राष्ट्रीय दुग्ध दिवस: योगी आदित्यनाथ सरकार ने दूध उत्पादन में तोड़ा रिकॉर्ड, देश में UP बना नंबर-1

राष्ट्रीय दुग्ध दिवस: योगी आदित्यनाथ सरकार ने दूध उत्पादन में तोड़ा रिकॉर्ड, देश में UP बना नंबर-1

National Milk Day: उत्तर प्रदेश की दुग्ध क्रांति में ग्रामीण महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण बनकर उभरी है. उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से चार लाख से अधिक महिला दुग्ध उत्पादक डेयरी कारोबार से जुड़ी हैं. प्रदेश के 31 जिलों में महिला नेतृत्व वाले दुग्ध नेटवर्क के जरिए प्रतिदिन 13 लाख लीटर से अधिक दूध का संग्रह किया जा रहा है. 

national milk day मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथnational milk day मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
नवीन लाल सूरी
  • LUCKNOW,
  • Nov 26, 2026,
  • Updated Nov 26, 2026, 6:46 PM IST

उत्तर प्रदेश ने दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में नया रिकॉर्ड कायम करते हुए देश में अपनी नंबर वन की स्थिति मजबूत की है. प्रदेश में पिछले आठ वर्षों के दौरान दुग्ध उत्पादन में करीब 40 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है. पशुपालन विभाग से मिले आंकड़े के अनुसार, वर्ष 2016-17 में जहां प्रदेश में 277 लाख मीट्रिक टन दूध का उत्पादन होता था, वहीं वर्ष 2024-25 में यह बढ़कर 388 लाख मीट्रिक टन के पार पहुंच गया. देश के कुल दुग्ध उत्पादन में 16 फीसदी हिस्सेदारी के साथ उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर है. वहीं राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र जैसे प्रमुख दुग्ध उत्पादक राज्य भी यूपी से पीछे हैं.

अंतरराष्ट्रीय बाजार में यूपी ने बनाई पहचान

पशुपालन विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम ने बताया कि प्रदेश की यह उपलब्धि केवल दूध उत्पादन के आंकड़ों तक सीमित नहीं है. योगी सरकार में डेयरी क्षेत्र को ग्रामीण रोजगार, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के स्वरोजगार और देशी गोवंश के संरक्षण से जोड़कर एक व्यापक आर्थिक मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है. एक ओर ग्रामीण महिलाएं दुग्ध समितियों और महिला नेतृत्व वाली कंपनियों के जरिए दूध के संग्रह और कारोबार की कमान संभाल रही हैं, वहीं दूसरी ओर देशी गायों पर आधारित 150 से अधिक उत्पादों ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में यूपी की पहचान बनाई है.

दुग्ध उत्पादन में करीब 40 फीसदी की वृद्धि

उन्होंने बताया कि गाजियाबाद के हेता (HETHA) मॉडल के जरिए एक हजार से अधिक देशी गायों पर आधारित करीब 10 करोड़ रुपये का सालाना एथिकल डेयरी कारोबार खड़ा हुआ है. इसके उत्पाद अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया समेत 10 से अधिक देशों तक पहुंच रहे हैं. अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम के अनुसार दुग्ध उत्पादन में करीब 40 फीसदी की यह वृद्धि योजनाबद्ध विकास और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जमीनी स्तर पर किए गए ठोस प्रयासों का परिणाम है. सरकार की ओर से पशुपालन और डेयरी गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ पशुपालकों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

10 से ज्यादा देशों में यूपी का जलवा

मेश्राम के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में गो संरक्षण को आर्थिक समृद्धि से जोड़ने का अनूठा उदाहरण हेता (HETHA) का एथिकल डेयरी मॉडल है. गाजियाबाद के असीम रावत ने देशी गायों के संरक्षण और उन पर आधारित उत्पादों को बाजार से जोड़ने की पहल की. असीम रावत अमेरिका समेत कई देशों की प्रमुख सॉफ्टवेयर कंपनियों में 14 वर्ष तक इंजीनियर के रूप में काम कर चुके हैं. इसके बाद उन्होंने गो संरक्षण को अपने जीवन का उद्देश्य बनाया. आज करीब 100 लोगों की टीम के साथ वह एक हजार से अधिक देशी गायों के संरक्षण और उनसे जुड़े उत्पादों के निर्माण का काम कर रहे हैं.

हेता मॉडल की पूरे देश में चर्चा

बता दें कि हेता का मॉडल देशी गायों के समग्र उपयोग पर आधारित है. इसके माध्यम से ए2 दूध, पारंपरिक बिलौना घी, ब्राह्मी घृत, शतधौत घृत, कुकीज, लड्डू, हर्बल चाय, स्किन और हेयर केयर उत्पाद, गोमूत्र अर्क समेत 150 से अधिक प्रकार के उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं. इन उत्पादों से करीब 10 करोड़ रुपये का सालाना कारोबार हो रहा है. खास बात यह है कि यूपी में तैयार ये उत्पाद देश के साथ अमेरिका, कनाडा, यूनाइटेड किंगडम, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, यूरोप, सिंगापुर, दुबई और मध्य-पूर्व के कई देशों तक पहुंच रहे हैं.

हेता मॉडल की विशेषता यह है कि इसमें गोवंश को केवल दूध उत्पादन के नजरिये से नहीं देखा जाता. दूध देना बंद कर चुके वृद्ध गोवंश को भी संरक्षण और देखभाल की व्यवस्था का हिस्सा बनाया गया है.

