Wheat Procurement: इन बैंक खातों में नहीं आएगा गेहूं खरीदी का पैसा, रजिस्‍ट्रेशन से पहले पढ़ें ले ये जानकारी

Wheat Procurement: इन बैंक खातों में नहीं आएगा गेहूं खरीदी का पैसा, रजिस्‍ट्रेशन से पहले पढ़ें ले ये जानकारी

7 फरवरी से गेहूं MSP खरीद के लिए किसानों का पंजीयन शुरू हो रहा है. इस बार प्रक्रिया और आसान बनाई गई है, लेकिन बैंक खाते की एक छोटी सी गलती भुगतान रोक सकती है. जानिए किन खातों में भुगतान का पैसा आएगा और किन में नहीं...

Wheat Procurement Registration MPWheat Procurement Registration MP
प्रतीक जैन
  • Noida,
  • Feb 04, 2026,
  • Updated Feb 04, 2026, 4:16 PM IST

मध्‍य प्रदेश में रबी मार्केटिंग वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने की तैयारी कर रहे किसानों के लिए बड़ी खबर है. राज्य में 7 फरवरी से गेहूं खरीदी (उपार्जन) के लिए किसान के पंजीयन (रजिस्‍ट्रेशन) शुरू होने जा रहे हैं. यह पंजीयन 7 फरवरी से 7 मार्च तक होंगे. खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने किसानों से समय रहते पंजीयन कराने की अपील की है. सरकार ने इस बार पंजीयन प्रक्रिया को पहले से अधिक आसान बनाया है, लेकिन साथ ही बैंक खाते से जुड़ी शर्तों पर खास ध्यान देने की बात कही है, क्‍योंकि समर्थन मूल्य पर बेची गई फसल का भुगतान सीधे किसान के आधार-लिंक बैंक खाते में किया जाएगा.

MSP और पंजीयन केंद्र से जुड़ी जानकारी

केंद्र सरकार ने रबी वर्ष 2026-27 के लिए गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है, जो पिछले साल के मुकाबले 160 रुपये ज्यादा है. प्रदेशभर में कुल 3186 पंजीयन केंद्र बनाए गए हैं, जहां किसान अपना रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे. 

हालांकि, राज्‍य सरकार के पूर्व के एक बयान के मुताबिक, प्रदेश में इस बार भी किसानों को 2600 रुपये प्रति क्विंटल भाव मिलेगा. इसमें 2585 रुपये एमएसपी और 15 रुपये बोनस शामिल रहेगा. 

मालूम हो कि‍ पिछले साल राज्‍य में किसानों को 2425 रुपये एमएसपी के 175 रुपये प्रति क्विंटल बोनस के साथ 2600 रुपये का भाव दिया था. 

असली टेस्ट- बैंक खाते से कटेगा 1 रुपया

पंजीयन के दौरान किसान के आधार से जुड़े बैंक खाते का सत्यापन किया जाएगा. इसके लिए मध्यप्रदेश राज्य आपूर्ति निगम की ई-उपार्जन या JIT पोर्टल के जरिए खाते से 1 रुपये का ट्रांजेक्शन किया जाएगा. अगर यह ट्रांजेक्शन सफल नहीं हुआ तो भुगतान प्रक्रिया में दिक्कत आ सकती है. इसलिए पंजीयन से पहले यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि बैंक खाता सक्रिय हो और आधार से लिंक हो.

किन खातों से होगा भुगतान और किन में नहीं?

राज्‍य सरकार ने कहा है कि भुगतान प्राथमिकता के आधार पर आधार-लिंक बैंक खाते में किया जाएगा. अगर किसी कारण से इसमें समस्या आती है तो पंजीयन के समय दिए गए दूसरे बैंक खाते में राशि भेजी जा सकती है. हालांकि, कुछ बैंक खाते मान्य नहीं होंगे. इनमें अक्रियाशील (Inactive) खाते, संयुक्त खाते (Joint Account) और फिनो, एयरटेल, पेटीएम जैसे पेमेंट बैंक खाते शामिल हैं.

पंजीयन के लिए क्या देना होगा

किसान को भूमि से जुड़े दस्तावेज, आधार कार्ड और अन्य फोटो पहचान पत्र देना अनिवार्य होगा. साथ ही बैंक का नाम, खाता नंबर और IFSC कोड सही-सही भरना होगा. आधार नंबर का वेरिफिकेशन OTP या बायोमेट्रिक से किया जाएगा. भू-अभिलेख में दर्ज नाम और आधार कार्ड के नाम का मिलान भी जरूरी है.

फ्री में और फीस के साथ पंजीयन की व्यवस्था

ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत, तहसील कार्यालय और सहकारी समितियों में पंजीयन पूरी तरह मुफ्त होगा. वहीं, MP ऑनलाइन, कॉमन सर्विस सेंटर और साइबर कैफे पर पंजीयन के लिए अधिकतम 50 रुपये तक शुल्क लिया जा सकेगा.

किसानों को SMS से मिलेगी जानकारी

पिछले रबी और खरीफ सीजन में जिन किसानों के मोबाइल नंबर उपलब्ध हैं, उन्हें SMS के जरिए सूचना भेजी जाएगी. गांवों में डोंडी (ढिंढोरा) पिटवाकर, पंचायत सूचना पटल और मंडी स्तर पर बैनर लगाकर भी जानकारी दी जाएगी.

MORE NEWS

Read more!