
सोनालीका ट्रैक्टर्स ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून 2026) में नया बिक्री रिकॉर्ड बनाया है. कंपनी ने केवल तीन महीनों में 50 हजार से अधिक ट्रैक्टर बेचने का रिकॉर्ड बनाया है. पहली तिमाही में कंपनी की कुल ट्रैक्टर बिक्री 53,661 यूनिट रही, जो पिछले वर्ष की तुलना में 23.1 प्रतिशत अधिक है.
कंपनी के मुताबिक यह वृद्धि उद्योग की अनुमानित 18.3 प्रतिशत वृद्धि से भी ज्यादा है. इसी के साथ सोनालीका अप्रैल-जून 2026 के दौरान घरेलू बाजार में सबसे अधिक मार्केट शेयर बढ़ाने वाली ट्रैक्टर कंपनी बन गई है.
सोनालीका ने कहा कि पिछले तीन दशकों से वह उन्नत तकनीक और बेहतर ग्राहक संतुष्टि के दम पर किसानों का भरोसा जीतती रही है. कंपनी की हाल ही में लॉन्च की गई सोनालीका गोल्ड ट्रैक्टर सीरीज को भी खरीफ सीजन में किसानों से अच्छा रेस्पॉन्स मिल रहा है. इस सीरीज में 3-सिलेंडर का 3,532 सीसी इंजन समेत कई ऐसे फीचर्स दिए गए हैं, जो किसानों की उत्पादकता और आय बढ़ाने में मददगार हैं.
कंपनी ने अपनी सफलता का श्रेय दुनिया के सबसे बड़े इंटीग्रेटेड ट्रैक्टर प्लांट, मजबूत रिसर्च एवं डेवलपमेंट (R&D) क्षमताओं और प्रिसिजन इंजीनियरिंग में लगातार निवेश को दिया है.
इस उपलब्धि पर इंटरनेशनल ट्रैक्टर्स लिमिटेड के जॉइंट मैनेजिंग डायरेक्टर रमन मित्तल ने कहा कि कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में 53,661 ट्रैक्टर बिक्री के साथ नया रिकॉर्ड बनाया है. उन्होंने कहा कि 23.1 प्रतिशत की वृद्धि के साथ कंपनी ने उद्योग की वृद्धि दर को पीछे छोड़ा है और घरेलू बाजार में सबसे अधिक मार्केट शेयर बढ़ाया है.
उन्होंने कहा कि सोनालीका का लक्ष्य किसानों को विश्वस्तरीय तकनीक उपलब्ध कराना और भारतीय कृषि के लिए नए मानक स्थापित करना है. कंपनी आगामी दूसरी तिमाही में भी किसानों की जरूरतों के अनुरूप बेहतर और आधुनिक ट्रैक्टर उपलब्ध कराने के लिए तैयार है.