
मध्यप्रदेश में खेती-किसानी का स्वरूप तेजी से बदल रहा है. अब किसान केवल पारंपरिक फसलों के उत्पादन तक सीमित नहीं रहना चाहते, बल्कि कृषि से जुड़े दूसरे व्यवसायों को अपनाकर अपनी आमदनी बढ़ा रहे हैं.प्रदेश में कृषि उद्यमिता का रुझान लगातार बढ़ रहा है. कोई किसान पशुपालन और डेयरी व्यवसाय से जुड़ रहा है, तो कोई मत्स्य पालन, मधुमक्खी पालन, मशरूम उत्पादन, खाद्य प्रसंस्करण और आधुनिक उद्यानिकी के जरिए अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रहा है.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लगातार किसानों को खेती के साथ पशुपालन, मत्स्य पालन, खाद्य प्रसंस्करण और उद्यानिकी जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं.उनका मानना है कि खेती से जुड़े विविध व्यवसाय किसानों की आय के नए स्रोत तैयार कर सकते हैं. बलराम कृषि महोत्सव के दौरान प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए प्रगतिशील किसानों ने अपने नवाचारों और सफलता की कहानियों से बताया कि किस तरह खेती को एक लाभकारी उद्यम बनाया जा सकता है.
टीकमगढ़ जिले के अनंतपुरा गांव के किसान विष्णु शर्मा सब्जी उत्पादन और पॉलीहाउस निर्माण के साथ गौशाला का संचालन भी कर रहे हैं. वहीं बालचंद अहिरवार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रहे हैं. उनके प्रयासों से करीब 250 किसान प्राकृतिक खेती से जुड़ चुके हैं.
किसान जगदीश अहिरवार लगभग 15 एकड़ क्षेत्र में फूलों और विभिन्न उद्यानिकी फसलों का उत्पादन कर रहे हैं.वे स्ट्रॉबेरी, तरबूज, नींबू और अमरूद की खेती कर रहे हैं. उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन से शुरू किए गए इस काम से करीब दो दर्जन लोगों को रोजगार मिल रहा है. इसके साथ ही वे 15 गायों का पालन कर दुग्ध उत्पादन से भी आमदनी प्राप्त कर रहे हैं.
किसान रमेश यादव वर्ष 2005 से बीज उत्पादन के क्षेत्र में काम कर रहे हैं और अब करीब 3 लाख क्विंटल बीज उत्पादन की क्षमता विकसित कर चुके हैं.वहीं सुनीता बुंदेला ने मधुमक्खी पालन को व्यवसाय बनाया है.वर्तमान में उनके पांच केंद्र संचालित हो रहे हैं. इस काम से उन्हें अच्छा आर्थिक लाभ मिल रहा है.
सतना जिले के सोहावल गांव के किसान शांतिनारायण पांडे ने मिल्क प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित कर दुग्ध व्यवसाय को नई दिशा दी है.मुख्यमंत्री की अपील से प्रेरित होकर उन्होंने पारंपरिक खेती के साथ पशुपालन और दूध प्रसंस्करण का काम शुरू किया.इसी तरह ग्राम झरी मझगांव के किसान अनिल उपाध्याय जैविक खेती के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. उनके प्रयास बताते हैं कि खेती में प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर उपयोग करके भी लाभकारी मॉडल तैयार किया जा सकता है.
देवास जिले के छोटी चुरलाय गांव के किसान धर्मेंद्र सिंह राजपूत प्राकृतिक और आधुनिक खेती का समन्वय कर मॉडल फार्मिंग कर रहे हैं. इससे उन्हें अच्छी आमदनी हो रही है.कनोरिया गांव की पवित्रा नागर ने प्राकृतिक खेती को अपनाया है. वहीं सोनकच्छ के अरनिया कला गांव के नारायण सिंह सेंधव शेडनेट और पॉलीहाउस के माध्यम से उद्यानिकी फसलों का बेहतर प्रबंधन कर रहे हैं.
कटनी जिले में किसान नरवाई प्रबंधन के लिए हैप्पी सीडर और सुपर सीडर जैसे आधुनिक कृषि यंत्रों का उपयोग कर रहे हैं. किसान गोविंद पटेल के अनुसार, इन मशीनों से खेतों में नरवाई प्रबंधन आसान और प्रभावी हो रहा है.
शासन की ओर से भी किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र खरीदने के लिए सहायता दी जा रही है.उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पात्र किसानों को 1 लाख 90 हजार रुपये तक के नवीन कृषि यंत्रों पर 90 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है.
किसान अंकित नवानी ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) का लाभ लेकर काजू प्रसंस्करण का व्यवसाय शुरू किया. उन्हें इसके लिए 10 लाख रुपये की सब्सिडी मिली. अब वे काजू की ग्रेडिंग, कटिंग और बिक्री के कारोबार से अच्छा मुनाफा कमा रहे हैं.
