
राष्ट्रीय लोकदल ने गन्ने का बकाया और गन्ने मूल्य की वृद्धि को लेकर लखनऊ में प्रदर्शन किया. साथ ही पुलिस भर्ती में आयु की छूट की भी सरकार से मांग की. वहीं, आरएलडी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल दुबे ने बताया कि उत्तर उत्तर प्रदेश में चीनी मिलों को चलते हुए दो महीने हो गए हैं, लेकिन इसके बावजूद भी सरकार ने गन्ने का मूल्य अभी तक घोषित नहीं किया है. आरएलडी प्रवक्ता ने कहा कि उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है. वहां गन्ने का मूल्य 400 रुपए प्रीति क्विंटल है. वहीं, हरियाणा में भी बीजेपी की सरकार है, जहां किसानों से 395 रुपए क्विंटल की दर से गन्ना खरीदा जा रहा है. लेकिन उत्तर प्रदेश में सरकार गन्ने का मूल्य नहीं बढ़ा रही है.
अनिल दुबे ने कहा कि जबकि सरकार ने अपने घोषणा पत्र में कहा था कि किसानों को लागत का डेढ़ गुना मूल्य दिया जाएगा और किसानों की आमदनी भी दोगुनी कर दी जाएगी. लेकिन सरकार ने ऐसा कुछ भी नहीं किया. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने किसानों की चिंता को देखते हुए सरकार को चेताया था कि अगर 23 दिसंबर तक गन्ना मूल्य में वृद्धि नहीं की गई तो आरएलडी धरना- प्रदर्शन करेगी और मुख्यमंत्री को ज्ञापन देगी. इसी के चलते आज राष्ट्रीय लोकदल ने प्रदर्शन किया.
ये भी पढ़ें- क्या घने कोहरे से आंखों में होती है जलन? जानें इन राज्यों में अगले 4 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम का हाल
प्रवक्ता अनिल दुबे ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान आरएलडी के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोकने का प्रयास किया. लेकिन काफी देर तल चले संघर्ष के बाद पुलिस ने हमसे ज्ञापन ले लिया और आश्वाशन दिया कि हमारी बात मुख्यमंत्री तक पहुंचाई जाएगी. अनिल दुबे ने किसान तक को जानकारी सांझा करते हुए बताया कि आरएलडी ने अपने ज्ञापन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की है कि उत्तर प्रदेश में गन्ने का मूल्य 450 रुपये प्रति क्विंटल की जाए. साथ ही किसानों का जो भी मीलों पर बकाया है उसका भुगतान ब्याज सहित किया जाए. इसके अलावा आलू का समर्थन मूल्य भी घोषित किया जाए.
वहीं, पुलिस भर्ती को लेकर भी आरएलडी प्रवक्ता ने सरकार को घेरा और कहा कि पुलिस भर्ती में आयु सीमा में छूट दी जाए, क्योंकि कोरोना कल में जो पुलिस भर्ती होनी थी वह टल गई थी. लेकिन अब सभी अभ्यर्थियों की आयु सीमा बढ़ गई है. वह ओवर ऐज हो गए हैं. ऐसे में अभ्यर्थियों का ध्यान रखते हुए आयु सीमा में पुलिस अभ्यर्थियों को छूट दी जाए. अगर सरकार हमारी मांगों को पूरा नहीं करती है तो आने वाले समय में हम बड़े स्तर पर एक बड़ा प्रदर्शन करेंगे.(सत्यम मिश्रा की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें- अब लू का गेहूं पर नहीं पड़ेगा असर, 60 प्रतिशत रकबे में किसानों ने की गर्मी प्रतिरोधी किस्मों की बुवाई, ये रहे आंकड़े