से जोखिम कम करने और खेती से होने वाली आमदनी बढ़ाने में मदद मिल सकती है.

डेयरी कारोबार से भी होगी शानदार कमाई, 70 से 80 रुपये किलो तक बिक रहा दूध

किसान महासभा का एक अन्य महत्वपूर्ण सत्र ‘गोवंश से कमाई और मुनाफे की नई राह’ विषय पर आयोजित किया गया. इसमें विशेषज्ञों ने बताया कि किस तरह पशुपालन और डेयरी को खेती के साथ जोड़कर किसानों के लिए कमाई के नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं.

इस पैनल चर्चा का संचालन किसान तक की सीनियर असिस्टेंट एडिटर हिमानी दीवान ने किया. इसमें प्रगतिशील किसान आशुतोष प्रताप सिंह, कृषि विज्ञान केंद्र बरेली के पशु विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. शार्दुल विक्रम लाल, डॉ. पंकज गंगवार और आईवीआरआई बरेली के डॉ. बृजेश कुमार यादव शामिल हुए.

चर्चा में बताया गया कि सेंट्रल वेस्टर्न क्षेत्र की भौगोलिक और जलवायु परिस्थितियां डेयरी व्यवसाय के लिए काफी अनुकूल हैं. वैज्ञानिक संस्थानों में पशुओं की नस्ल सुधार, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और बीमारियों के नियंत्रण को लेकर लगातार शोध किए जा रहे हैं. इनका लाभ उठाकर पशुपालक अपने व्यवसाय को अधिक लाभकारी बना सकते हैं.

डेयरी विशेषज्ञ डॉ. पंकज गंगवार ने बताया कि वर्तमान में शहरों में दूध की अच्छी कीमत मिल रही है. कई स्थानों पर दूध 70 से 80 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है. ऐसे में वैज्ञानिक तरीके से डेयरी व्यवसाय शुरू करना या उसका विस्तार करना किसानों के लिए आमदनी बढ़ाने का अच्छा विकल्प बन सकता है.

विशेषज्ञों ने पशुपालकों को बेहतर नस्ल के पशुओं के चयन, संतुलित पशु आहार, साफ-सफाई, समय पर टीकाकरण और वैज्ञानिक प्रबंधन अपनाने की सलाह दी.

किसानों और सरकार के बीच सेतु बनेगी कृषि परिषद, समस्याओं को मिलेगा मंच

किसान कारवां 2.0 की महासभा में कृषि परिषद के गठन की पहल भी चर्चा का महत्वपूर्ण विषय रही. इसका उद्देश्य किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, अधिकारियों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना है, ताकि किसानों की जमीनी समस्याओं को सीधे सरकारी तंत्र तक पहुंचाया जा सके.

दरअसल, खेती के दौरान किसानों को बीज, सिंचाई, फसल सुरक्षा, उत्पादन लागत, उपज के उचित मूल्य और सरकारी योजनाओं के लाभ से जुड़ी कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है. कई बार स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याएं संबंधित विभागों तक प्रभावी तरीके से नहीं पहुंच पातीं.

ऐसे में कृषि परिषद किसानों और सरकार के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में काम कर सकती है. इसके माध्यम से किसानों के अनुभव, सुझाव और समस्याएं अधिकारियों और कृषि विशेषज्ञों तक पहुंचाई जा सकेंगी.

इस पहल से कृषि योजनाओं को किसानों की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप तैयार करने, योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और खेती से जुड़ी नीतियों को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है.

10 प्रगतिशील किसानों को मिला ‘कृषि वीर’ सम्मान, नवाचार को मिली पहचान

किसान कारवां 2.0 के तहत खेती में उल्लेखनीय काम करने वाले किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘कृषि वीर’ सम्मान की शुरुआत की गई है. इसका उद्देश्य उन किसानों को पहचान और सम्मान देना है, जिन्होंने खेती में नवाचार, फसल विविधीकरण, कृषि उद्यमिता, वैल्यू एडिशन, जैविक और प्राकृतिक खेती और डेयरी जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम किया है.

बरेली में आयोजित सातवीं क्षेत्रीय किसान महासभा के दौरान सेंट्रल वेस्टर्न जोन के विभिन्न जिलों से चयनित 10 प्रगतिशील किसानों को ‘कृषि वीर’ सम्मान से नवाजा गया.

गन्ना शोध संस्थान के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. अनिल सिंह, भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान के डॉ. बृजेश यादव और कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख डॉ. दया श्रीवास्तव ने किसानों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए.

सम्मानित किसानों की सूची इस प्रकार है:

1. कौशल कुमार मिश्रा – शाहजहांपुर
2. सरताज खान – शाहजहांपुर
3. नितिन गुप्ता – बरेली
4. विभोर अग्रवाल – बरेली
5. आशुतोष प्रताप सिंह – संभल
6. ऋषि पाल – अमरोहा
7. सत्य प्रकाश मिश्रा – सीतापुर
8. आयुष गोस्वामी – बदायूं
9. सुशीला देवी – बरेली
10. नवीन मोहन राजवंशी – सीतापुर

इन किसानों ने अपने-अपने क्षेत्रों में खेती को नई तकनीक, नवाचार और उद्यमिता से जोड़कर बेहतर उदाहरण पेश किए हैं. सम्मान का उद्देश्य ऐसे प्रयासों को प्रोत्साहित करना और दूसरे किसानों को भी उनसे प्रेरित करना है.

जादू के करतबों ने किसानों का जीता दिल, मनोरंजन के साथ मिली नई जानकारी

किसान महासभा में कृषि और तकनीक से जुड़ी गंभीर चर्चाओं के साथ किसानों के मनोरंजन का भी विशेष ध्यान रखा गया. कार्यक्रम के दौरान सीतापुर के जादूगर सलमान ने अपने जादुई करतबों से उपस्थित किसानों का मनोरंजन किया.

इससे पूरे कार्यक्रम में उत्साह और सहभागिता का माहौल बना रहा. किसानों को जहां विशेषज्ञों से खेती की नई तकनीकों और कमाई बढ़ाने के तरीके जानने का अवसर मिला, वहीं प्रगतिशील किसानों के अनुभवों से भी काफी कुछ सीखने को मिला.

खेती को लाभकारी बनाने की दिशा में किसान कारवां 2.0 की पहल

किसान कारवां 2.0 की सातवीं क्षेत्रीय किसान महासभा ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि खेती का भविष्य केवल परंपरागत फसलों तक सीमित नहीं है. आधुनिक तकनीक, उन्नत बीज, फसल विविधीकरण, पशुपालन, डेयरी और कृषि उद्यमिता को अपनाकर किसान अपनी आमदनी के नए रास्ते खोल सकते हैं.

बरेली में आयोजित इस महासभा में वैज्ञानिकों की सलाह, किसानों के अनुभव, कृषि परिषद की पहल और ‘कृषि वीर’ सम्मान जैसे आयोजनों के माध्यम से खेती को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाने पर जोर दिया गया. इसका मकसद किसानों को केवल खेती की जानकारी देना नहीं, बल्कि उन्हें खेती से बेहतर कमाई करने के लिए नए विकल्पों और संभावनाओं से जोड़ना भी है.

MORE NEWS

Read more!