यूपी को 10 अरब डॉलर की Agtech अर्थव्यवस्था बनाएगी योगी सरकार, डिजिटल तकनीक से किसानों को होगा फायदा

यूपी को 10 अरब डॉलर की Agtech अर्थव्यवस्था बनाएगी योगी सरकार, डिजिटल तकनीक से किसानों को होगा फायदा

इसके लिए, एक हजार स्टार्टअप्स को बढ़ावा दिया जाएगा. यह सभी स्टार्टअप्स एग्रीकल्चर सेक्टर के विभिन्न इकाइयों जैसे पैकेजिंग, प्राेसेसिंग, स्टोरेज आदि के विकास पर आधारित होंगे. 

कृषि मशीनरी, पैकेजिंग और प्रोसेसिंग पर आधारित होंगे स्टार्टअप्स (फोटो- किसान तक)कृषि मशीनरी, पैकेजिंग और प्रोसेसिंग पर आधारित होंगे स्टार्टअप्स (फोटो- किसान तक)
नवीन लाल सूरी
  • Lucknow,
  • Sep 08, 2024,
  • Updated Sep 08, 2024, 5:10 PM IST

Uttar Pradesh News: कृषि में तकनीक को बढ़ावा देकर किसानों की आमदनी में इजाफा करने के लिए योगी सरकार एगटेक (एग्रीकल्चर टेक्नोलॉजी) स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित कर रही है. इसके लिए वर्ल्ड बैंक और गूगल जैसे अंतर्राष्ट्रीय दिग्गज संस्थाओं का सहारा भी लिया जा रहा है, जो युवाओं को एग्रीकल्चर के क्षेत्र में नवाचार को प्रोत्साहित करेंगे और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में भूमिका निभाएंगे. एगटेक के जरिये योगी सरकार कृषि को आधुनिक, उच्च तकनीक युक्त, लाभदायक और टिकाऊ उद्योग बनाएगी. इसके साथ ही, किसानों को एगटेक के विकास और नवाचारों से जोड़ा जाएगा. इससे, किसानों द्वारा कृषि कार्यों को संपन्न कराने को लेकर दूसरों पर निर्भरता भी कम होगी. इतना ही नहीं, योगी सरकार उत्तर प्रदेश को एगटेक के क्षेत्र में वैश्विक अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है. इसके भविष्य में परिवर्तनकारी परिणाम देखने को मिलेंगे, जिसका लाभ न केवल प्रदेश के किसानों को, बल्कि पूरे प्रदेशवासियों को होगा. 

कृषि क्षेत्र पर आधारित होंगे स्टार्टअप्स 

योगी सरकार एगटेक के जरिये उन्नत प्रौद्योगिकी के माध्यम से किसानों को सशक्त बनाने के साथ अगले पांच वर्षों में प्रदेश को 10 बिलियन डॉलर की एगटेक अर्थव्यवस्था बनाएगी. योगी सरकार लक्ष्य को हासिल करने के लिए रणनीतिक निवेश, प्रभावी नीतिगत ढांचे को लागू करके और मजबूत सार्वजनिक-निजी भागीदारी को बढ़ावा देकर एगटेक उत्कृष्टता को स्थापित करेगी. इससे, उत्तर प्रदेश न केवल अपनी कृषि संबंधी जरूरतों को पूरा करेगा बल्कि राष्ट्रीय और वैश्विक खाद्य सुरक्षा को आगे बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.

10 लाख युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर

इसके लिए, एक हजार स्टार्टअप्स को बढ़ावा दिया जाएगा. यह सभी स्टार्टअप्स एग्रीकल्चर सेक्टर के विभिन्न इकाइयों जैसे पैकेजिंग, प्राेसेसिंग, स्टोरेज आदि के विकास पर आधारित होंगे. इतना ही नहीं, इस नवाचार से प्रदेश के 10 लाख युवाओं को रोजगार के नये अवसर उपलब्ध होंगे, जो कृषि उत्पादकता को बढ़ावा देने, किसानों की आय में वृद्धि करने, मजबूत खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही स्थानीय और वैश्विक दोनों खाद्य प्रणालियों में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे। मालूम हो कि समृद्ध उत्तर प्रदेश का दृष्टिकोण प्रगति और आत्मनिर्भरता के सिद्धांतों पर आधारित है, जहां कृषि आर्थिक समृद्धि लाती है और प्रदेश के किसान तकनीकी क्रांति का नेतृत्व करते हैं.

FPO और एगटेक कंपनियां निभाएंगी अहम भूमिका

यूपी सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए नवीन कृषि प्रौद्योगिकियों को अपनाने और वितरण को बढ़ावा देने के लिए किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के साथ एगटेक कंपनियों के बीच सहयोग को बढ़ाएगी. वह घनिष्ठ संबंधों को बढ़ावा देगी, जिससे एफपीओ महत्वपूर्ण मध्यस्थों के रूप में काम करेंगे. इससे प्रौद्योगिकी प्रदाताओं और किसानों के बीच की खाई को कम करने में मदद मिलेगी. यह साझेदारी एफपीओ को अपने सदस्यों की जरूरतों को बेहतर ढंग से समझने और संबोधित करने के लिए सशक्त बनाएगी. साथ ही, एगटेक कंपनियों को अपने समाधानों को अधिक प्रभावी ढंग से बढ़ाने, किसानों के व्यापक आधार तक पहुंचने और यह सुनिश्चित करने में सक्षम करेगी कि तकनीकी प्रगति सभी के लिए सुलभ और फायदेमंद हो.

 

MORE NEWS

Read more!