
बिहार में हाल ही में हुई तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. कई जिलों में फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है. इस स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को तुरंत सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि नुकसान का सही आकलन किया जा सके और प्रभावित किसानों को जल्द राहत मिल सके. पिछले कुछ दिनों से राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हो रही है इस खराब मौसम से न सिर्फ फसलें और संपत्ति प्रभावित हुई हैं, बल्कि पांच लोगों की जान भी चली गई है. सरकार ने अधिकारियों से कहा है कि वे तेजी से काम कर किसानों तक मदद पहुंचाना सुनिश्चित करें.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि कृषि विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग को निर्देश जारी किए गए हैं कि वे राज्य के कई जिलों में अचानक चली तेज़ हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि से फसलों और पेड़ों पर लगे फलों को हुए नुकसान का सर्वे करें, ताकि प्रभावित किसानों को उचित राहत दी जा सके.
बिहार मौसम सेवा केंद्र द्वारा शनिवार को भी राज्य के 25 जिलों के लिए आंधी-तूफान और बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है. इन जिलों में पटना, गया, नालंदा, नवादा, जहानाबाद, अरवल, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, जमुई, कटिहार, बांका और भागलपुर शामिल हैं. विशेष रूप से बांका और भागलपुर में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. राजधानी पटना में आज दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने व गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की पूरी संभावना है.
वहीं, शुक्रवार को भी राज्य में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई. शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों में, गोपालगंज जिले के विजयपुर ब्लॉक में 101.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. गोपालगंज और सिवान के सिसवन में 101 मिलीमीटर, गोपालगंज के कटेया में 87.3 मिलीमीटर, पंचदेवरी में 82.2 मिलीमीटर, सिवान के मैरवा में 75.5 मिलीमीटर और पटना के पुनपुन में 68 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. (PTI)