बदलते दौर में खेती का नया मंत्र, फसल चक्रण से किसानों को मिलेगा डबल मुनाफा

बदलते दौर में खेती का नया मंत्र, फसल चक्रण से किसानों को मिलेगा डबल मुनाफा

“फसल चक्रण” (Crop Rotation) एक ऐसा स्मार्ट तरीका बनकर सामने आया है, जो बिना अधिक खर्च के खेती को ज्यादा फायदेमंद बना सकता है. ऐसे में आइए जानते हैं उन 8 आसान तरीकों को जिनसे फसल चक्रण किसानों की किस्मत बदल सकता है.

फसल चक्रणफसल चक्रण
संदीप कुमार
  • Noida,
  • Apr 30, 2026,
  • Updated Apr 30, 2026, 4:11 PM IST

खेती के बदलते दौर में अब सिर्फ मेहनत ही नहीं, बल्कि समझदारी भी बेहद जरूरी हो गई है. मौसम की मार, कमजोर होती मिट्टी और बढ़ती लागत ने किसानों के सामने कई चुनौती खड़ी कर दी है. ऐसे में “फसल चक्रण” (Crop Rotation) एक ऐसा स्मार्ट तरीका बनकर सामने आया है, जो बिना अधिक खर्च के खेती को ज्यादा फायदेमंद बना सकता है. दरअसल, बिहार सरकार के कृषि विभाग की मानें तो अगर किसान हर सीजन में एक ही फसल उगाने के बजाय अलग-अलग फसलों की खेती करें, तो मिट्टी की सेहत सुधरती है, कीट-रोग कम होते हैं और पैदावार के साथ मुनाफा भी बढ़ता है, यानी एक छोटा सा बदलाव और खेती में बड़ा फायदा! ऐसे में आइए जानते हैं उन 8 आसान तरीकों को जिनसे फसल चक्रण किसानों की किस्मत बदल सकता है.

1. मिट्टी की बढ़ती है उर्वरता 

फसल चक्रण अपनाने से सबसे बड़ा फायदा मिट्टी को होता है. लगातार एक ही फसल लेने से मिट्टी के कुछ खास पोषक तत्व खत्म हो जाते हैं, लेकिन फसल बदलने से मिट्टी को अलग-अलग पोषक तत्व मिलते रहते हैं, जिससे उसकी उर्वरता बनी रहती है. यही वजह है कि लंबे समय तक खेत की उत्पादकता बनी रहती है.

2. कीट और रोगों से राहत

कीट और रोगों पर भी फसल चक्रण का बड़ा असर पड़ता है. एक ही फसल बार-बार उगाने से उस फसल से जुड़े कीट और बीमारियां बढ़ जाती हैं, लेकिन फसल बदलने से उनका चक्र टूट जाता है और खेत में उनका प्रकोप कम हो जाता है. यानी कम दवा, कम खर्च में ज्यादा सुरक्षित फसल ले सकते हैं.

3. मिट्टी का कटाव रोकने में कारगर

मिट्टी के कटाव और पोषक तत्वों के बहाव (लीचिंग) को रोकने में भी फसल चक्रण मददगार है. अलग-अलग जड़ों वाली फसलें मिट्टी को मजबूती देती हैं, जिससे बारिश या हवा से मिट्टी का नुकसान कम होता है. साथ ही, यह पानी को बेहतर तरीके से सोखने और रोकने में भी मदद करता है.

4. उत्पादन लागत में आएगी कमी

फसल चक्रण से मजदूरों का भी सही इस्तेमाल होता है. अलग-अलग समय पर अलग फसलें होने से काम का दबाव एक साथ नहीं आता और मजदूरों का बेहतर उपयोग हो पाता है. साथ ही, यह किसानों की घरेलू जरूरतों को भी पूरा करता है, क्योंकि उन्हें एक ही खेत से कई तरह की फसलें मिल जाती हैं.

5. घरेलू जरूरतें होती हैं पूरी 

फसल चक्रण से एक ही खेत में अलग-अलग फसलें उगाई जा सकती हैं, जिससे किसानों को घर के लिए अनाज, सब्जियां और पशुओं के लिए चारा आसानी से मिल जाता है. इससे बाजार पर निर्भरता कम होती है, खर्च घटता है और ताजा, पोषक भोजन मिलता है. साथ ही, एक फसल खराब होने पर दूसरी फसल से जरूरतें पूरी होती रहती हैं.

6. मजदूर और पशुओं का सही उपयोग

फसल चक्रण अपनाने से अलग-अलग समय पर अलग फसलें तैयार होती हैं, जिससे खेत में काम एक साथ नहीं आता. इससे बुवाई, सिंचाई और कटाई जैसे कामों को समय के अनुसार आसानी से बांटा जा सकता है. नतीजा यह होता है कि मजदूरों पर अचानक ज्यादा दबाव नहीं पड़ता और उनका सही उपयोग हो पाता है. साथ ही, बैल या अन्य पशुओं का भी बेहतर तरीके से इस्तेमाल होता है, जिससे काम सुचारू रूप से चलता है.

7. पैदावार में होगी बढ़ोतरी

फसल चक्रण अपनाने से मिट्टी की सेहत लगातार बेहतर बनी रहती है, क्योंकि अलग-अलग फसलें मिट्टी से अलग तरह के पोषक तत्व मिलता है. इससे मिट्टी कमजोर नहीं पड़ती और पौधों को संतुलित पोषण मिलता है. नतीजतन फसल की बढ़वार अच्छी होती है, पैदावार बढ़ती है और उत्पादन की क्वालिटी भी बेहतर मिलती है, जिससे किसानों को बाजार में अच्छा दाम मिलने की संभावना बढ़ जाती है.

8. मिट्टी की बनी रहती है क्वालिटी

फसल चक्रण अपनाने से मिट्टी की क्वालिटी लंबे समय तक अच्छी बनी रहती है. यह खेती को टिकाऊ बनाने में मदद करता है, जिससे जमीन की उर्वरता बनी रहती है और वह जल्दी खराब नहीं होती. समय के साथ भी मिट्टी में पोषक तत्वों की कमी नहीं आती, जिसके कारण आने वाले कई सालों तक खेत से अच्छी और स्थिर पैदावार मिलती रहती है. 

MORE NEWS

Read more!