Mahindra Rotavator: महिंद्रा ने किसानों के फीडबैक पर पेश की नई रोटावेटर सीरीज, मिलेंगे ये फीचर्स

Mahindra Rotavator: महिंद्रा ने किसानों के फीडबैक पर पेश की नई रोटावेटर सीरीज, मिलेंगे ये फीचर्स

महिंद्रा ने किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखकर नई रोटावेटर सीरीज लॉन्च की है. बोल्ड लुक, मज़बूत मास्ट डिज़ाइन और भारी जुताई के लिए तैयार यह रेंज 4 से 9 फुट में उपलब्ध होगी. सीमित संस्करण और इंटेलिजेंट टेक्नोलॉजी ने इसे और खास बना दिया है.

Mahindra New Rotavator Series LaunchedMahindra New Rotavator Series Launched
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Feb 28, 2026,
  • Updated Feb 28, 2026, 12:53 PM IST

देश की अग्रणी ट्रैक्टर और कृषि मशीनरी कंपनियों में शामिल महि‍ंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड (Mahindra & Mahindra Limited) ने अपनी नई महिंद्रा रोटावेटर सीरीज लॉन्च करने की घोषणा की है. कंपनी ने यह सीरीज बदलती खेती और प्रगतिशील किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की है, जिसमें परफॉरमेंस के साथ-साथ डिजाइन पर भी खास फोकस किया गया है. नई रोटावेटर सीरीज को चौड़े मास्ट डिजाइन और बोल्ड लुक के साथ पेश किया गया है. यह रेंज भारी-भरकम जुताई के लिए तैयार की गई है और महावेटर और महावेटर एचडी कैटेगरी में 4 से 9 फुट तक के विकल्पों में उपलब्ध होगी. 

किसानों के फीडबैक पर कंपनी ने तैयार की नई सीरीज

कंपनी ने कहा कि नया डिजाइन न सिर्फ मजबूती बढ़ाता है, बल्कि खेतों में मशीन की स्थिरता और हैंडलिंग को भी बेहतर बनाता है. बाजार विश्लेषण और किसानों से मिली फीडबैक के आधार पर तैयार यह नई सीरीज संरचनात्मक रूप से पहले से ज्‍यादा मजबूत और टिकाऊ है. ऊबड़-खाबड़ खेतों, कठोर मिट्टी और लंबे समय तक इस्तेमाल की परिस्थितियों में भी यह रोटावेटर बेहतर प्रदर्शन देने में सक्षम होगी. भारी जुताई के दौरान टूट-फूट को झेलने के लिए इसके फ्रेम और मुख्य हिस्सों को मजबूती दी गई है.

4 से 9 फुट की रेंज में मिलेंगे रोटावेटर

महिंद्रा फार्म इक्विपमेंट बिजनेस की उपाध्यक्ष और अंतरराष्ट्रीय परिचालन और व्यवसाय प्रमुख अनुषा कोथंदरमन (Anusha Kothanderman) ने कहा कि खेती की उत्पादकता बढ़ाने में मशीनीकरण की अहम भूमिका है और रोटावेटर खेत तैयार करने का एक जरूरी उपकरण है.

उन्होंने बताया कि नई डिजाइन वाली रोटावेटर सीरीज को इस सोच के साथ तैयार किया गया है कि किसान अपने उपकरण को सिर्फ रोजगार का साधन नहीं, बल्कि एक भरोसेमंद साथी के रूप में देखें. शुरुआती चरण में 4 से 9 फुट की रेंज में ये रोटावेटर महिंद्रा के बड़े डीलर नेटवर्क के जरिए अलग-अलग चरणों में उपलब्ध कराए जाएंगे.

मौजूदा मॉडल को रिप्‍लेस करेगी नई सीरीज

कंपनी ने साफ किया है कि नई डिजाइन वाली रोटावेटर रेंज मौजूदा मॉडलों की जगह लेगी, लेकिन ग्राहकों की अलग-अलग जरूरतों को देखते हुए मौजूदा लाइन-अप को भी जारी रखा जाएगा, ताकि किसानों को विकल्पों की पूरी रेंज मिलती रहे. 

इन रंगो में मिलेंगी नई मशीनें

देश के प्रति सम्मान के प्रतीक के रूप में महिंद्रा ने तिरंगे से प्रेरित रंगों में सीमित-संस्करण वाले रोटावेटर भी पेश किए हैं. मेटैलिक ऑरेंज, एवरेस्ट व्हाइट और मेटैलिक ग्रीन रंगों में उपलब्ध यह लिमिटेड एडिशन महावेटर एचडी, सुपरवेटर और जायरोवेटर जेडएलएक्स+ वेरिएंट में मिलेगा. कंपनी का कहना है कि यह संस्करण भारतीय किसान समुदाय की शक्ति और दृढ़ता को समर्पित है.

महिंद्रा का इंटेलिजेंट रोटावेटर लॉन्‍च

इसके साथ ही महिंद्रा ने ‘तेज-ई’ ब्रांड नाम से एक इंटेलिजेंट रोटावेटर भी पेश किया है. यह पेटेंटशुदा नवोन्मेष ब्लूटूथ तकनीक से लैस है, जिसके जरिए खेत से जुड़ा डेटा रियल-टाइम में मोबाइल एप्लिकेशन तक पहुंचाया जा सकता है. कंपनी ने कहा कि यह तकनीक पारंपरिक जुताई और आधुनिक सटीक खेती के बीच एक नया पुल बनाती है.

महिंद्रा देश के प्रमुख रोटावेटर विनिर्माताओं में शामिल है. कंपनी की रोटावेटर रेंज को वैश्विक मानकों के अनुरूप डिजाइन और टेस्ट किया जाता है. भारत में बने ये रोटावेटर पंजाब के नाभा और तेलंगाना के जहीराबाद स्थित मैन्‍यू‍फैक्‍चरिंग यूनिट्स में तैयार किए जाते हैं, जहां अलग-अलग कृषि परिस्थितियों को ध्यान में रखकर उत्पादन किया जाता है. खेती के लिए नई तकनीक और भरोसेमंद मशीनरी के जरिए किसानों की उत्पादकता और टिकाऊ खेती को बढ़ावा देना कंपनी की दीर्घकालिक रणनीति का अहम हिस्सा है.

MORE NEWS

Read more!