रबी सीजन के लिए खाद की तैयारी तेज, उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा ने अफसरों को दिए निर्देश

रबी सीजन के लिए खाद की तैयारी तेज, उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा ने अफसरों को दिए निर्देश

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने खरीफ और आगामी रबी सीजन के लिए उर्वरक विभाग की तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने कहा कि देश में खाद की स्थिति आरामदायक है. किसानों को समय पर पर्याप्त खाद मिले और सप्लाई में कोई रुकावट न आए, सरकार की प्राथमिकता है.

Fertilizers Availability NewsFertilizers Availability News
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Aug 23, 2026,
  • Updated Aug 23, 2026, 5:45 PM IST

केंद्रीय रसायन और उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा ने शनिवार को उर्वरक विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर खरीफ सीजन की मौजूदा स्थिति और आगामी रबी सीजन की तैयारियों की समीक्षा की. बैठक में किसानों के लिए खाद की उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था और आगे की जरूरतों को लेकर विभाग की तैयारियों का जायजा लिया गया. जेपी नड्डा ने कहा कि देश में उर्वरक की स्थिति फिलहाल आरामदायक है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को खाद की आपूर्ति में किसी तरह की रुकावट नहीं आनी चाहिए. सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि किसानों को जरूरत के समय पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध हो.

समय पर खाद पहुंचाने पर जोर

बैठक के दौरान खरीफ सीजन में चल रही उर्वरक आपूर्ति के साथ रबी सीजन की आगामी मांग को भी ध्यान में रखा गया. विभाग को आपूर्ति व्यवस्था लगातार बनाए रखने और किसानों तक खाद समय पर पहुंचाने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया. सरकार का जोर यह सुनिश्चित करने पर है कि बुवाई के दौरान किसानों को खाद के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े.

रबी सीजन की जरूरतों पर भी नजर

देश के कई हिस्सों में खरीफ फसलों की खेती चल रही है, जबकि आने वाले महीनों में रबी फसलों की बुवाई शुरू होगी. ऐसे में उर्वरक विभाग ने दोनों सीजन की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की है. बैठक में उपलब्धता और सप्लाई से जुड़े इंतजामों को मजबूत बनाए रखने पर जोर दिया गया.

नड्डा ने साझा की बैठक की जानकारी

जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बैठक की जानकारी देते हुए कहा कि उर्वरक विभाग के सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ खरीफ और आगामी रबी सीजन की तैयारियों की समीक्षा की गई. उन्होंने कहा कि उर्वरक की स्थिति आरामदायक है और किसानों के लिए लगातार और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है.

दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था की भी समीक्षा

इससे पहले जेपी नड्डा ने दिल्ली में मौसमी और वेक्टर जनित बीमारियों से निपटने की तैयारियों को लेकर स्वास्थ्य समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की. दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने राजधानी में चल रही निगरानी व्यवस्था और अस्पतालों की तैयारियों की जानकारी दी. बैठक में इन्फ्लुएंजा, डेंगू और मलेरिया समेत मौसमी बीमारियों की स्थिति पर चर्चा हुई.

दिल्ली में इन्फ्लुएंजा के 2,392 मामले

दिल्ली में 2026 के दौरान अब तक इन्फ्लुएंजा-ए के 2,392 मामले सामने आए हैं. इनमें एच1एन1 के 1,777 मामले हैं, जबकि एच1 के 37, एच3 के 138 और अन्य इन्फ्लुएंजा के 440 मामले दर्ज किए गए हैं. दिल्ली स्वास्थ्य मिशन इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम के तहत बीमारी की स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहा है. (एएनआई)

MORE NEWS

Read more!