अप्रैल 2026 में महिंद्रा की ट्रैक्टर बिक्री में 20% उछाल, 46,404 यूनिट बिके

अप्रैल 2026 में महिंद्रा की ट्रैक्टर बिक्री में 20% उछाल, 46,404 यूनिट बिके

महिंद्रा एंड महिंद्रा के फार्म इक्विपमेंट बिजनेस ने अप्रैल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए घरेलू बाजार में 46,404 ट्रैक्टर बेचे, जो सालाना आधार पर 20% ज्यादा हैं. नवरात्रि न होने के बावजूद मजबूत बिक्री दर्ज की गई. कुल बिक्री 48,411 यूनिट रही, जिससे ग्रामीण मांग और खेती से जुड़े सेक्टर की मजबूती साफ नजर आती है.

महिंद्रा NOVO ट्रैक्टरमहिंद्रा NOVO ट्रैक्टर
क‍िसान तक
  • New Delhi,
  • May 01, 2026,
  • Updated May 01, 2026, 4:13 PM IST

महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड के फार्म इक्विपमेंट बिजनेस (FEB) ने अप्रैल 2026 में ट्रैक्टर बिक्री के शानदार आंकड़े जारी किए हैं. कंपनी ने बताया कि अप्रैल महीने में घरेलू बाजार में 46,404 ट्रैक्टर बेचे गए, जो पिछले साल अप्रैल 2025 के मुकाबले 20 प्रतिशत ज्यादा हैं.

पिछले साल अप्रैल 2025 में महिंद्रा ने घरेलू बाजार में 38,516 ट्रैक्टर बेचे थे. इस तरह कंपनी ने एक साल में मजबूत बढ़त दर्ज की है.

कुल ट्रैक्टर बिक्री 48,411 यूनिट पहुंची

अगर घरेलू और निर्यात दोनों बाजारों को मिलाकर देखा जाए, तो अप्रैल 2026 में महिंद्रा की कुल ट्रैक्टर बिक्री 48,411 यूनिट रही. पिछले साल इसी अवधि में कंपनी ने 40,054 ट्रैक्टर बेचे थे.

इस दौरान 2,007 ट्रैक्टर का निर्यात भी किया गया, जो साल-दर-साल 30% की बढ़त को दिखाता है.

नवरात्रि न होने के बावजूद मजबूत प्रदर्शन

महिंद्रा एंड महिंद्रा के फार्म इक्विपमेंट बिजनेस के प्रेसिडेंट विजय नाकरा ने कहा कि “अप्रैल 2026 में हमने घरेलू बाजार में 46,404 ट्रैक्टर बेचे हैं, जो पिछले साल के मुकाबले 20% ज्यादा है. यह प्रदर्शन इसलिए भी खास है क्योंकि इस साल अप्रैल में चैत्र नवरात्रि शामिल नहीं थी, जबकि पिछले साल अप्रैल में नवरात्रि के सात दिन थे.”
उन्होंने आगे कहा कि निर्यात बाजारों में भी कंपनी ने अच्छा प्रदर्शन किया और वहां 2,007 ट्रैक्टर बेचे, जो पिछले साल से 30% अधिक है.

ग्रामीण मांग में मजबूती का संकेत

महिंद्रा का कहना है कि ट्रैक्टर बिक्री में यह बढ़ोतरी ग्रामीण मांग की मजबूती को दर्शाती है. खेती-किसानी से जुड़े उपकरणों की अच्छी मांग से कंपनी के फार्म इक्विपमेंट बिजनेस को बड़ा सहारा मिला है.

ऑटो सेक्टर में भी दिखा अच्छा प्रदर्शन

महिंद्रा के ऑटो डिवीजन में भी अप्रैल 2026 के दौरान अच्छी बढ़त देखने को मिली. SUV की 56,331 यूनिट घरेलू बिक्री हुई, जिससे कंपनी की कुल परफॉर्मेंस को मजबूती मिली. कमर्शियल व्हीकल (CV) की बिक्री में 7% की बढ़त दर्ज हुई और यह 23,427 यूनिट रही. थ्री-व्हीलर सेगमेंट में जबरदस्त उछाल देखने को मिला और बिक्री 81% बढ़कर 9,899 यूनिट पहुंच गई. निर्यात के मोर्चे पर भी कंपनी ने 47% की वृद्धि दर्ज की और 4,970 यूनिट एक्सपोर्ट की गईं.

कुल मिलाकर, अप्रैल 2026 महिंद्रा के लिए मजबूत प्रदर्शन वाला महीना साबित हुआ, जिसमें ट्रैक्टर बिक्री ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती का साफ संकेत दिया.

MORE NEWS

Read more!