वहीं उन्नतशील किसान रामरूप पटेल आठ एकड़ जमीन में मिर्च, बैंगन, धान, गेहूं और बागवानी फसलों की खेती कर रहे हैं. वे विविध फसलों के माध्यम से खेती को अधिक लाभकारी बना रहे हैं.
बालाघाट जिले के पांडेवाड़ा गांव के किसान वेदराम राहंगडाले मछली पालन का व्यवसाय कर रहे हैं. इस कारोबार के माध्यम से वे करीब 30 लोगों को रोजगार उपलब्ध करा रहे हैं.लांजी तहसील के अमेड़ा गांव के किसान मुकेश नेवारे धान की खेती के साथ सब्जी उत्पादन, मत्स्य पालन और उद्यानिकी से जुड़े हैं. अब उन्होंने मशरूम उत्पादन भी शुरू कर दिया है.
कोहकाडीबर गांव की मंजू नगपुरे आत्मा परियोजना और आजीविका मिशन से जुड़कर ड्रोन दीदी के रूप में काम कर रही हैं.इस काम से उन्हें करीब सवा लाख रुपये की आय हो रही है.वहीं बगड़मारा गांव के किसान जियालाल राहंगडाले प्राकृतिक खेती और कृषि के नए तरीकों को अपनाकर आगे बढ़ रहे हैं.
गुदमा गांव के किसान गुलाब चौधरी 30 एकड़ में गेहूं की खेती कर करीब 425 क्विंटल उत्पादन प्राप्त कर रहे हैं.
रतलाम के किसान दिलीप पाटीदार ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना का लाभ लेकर घी बनाने का व्यवसाय शुरू किया. वे पारंपरिक बिलोना पद्धति से घी तैयार करते हैं. उनके उत्पाद की मांग अब अमेरिका और श्रीलंका तक पहुंच गई है.किसान कन्हैयालाल पाटीदार कम शुगर वाली वीएनआर पिंक और रेड डायमंड किस्म के अमरूद का उत्पादन कर रहे हैं.उनके अमरूद दिल्ली, मुंबई और असम तक भेजे जा रहे हैं.वहीं रेखा व्यास जैविक उर्वरक के लिए रिसर्च सेंटर संचालित कर रही हैं. उनका मानना है कि जैविक उर्वरक खेती का भविष्य हैं और इस क्षेत्र में निरंतर अनुसंधान की जरूरत है.
छतरपुर के प्रगतिशील किसान सलीम खान जैविक और प्राकृतिक खेती के साथ औषधीय फसलों का उत्पादन कर रहे हैं.
समैया गांव की हब्बी बाई कोदो, कुटकी, रागी, बाजरा और ज्वार जैसी मोटे अनाज की फसलों का उत्पादन कर रही हैं. खास बात यह है कि वे इनकी प्रोसेसिंग और मूल्य संवर्धन करके बाजार में बेचती हैं.इससे उन्हें अपने उत्पादों का बेहतर मूल्य मिल रहा है.हटाना गांव के किसान अनिल यादव ने कस्टम हायरिंग सेंटर स्थापित किया है.उनके केंद्र में एक ट्रैक्टर और छह प्रमुख कृषि यंत्र उपलब्ध हैं, जिनका लाभ दूसरे किसान भी उठा रहे हैं. इस व्यवसाय से उन्हें सालाना करीब 5.50 लाख रुपये का मुनाफा हुआ है.
विदिशा की ड्रोन दीदी प्रभा वर्मा ने कृषि क्षेत्र में तकनीक और महिला सशक्तिकरण की मिसाल पेश की है. वे किसानों को ड्रोन से खेतों में कीटनाशक और अन्य दवाओं का छिड़काव करने की सुविधा दे रही हैं.
प्रभा वर्मा के अनुसार, वे अब तक खेतों में 1100 से अधिक स्प्रे कर चुकी हैं. एक स्प्रे के लिए वे 300 रुपये सर्विस चार्ज लेती हैं. इस काम से उनकी कुल कमाई 3 लाख रुपये से अधिक हो चुकी है और वे लखपति दीदी बन गई हैं.
प्रदेश के अलग-अलग जिलों के किसानों की ये सफलता की कहानियां बताती हैं कि अब खेती का दायरा तेजी से बढ़ रहा है. किसान पारंपरिक फसलों के साथ नए व्यवसाय अपना रहे हैं. इससे न केवल उनकी आमदनी के स्रोत बढ़ रहे हैं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी तैयार हो रहे हैं.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बलराम कृषि महोत्सव में किसानों के नवाचारों की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया. उन्होंने कहा कि किसानों में हौसलों की कमी नहीं होनी चाहिए.सरकार हर संभव सहयोग देने के लिए तैयार है.कृषि उद्यमिता, आधुनिक तकनीक, प्राकृतिक खेती और खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में किसानों की बढ़ती भागीदारी मध्यप्रदेश में कृषि को परंपरागत व्यवसाय से आगे बढ़ाकर रोजगार और स्वरोजगार का मजबूत माध्यम बना रही है.