
अगर आप किसान हैं और अभी भी पुराने तौर-तरीकों से खेती करते आ रहे हैं तो आप बिना रासायनिक दवा और खाद के भी मिट्टी की उत्पादक क्षमता को आसानी से बढ़ा सकते हैं. वहीं, खरपतवारनाशी के बिना भी खेत को खरपतवारों से मुक्त कर सकते है. जी हां, यह सुनकर आपको थोड़ी हैरानी जरूर होगी लेकिन ऐसा संभव है. दरअसल, किसानों को खेती में खरपतवार से सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ता है. खरपतवार से फसल को बचाने के लिए किसान निराई-गुड़ाई करते हैं जिसमें अधिक खर्च आता है. लेकिन अब इन खर्चों से बचने के लिए आप अपनी खेतों में मल्चिंग तकनीक का इस्तेमाल कर सकते हैं. ऐसे में आइए जानते हैं क्या है मल्चिंग तकनीक और क्या हैं इसके पांच बड़े फायदे.
मल्चिंग एक ऐसी प्रक्रिया है जिसका उपयोग मिट्टी में नमी बनाए रखने, खरपतवारों को नष्ट करने, मिट्टी को ठंडा रखने और गर्मियों में पौधों में नमी बनाए रखने के लिए किया जाता है. कार्बनिक मल्च धीरे-धीरे टूटने के कारण मिट्टी की संरचना, जल निकासी और पोषक तत्वों को धारण करने की क्षमता में सुधार करने में भी मदद करती है.
1. पौधों का बेहतर विकास: मल्चिंग करने से मिट्टी का वातावरण संतुलित रहता है, जिससे जड़ों को सही नमी और तापमान मिलता है. इससे पौधे तेजी से बढ़ते हैं, उनकी जड़ें मजबूत बनती हैं और फसल की क्वालिटी भी बेहतर होती है.
2. खरपतवार पर नियंत्रण: मल्च की परत मिट्टी की सतह को ढक देती है, जिससे सूर्य की रोशनी नीचे तक नहीं पहुंच पाती. इससे खरपतवार (घास-फूस) उग नहीं पाते और जो उगते भी हैं, वे कमजोर रह जाते हैं, इससे किसानों का समय और मजदूरी दोनों बचते हैं.
3. मिट्टी में नमी बनाए रखना: मल्चिंग से मिट्टी में मौजूद पानी जल्दी सूखता नहीं है, क्योंकि यह वाष्पीकरण को कम कर देता है. इससे सिंचाई की जरूरत कम पड़ती है और पानी की बचत होती है, जो खासकर गर्मियों में बहुत फायदेमंद है.
4. तापमान को संतुलित रखना: मल्चिंग मिट्टी के तापमान को नियंत्रित रखने में मदद करती है. गर्मी में यह मिट्टी को ज्यादा गर्म होने से बचाती है और सर्दी में ठंड से सुरक्षा देती है. इससे पौधों को हर मौसम में बेहतर वातावरण मिलता है.
5. मिट्टी के कटाव से बचाव: बारिश या तेज हवा के कारण मिट्टी बहने या उड़ने लगती है, जिससे उपजाऊ परत खत्म हो जाती है. ऐसे में मल्चिंग मिट्टी को ढककर रखती है, जिससे कटाव कम होता है और मिट्टी की उर्वरता लंबे समय तक बनी रहती है.
अगर आपको मल्चिंग विधि से खेत में सब्जी लगानी है, तो सबसे पहले खेत की अच्छी तरह जुताई कर लें. इसके साथ गोबर को मिट्टी में मिला दें. उसके बाद खेत में उठी हुई मेड़ यानी बेड बना लें. इसके बाद ड्रिप सिंचाई की पाइप लाइन को बिछा दें. उसके बाद प्लास्टिक मल्च को अच्छी तरह बिछाकर दोनों किनारों को मिट्टी की परत से अच्छी तरह दबा दें. मल्चिंग पेपर पर गोलाई में पाइप से पौधों से पौधों की दूरी पर छेद कर दें. इसके बाद आप अपने बीज या पौधे की बुवाई कर दें.