दुग्ध क्रांति में ग्रामीण महिलाओं की भूमिका

वहीं, उत्तर प्रदेश की दुग्ध क्रांति में ग्रामीण महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण बनकर उभरी है. उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से चार लाख से अधिक महिला दुग्ध उत्पादक डेयरी कारोबार से जुड़ी हैं. प्रदेश के 31 जिलों में महिला नेतृत्व वाले दुग्ध नेटवर्क के जरिए प्रतिदिन 13 लाख लीटर से अधिक दूध का संग्रह किया जा रहा है. इस व्यवस्था से जुड़कर 76 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं.

डिजिटल डेयरी नेटवर्क से बढ़ी महिलाओं की आमदनी

उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मिशन निदेशक अरुण कुमार के अनुसार डिजिटल डेयरी नेटवर्क ने ग्रामीण महिलाओं की आमदनी और कारोबार में उनकी भागीदारी को मजबूत किया है. दूध संग्रह से लेकर उसकी गुणवत्ता जांच, बिक्री और भुगतान तक की व्यवस्था को डिजिटल बनाया गया है. मोबाइल एप और डिजिटल मशीनों के माध्यम से दूध की मात्रा, फैट की जांच, कीमत और भुगतान का पूरा रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध हो रहा है. 

इससे महिलाओं को दूध का सही मूल्य जानने और कारोबार का हिसाब रखने में आसानी हो रही है. महिला नेतृत्व वाले इस मॉडल ने उन्हें केवल दूध उत्पादक के बजाय डेयरी कारोबार की संचालक और निर्णयकर्ता के रूप में स्थापित किया है.

गांव-गांव तक पहुंचा डेयरी नेटवर्क

ग्रामीण महिलाओं को संगठित बाजार उपलब्ध कराने के लिए आजीविका मिशन के तहत पांच महिला नेतृत्व वाली दुग्ध उत्पादक कंपनियों का नेटवर्क तैयार किया गया है. बुंदेलखंड में बलिनी एमपीसीएल, पूर्वांचल में काशी एमपीसीएल, अवध क्षेत्र में सामर्थ्य एमपीसीएल, गोरखपुर मंडल में श्री बाबा गोरखनाथ कृपा एमपीसीएल और तराई क्षेत्र में सृजन एमपीसीएल के माध्यम से महिलाएं दुग्ध कारोबार को आगे बढ़ा रही हैं.

अरुण कुमार के अनुसार इस नेटवर्क ने ग्रामीण महिलाओं के लिए गांव में रहकर ही नियमित आय अर्जित करने के अवसर बढ़ाए हैं. डेयरी से होने वाली आमदनी का उपयोग महिलाएं परिवार की जरूरतों, बच्चों की शिक्षा और दूसरी आर्थिक जिम्मेदारियों को पूरा करने में कर रही हैं. इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था में महिलाओं की भूमिका पहले से अधिक मजबूत हुई है.

मिनी-नंदिनी योजना से युवाओं को रोजगार

दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के साथ प्रदेश में डेयरी कारोबार को व्यावसायिक स्वरूप देने पर भी जोर दिया जा रहा है. मिनी-नंदिनी योजना और डेयरी मास्टरप्लान के माध्यम से युवाओं और पशुपालकों को डेयरी इकाइयां स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है. इसके तहत दो से 25 गायों तक की इकाइयां स्थापित करने वाले पशुपालकों को अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है. वहीं, स्वदेशी गायों के पालन को बढ़ावा देने के लिए संबंधित योजना के तहत 50 फीसदी तक सब्सिडी का प्रावधान किया गया है.

गांव में ही रोजगार और स्वरोजगार के अवसर

इन योजनाओं से ग्रामीण युवाओं को अपने गांव में ही रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं. बड़ी संख्या में युवा डेयरी यूनिट स्थापित कर खुद आत्मनिर्भर बनने के साथ अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करा रहे हैं. पशुपालन को लाभकारी व्यवसाय बनाने से ग्रामीण क्षेत्रों में पलायन रोकने और परिवारों की नियमित आय बढ़ाने की संभावनाएं भी मजबूत हुई हैं.

ग्लोबल कारोबार तक पहुंचा यूपी का डेयरी मॉडल

पशुपालन विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम ने बताया कि उत्तर प्रदेश में डेयरी क्षेत्र का विस्तार अब उत्पादन बढ़ाने तक सीमित नहीं है. जहां एक ओर प्रदेश देश में सर्वाधिक दूध उत्पादन कर रहा है, दूसरी ओर महिला नेतृत्व वाली कंपनियों के जरिए ग्रामीण स्तर पर दुग्ध कारोबार को संगठित किया जा रहा है. देशी गायों के संरक्षण से तैयार उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाकर मूल्य संवर्धन और कारोबार की नई संभावनाएं विकसित की जा रही हैं.

ये भी पढ़ें-

National Milk Day: 10 साल में दूध उत्पादन 69% बढ़ा, 8.5 करोड़ परिवारों को डेयरी से रोजगार

KMF ने नंदिनी दही के दाम 1-2 रुपये घटाए, इसी महीने 14 रुपये बढ़ाए थे, अब इतनी होगी नई कीमत

MORE NEWS

Read more!